spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

चंडीगढ़ बर्थडे पार्टी के झगड़े ने लिया हिंसक रूप:घर पर पथराव- एक्टिवा पर फेंका पेट्रोल बम, फरार 2 की तलाश में छापेमारी




चंडीगढ़ के डड्डूमाजरा कॉलोनी और सेक्टर-25 में घर पर पथराव और एक्टिवा पर पेट्रोल बम फेंककर आग लगाने की सनसनीखेज वारदात के पीछे एक बर्थडे पार्टी में हुआ विवाद निकला। पुलिस जांच में सामने आया है कि झगड़े की शुरुआत डड्डूमाजरा कॉलोनी में आयोजित एक जन्मदिन की पार्टी से हुई थी। विवाद बढ़ने के बाद आरोपियों ने पहले घर पर पथराव किया और फिर सेक्टर-25 पहुंचकर एक्टिवा को आग के हवाले कर दिया। मामले में मलोया थाना पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। इनमें एक नाबालिग भी शामिल है। वहीं, दो आरोपी अभी भी फरार हैं। उन्हें पकड़ने के लिए पुलिस लगातार अलग-अलग जगहों पर छापेमारी कर रही है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और उनकी बताई जानकारी के आधार पर पुलिस फरार आरोपियों के संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सेक्टर-11 थाना प्रभारी इंस्पेक्टर बलदेव कुमार भी मामले की जांच कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। दीपक की बर्थडे पार्टी में शुरू हुआ विवाद पुलिस जांच के अनुसार डड्डूमाजरा कॉलोनी निवासी दीपक के जन्मदिन पर उसके घर में पार्टी रखी गई थी। उसने अपने दोस्तों को पार्टी में बुलाया था। पार्टी में शुभम और सायमन भी पहुंचे थे। दोनों के बीच पहले से रंजिश चली आ रही थी, लेकिन इसके बावजूद दोनों को बुलाया गया था। पार्टी के दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। उस समय मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया, लेकिन शुभम इस झगड़े का बदला लेने की ठान चुका था। पार्टी से निकलने के बाद शुभम ने अपने साथियों को इकट्ठा किया। सभी ने मिलकर बदला लेने की साजिश रची। आरोपियों ने अपने साथ गंडासे, लोहे के हथियार और पेट्रोल बम लिए और दो अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम दिया। सबसे पहले आरोपी डड्डूमाजरा कॉलोनी पहुंचे, जहां उन्होंने विशाल के घर पर पथराव किया और उसकी गाड़ी के शीशे तोड़ दिए। इससे घर के बाहर खड़ी वस्तुओं और मकान को नुकसान पहुंचा। इसके बाद सभी आरोपी वहां से सेक्टर-25 पहुंच गए। पहले गंडासे से फिर पेट्रोल बम फेंका सेक्टर-25 में आरोपियों ने कृष के घर के बाहर खड़ी एक्टिवा को निशाना बनाया। पुलिस के अनुसार पहले आरोपियों ने गंडासे से एक्टिवा पर कई वार किए। इसके बाद बोतल में तैयार किया गया पेट्रोल बम एक्टिवा पर फेंक दिया। पेट्रोल बम गिरते ही एक्टिवा में आग लग गई। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। दोनों घटनाएं अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुई हैं। डड्डूमाजरा कॉलोनी में पथराव की घटना मलोया थाना क्षेत्र में दर्ज की गई, जबकि सेक्टर-25 में एक्टिवा जलाने की वारदात सेक्टर-11 थाना क्षेत्र में आती है। हालांकि सेक्टर-11 पुलिस कार्रवाई करती, उससे पहले ही मलोया थाना पुलिस ने आरोपियों गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों में एक नाबालिग शामिल पुलिस ने मामले में प्रिंस उर्फ घोड़ा, ध्रुव उर्फ अबू, काजी, आशुदीप उर्फ बैटरी, शुभम उर्फ मोटा और अंकुश उर्फ हकला को गिरफ्तार किया है। इनमें एक आरोपी 17 साल का नाबालिग है, जिसके खिलाफ किशोर न्याय कानून के तहत कार्रवाई की जा रही है। दोनों घटनाओं की पूरी वारदात डड्डूमाजरा कॉलोनी और सेक्टर-25 में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है। फुटेज में आरोपी पथराव करते, हथियार लेकर घूमते और एक्टिवा पर पेट्रोल बम फेंकते दिखाई दे रहे हैं। कई आरोपियों के चेहरे भी साफ नजर आ रहे हैं।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles