![]()
भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा की कथित टिप्पणी को लेकर आम आदमी पार्टी ने विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पार्टी आज (शुक्रवार) भाजपा कार्यालय का घेराव करेगी। इसके लिए पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं और समर्थकों को सेक्टर-34 स्थित गुरुद्वारा साहिब के पास एकत्र होने के लिए कहा गया है। आम आदमी पार्टी का आरोप है कि भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी से पंजाबियों की भावनाएं आहत हुई हैं। पार्टी नेताओं का कहना है कि पंजाबियों के मान-सम्मान और स्वाभिमान पर किसी भी तरह की टिप्पणी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। मल्होत्रा ने दी सफाई विवाद बढ़ने के बाद भाजपा अध्यक्ष जितेंद्र पाल मल्होत्रा ने बयान पर खेद जताते हुए कहा कि उनके वक्तव्य को संदर्भ से हटाकर पेश किया गया है। उन्होंने कहा कि वीडियो करीब 17 दिन पहले आयोजित एक खेल प्रतियोगिता का है, जिसमें उन्होंने आत्ममंथन के संदर्भ में कुछ बातें कही थीं। मल्होत्रा का कहना है कि उनके बयान के एक हिस्से को जानबूझकर तोड़-मरोड़कर पेश किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि उन्होंने पंजाबियों या ग्रामीण समाज के खिलाफ टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि राजनीतिक लाभ के लिए वीडियो को अधूरा दिखाया जा रहा है। सेक्टर-34 से भाजपा कार्यालय तक मार्च पार्टी के अनुसार, कार्यकर्ता सेक्टर-34 गुरुद्वारा साहिब के पास जुटेंगे। इसके बाद सभी नेता और समर्थक पैदल मार्च करते हुए भाजपा कार्यालय की ओर कूच करेंगे और वहां प्रदर्शन करेंगे। बड़ी संख्या में जुटेंगे कार्यकर्ता आप नेताओं ने दावा किया है कि प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल होंगे। पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी विरोध कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। प्रदर्शन को लेकर संगठन स्तर पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है तथा भाजपा कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। राजनीतिक माहौल गरमाया भाजपा अध्यक्ष की कथित टिप्पणी को लेकर शहर की राजनीति में माहौल गरमा गया है। आम आदमी पार्टी इस मुद्दे को पंजाबियों के सम्मान से जोड़कर विरोध दर्ज करा रही है, जबकि भाजपा की ओर से अभी इस प्रदर्शन को लेकर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। भाजपा के भीतर भी उठे विरोध के स्वर भाजपा जिला उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह संधू ने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष की टिप्पणी पंजाबियों और ग्रामीण क्षेत्र के लोगों की भावनाओं के खिलाफ है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस तरह के बयान गांवों के विकास और किसानों के हितों को नुकसान पहुंचाते हैं। संधू ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मामले में हस्तक्षेप करने और प्रदेश अध्यक्ष को पद से हटाने की मांग की है।
Source link
चंडीगढ़ भाजपा अध्यक्ष की टिप्पणी पर भड़की आप:भाजपा कार्यालय का करेंगे घेराव, भाजपा चंडीगढ़ अध्यक्ष मल्होत्रा की कथित टिप्पणी का मामला







