![]()
चंडीगढ़ में 50 वर्षीय महिला छाया की मौत के बाद मामला गर्मा गया है। मृतका के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि छाया की मौत स्वाभाविक नहीं, बल्कि मारपीट के कारण हुई है। इसको लेकर अस्पताल में हंगामा भी हुआ और परिजनों ने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। परिजनों ने मांग की है कि मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए डॉक्टरों के पैनल द्वारा मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया जाए। रात को कबाड़ उठाने निकली थी छाया
मृतका के रिश्तेदार के ताया पन्नू के अनुसार, छाया बापूधाम कॉलोनी में रहती थी। उसके तीन बेटियां और एक बेटा है। वह रोजाना अपनी सहेलियों आशा और रीना के साथ रात में शहर के अलग-अलग सेक्टरों में कबाड़ उठाने जाती थी। बताया गया कि घटना वाली रात भी करीब 2 बजे तीनों महिलाएं रेहड़ी लेकर निकली थीं। जैसे ही वे सेक्टर-18 चौक के पास पहुंचीं, वहां मौजूद पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोक लिया। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को देखकर आशा और रीना वहां से भाग गईं, लेकिन छाया को पकड़ लिया गया और उसके साथ मारपीट की गई। सुबह तक घर नहीं लौटी, अस्पताल में मिली मौत की खबर
परिजनों के मुताबिक, सुबह तक जब छाया घर नहीं लौटी तो उन्हें चिंता हुई। तलाश करने के बाद वे पुलिस स्टेशन सेक्टर-19 पहुंचे, जहां पुलिस ने बताया कि उसे सेक्टर-16 अस्पताल ले जाया गया है। मृतका की बेटी तनु जब सेक्टर-16 अस्पताल पहुंची, तो उसे बताया गया कि उसकी मां की मौत हो चुकी है। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की बड़ी संख्या अस्पताल में जमा हो गई और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। पुलिस पर मारपीट का आरोप
परिजनों का आरोप है कि जिन पुलिसकर्मियों ने रात को छाया को रोका था, उन्होंने ही उसके साथ मारपीट की, जिसके कारण उसकी मौत हुई। उन्होंने दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई और निष्पक्ष जांच की मांग की है। साथ ही उन्होंने कहा कि मेडिकल बोर्ड बनाकर पोस्टमार्टम कराया जाए, ताकि मौत के असली कारण का पता चल सके। नहीं की पुलिस ने मारपीट
वहीं चंडीगढ़ पुलिस का कहना है कि कांस्टेबल सुनील कुमार से सूचना मिली थी कि कुछ महिलाएं और एक पुरुष सेक्टर-18 स्थित बिजली कार्यालय के पास रेहड़ी में चोरी का सामान (इलेक्ट्रिक केबल, आयरन कटर, स्क्रूड्राइवर) ले जा रहे हैं। इस पर डीडीआर दर्ज की गई। पुलिस के अनुसार, मौके पर पहुंचने पर सभी लोग भाग गए। एक महिला अपनी चप्पल लेने वापस आई, जिसे पुलिस ने रोका, लेकिन उसने अपना नाम-पता नहीं बताया। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने उसे तुरंत सेक्टर-16 स्थित अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। बाद में मृतका की बेटी काजल पुलिस स्टेशन पहुंची और बताया कि उसकी मां हाई ब्लड प्रेशर, शुगर और अस्थमा जैसी बीमारियों से पीड़ित थी और उसका इलाज पीजीआई चंडीगढ़ में चल रहा था। फिलहाल, मामले को लेकर जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के असली कारण का खुलासा हो सकेगा।
Source link
चंडीगढ़ में महिला की मौत पर हंगामा:परिजनों ने पुलिस पर लगाए मारपीट के आरोप, मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग







