![]()
चंडीगढ़ प्रशासन के एस्टेट ऑफिस ने शहर के अलग-अलग प्राइम सेक्टरों में फ्रीहोल्ड आधार पर 10 रिहायशी प्लॉटों की ई-नीलामी का फैसला लिया है। सबसे खास बात यह है कि इनमें से आठ प्लॉटों के सामने पार्क है। इसके लिए सफल बोलीदाता को 5% अतिरिक्त राशि देनी होगी। हालांकि, यह प्लॉट खरीदना आसान नहीं होगा। यहां सबसे छोटे प्लॉट की रिजर्व प्राइस 3.30 करोड़ रुपए रखी गई है। जानकारों के मुताबिक यह एक अच्छा मौका है। बहुत कम ऐसा होता है, जब एस्टेट ऑफिस इस तरह की प्रॉपर्टी नीलाम करता है। अब पढ़िए नीलामी की बड़ी बातें:- इन सेक्टरों में निकाले गए हैं प्लॉट: चंडीगढ़ प्रशासन द्वारा यह नीलामी खुली बोली के आधार पर रखी गई है। हालांकि, बोली ई-नीलामी के जरिए होगी। ये प्लॉट सेक्टर 15-B, 20, 21, 23, 27-D, 30-A, 37-A और 44-B में निकाले गए हैं। प्लॉट के आकार (क्षेत्रफल) की बात करें तो यह 100 वर्ग मीटर से लेकर 502.316 वर्ग मीटर तक की रेंज में उपलब्ध हैं। रिजर्व प्राइस करीब 16.58 करोड़ रुपए तय: सबसे छोटा प्लॉट सेक्टर 44-B में 100 वर्ग मीटर का है। जबकि सबसे बड़ा प्लॉट सेक्टर 44 में 502.316 वर्ग मीटर का है। इसकी रिजर्व प्राइस करीब 16.58 करोड़ रुपए तय की गई है। हालांकि, अंतिम बोली कितनी लगती है, इसका पता नीलामी के बाद ही चलेगा। बोली के लिए ऐसे करना होगा आवेदन: सबसे पहले सरकारी ई-नीलामी की वेबसाइट https://eauction.gov.in/eauction/ पर जाएं। वहां “बोलीदाता नामांकन” (Bidder Enrollment) लिंक पर क्लिक करें। अपनी बेसिक डिटेल भरें, एक यूनिक यूजरनेम चुनें और पासवर्ड सेट करें। ईएमडी राशि सरकारी खाते में अग्रिम जमा करनी होगी: रजिस्ट्रेशन होने के बाद अपने प्रोफाइल के साथ डिजिटल सिग्नेचर (DSC) रजिस्टर करें। इसके बाद बैंक में ईएमडी (EMD) और फीस जमा करनी होगी। जिस भी प्लॉट के लिए आप बोली लगाना चाहते हैं, उसके सामने निर्धारित ईएमडी राशि सरकारी खाते में अग्रिम जमा करनी होगी। दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करें: भुगतान केवल RTGS या NEFT के जरिए ही किया जा सकेगा। मोबाइल वॉलेट या चेक मान्य नहीं होंगे। भुगतान के बाद बैंक से मिलने वाला यूटीआर (UTR) नंबर और रसीद संभालकर रखें। अब दोबारा पोर्टल पर लॉग-इन करें और नीचे दिए गए दस्तावेजों की स्कैन कॉपी अपलोड करें। बैंक से मिली RTGS/NEFT की रसीद, जिसमें यूटीआर नंबर और तारीख स्पष्ट दिखाई दे।पैन कार्ड (भारतीय निवासियों के लिए अनिवार्य)। पासपोर्ट या अन्य पहचान पत्र। आज से शुरू हुई प्रक्रिया आवेदन प्रक्रिया आज (2 जून) से शुरू हो हुई है, जो 23 जून 2026 शाम 5 बजे तक चलेगी। यानी आवेदकों के पास फॉर्म भरने के लिए करीब तीन सप्ताह का समय है। दस्तावेजों की जांच 24 जून से 26 जून 2026 के बीच की जाएगी। यदि दस्तावेज सही पाए गए, तो 27 जून 2026 को सुबह 9 बजे से बोली लगाने के लिए पोर्टल खोल दिया जाएगा। आवेदक 29 जून 2026 को सुबह 11 बजे तक अपने घर से ऑनलाइन लाइव बोली लगा सकेंगे। अगर आपको ऑनलाइन प्रक्रिया से संबंधित कोई दिक्कत आती है, तो प्रशासन ने इसके लिए भी व्यवस्था की है। 6 और 7 जून को दोपहर 3 बजे से 5 बजे तक सेक्टर-17 स्थित टाउन हॉल भवन (एस्टेट ऑफिस) में विशेष सहायता सत्र आयोजित किए जाएंगे। वहां सरकारी कर्मचारी आवेदकों को लाइव डेमो और प्रशिक्षण देंगे, ताकि वे पूरी प्रक्रिया आसानी से समझ सकें।
Source link
चंडीगढ़ के प्राइम सेक्टरों में प्लॉट खरीदने का मौका:10 रिहायशी प्लॉटों की होगी ई-नीलामी, 8 के सामने पार्क; कीमत ₹ 3.30 करोड़ से शुरू







