चंडीगढ़ के सरकारी स्कूलों में 11वीं कक्षा में दाखिले के लिए आवेदन करने वाले विद्यार्थियों को शिक्षा विभाग ने बड़ी राहत दी है। विभाग ने ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर अब 27 जून शाम 5 बजे तक कर दी है। पहले आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 जून थी। शिक्षा विभाग के अनुसार 25 जून को आवेदन की अंतिम तिथि होने के कारण पोर्टल पर एक साथ बड़ी संख्या में विद्यार्थी लॉग इन कर रहे थे। अधिक लोड होने से सर्वर में तकनीकी समस्या आ गई, जिससे कई विद्यार्थी अपना आवेदन पूरा नहीं कर सके। इसके बाद विद्यार्थियों और अभिभावकों की ओर से लगातार शिकायतें मिलने पर विभाग ने आवेदन की अंतिम तिथि दो दिन बढ़ाने का फैसला लिया। अधूरे आवेदन भी अब कर सकेंगे पूरे विभाग ने बताया कि जिन विद्यार्थियों का आवेदन तकनीकी कारणों से अधूरा रह गया था या जो आवेदन ही नहीं कर पाए थे, वे अब 27 जून शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। विभाग ने सभी विद्यार्थियों से अपील की है कि अंतिम समय का इंतजार न करें और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें। हजारों सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन शहर के सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में 11वीं कक्षा की हजारों सीटों पर दाखिले के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया जारी है। आवेदन की तिथि बढ़ने से उन विद्यार्थियों को राहत मिलेगी, जो सर्वर की समस्या के कारण समय पर आवेदन नहीं कर पाए थे। 27 जून के बाद नहीं मिलेगा मौका शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि 27 जून शाम 5 बजे के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा। इसलिए सभी अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे समय रहते अपने जरूरी दस्तावेज अपलोड कर आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें, ताकि प्रवेश के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।
Source link
