spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

चंडीगढ़ में थाना से 50 कदम दूर 1.48 लाख चोरी:महिला गैंग ने दिया वारदात को अंजाम, वारदात CCTV में कैद, चादर-पानी की बोतल साथ लाई




चंडीगढ़ में महिला चोरों का एक संगठित गिरोह इन दिनों बंद दुकानों को निशाना बना रहा है। बुधवार तड़के सेक्टर-34 में महिला गैंग ने दो दुकानों में चोरी की वारदात को अंजाम दिया। खास बात यह रही कि दोनों दुकानें सेक्टर-34 थाना से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित हैं। गिरोह ने एक किराना स्टोर और एक कन्फेक्शनरी दुकान से करीब 1.48 लाख रुपए की नकदी पर हाथ साफ कर दिया। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई। सीसीटीवी फुटेज के अनुसार सुबह करीब चार बजे 6 से 7 महिलाओं का गिरोह सेक्टर-34 स्थित अराउंड द क्लॉक ग्रोसरी स्टोर के बाहर पहुंचा। सभी महिलाओं ने अपने चेहरे ढके हुए थे। एक दुबली-पतली महिला लोहे के औजार की मदद से शटर को इतना ऊपर उठाती है कि एक कम उम्र की युवती अंदर घुस सके। बाकी महिलाएं उसे छिपाने के लिए शटर के सामने बैठ जाती हैं। चादर और पानी की बोतल साथ लाई फुटेज में दिखाई दे रहा है कि महिलाएं अपने साथ चादर और पानी की बोतल भी लेकर आई थीं, ताकि किसी को उन पर शक न हो। दुकान के अंदर गई युवती कुछ ही मिनटों में गल्ले से नकदी निकालकर शटर के नीचे से बाहर निकल आती है। इसके बाद सभी महिलाएं मौके से चली जाती हैं। दुकान मालिक अजय शर्मा ने बताया कि मंगलवार रात दुकान बंद करते समय गल्ले में करीब 1.40 लाख रुपए रखे हुए थे। बुधवार सुबह स्टोर मैनेजर प्रेम कुमार दुकान पर पहुंचा तो नकदी गायब मिली। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। पास की कन्फेक्शनरी को भी बनाया निशाना महिला गिरोह यहीं नहीं रुका। कुछ दूरी पर स्थित पोलका कन्फेक्शनरी को भी उसी तरीके से निशाना बनाया गया। सीसीटीवी में वही महिलाएं दुकान के बाहर दिखाई दीं। शटर को ऊपर उठाकर एक युवती को अंदर भेजा गया, जिसने गल्ले में रखे करीब 8 हजार रुपए निकाल लिए। दुकान संचालक ने बताया कि सुबह दुकान पर पहुंचने पर शटर थोड़ा उठा हुआ दिखाई दिया। ताले और शटर सही हालत में थे, इसलिए पहले लगा कि किसी ने केवल चोरी का प्रयास किया होगा। लेकिन अंदर जाकर देखा तो गल्ले से नकदी गायब थी। पुलिस गश्त पर उठे सवाल दोनों वारदातों के बाद पुलिस गश्त को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि थाना के इतने करीब महिला गिरोह का पहुंचना, चोरी करना और फरार हो जाना चिंता का विषय है। उनका कहना है कि यदि थाना के आसपास ही इस तरह की घटनाएं हो सकती हैं तो अन्य बाजारों की सुरक्षा का अंदाजा लगाया जा सकता है। दोनों दुकानों में चोरी का तरीका एक जैसा रहा। न तो शटर काटा गया और न ही ताला तोड़ा गया। शटर को थोड़ा ऊपर उठाकर एक युवती को अंदर भेजा गया और कुछ ही मिनटों में नकदी निकाल ली गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है और महिला गिरोह की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles