चंडीगढ़ स्थित पंजाब यूनिवर्सिटी में बारिश के दौरान करंट लगने से पीएचडी स्कॉलर ज्योति की मौत हो गई थी। आज सेक्टर-16 अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम किया जाएगा। पोस्टमार्टम को लेकर पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन और परिजनों के बीच कई दौर की बातचीत हुई। मंगलवार देर रात दोनों पक्षों के बीच सहमति बनने के बाद परिजनों ने पोस्टमार्टम के लिए अपनी अनुमति दे दी। वहीं, पुलिस ने सेक्टर-16 अस्पताल को पत्र लिखकर डॉक्टरों का पैनल गठित करने को कहा है, जो ज्योति का पोस्टमार्टम करेगा। पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन और मृतका ज्योति के परिजनों के बीच हुई बैठक के बाद फैसला लिया गया कि यूनिवर्सिटी प्रशासन ज्योति के भाई को नौकरी देगा। इसके अलावा परिवार को 16 लाख रुपए की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसमें 5 लाख रुपए वाइस चांसलर फंड से और 11 लाख रुपए डीन स्टूडेंट वेलफेयर ऑफिस की ओर से दिए जाएंगे। आईटीआई कर रहा है मृतका का भाई मृतका ज्योति के भाई ने 12वीं कक्षा पास कर ली है और वर्तमान में आईटीआई (इलेक्ट्रिकल) की पढ़ाई कर रहा है। यूनिवर्सिटी प्रशासन की ओर से उसे जो पद दिया जाएगा, उसमें 19,900 रुपए + 4,000 रुपए ग्रेड पे का वेतन निर्धारित किया गया है। इसके अलावा उसे अन्य भत्ते भी मिलेंगे। यहां देखें पीयू प्रशासन का ऑफर लेटर… यह था मामला पंजाब यूनिवर्सिटी के गर्ल्स हॉस्टल नंबर-8 से ज्योति साउथ कैंपस की ओर जा रही थी। उस समय वह अपनी मां से फोन पर बात कर रही थी। बारिश के कारण परिसर में पानी भरा हुआ था। इसी दौरान बिजली के एक खंभे से करंट फैल गया, जिसकी चपेट में आने से ज्योति गंभीर रूप से घायल हो गई। उसे तुरंत सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे दिन पंजाब यूनिवर्सिटी में ज्योति को न्याय दिलाने की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन चलता रहा।
Source link
