Related Posts

गुरुग्राम में विकास परियोजनाओं की समीक्षा:मंत्री नरबीर सिंह ने ली उच्चस्तरीय बैठक; एलिवेटेड रोड परियोजनाओं पर जोर




हरियाणा के उद्योग एवं वाणिज्य मंत्री राव नरबीर सिंह ने गुरुग्राम में विकास को गति देने के उद्देश्य से वीरवार को जीएमडीए कार्यालय में एक उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में शहरी विकास विभाग के प्रधान सलाहकार डीएस ढेसी, जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा, नगर निगम गुरुग्राम आयुक्त प्रदीप दहिया और नगर निगम मानेसर आयुक्त प्रदीप सिंह सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। बैठक में शहर की प्रमुख आधारभूत संरचना परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इनमें हीरो होंडा चौक से उमंग भारद्वाज चौक तक प्रस्तावित एलिवेटेड कॉरिडोर, सदर्न पेरिफेरल रोड (एसपीआर), ग्रीन बेल्ट योजना, अतिक्रमण हटाना, जल निकासी, जलभराव रोकना और पेयजल उपलब्धता से जुड़ी परियोजनाएं शामिल थीं। अधिकारियों ने बताया कि वर्तमान में लगभग 1,144 करोड़ रुपए के विकास कार्य चल रहे हैं, जबकि 1,453 करोड़ रुपए की परियोजनाएं टेंडर प्रक्रिया में हैं। करीब 1,883 करोड़ रुपए की परियोजनाएं योजना एवं स्वीकृति चरण में हैं। एक्सप्रेसवे तक एलिवेटेड रोड विकसित किए जाएंगे शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए 5 प्रमुख एलिवेटेड रोड परियोजनाओं पर तेजी से काम किया जा रहा है। राजीव चौक से अतुल कटारिया चौक, महावीर चौक से इफको चौक और अतुल कटारिया चौक से द्वारका एक्सप्रेसवे तक एलिवेटेड रोड विकसित किए जाएंगे। एसपीआर एलिवेटेड कॉरिडोर के पहले पैकेज के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। इसके अतिरिक्त, बाबा कमला चौक, दादी सती चौक, गढ़ी चौक, बख्तावर चौक और अंबेडकर चौक सहित विभिन्न स्थानों पर फ्लाईओवर और अंडरपास बनाने की योजना पर भी कार्य प्रगति पर है। पेयजल आपूर्ति व्यवस्था पर दिया जोर पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूत बनाने पर भी बैठक में जोर दिया गया। अधिकारियों ने जानकारी दी कि वर्ष 2031 तक शहर की पानी की मांग 1170 एमएलडी तक पहुंचने का अनुमान है। इसके लिए जल शोधन संयंत्रों की क्षमता बढ़ाने की योजना तैयार की गई है। मंत्री राव नरबीर सिंह ने मानसून की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज परियोजनाओं को समय पर पूरा करने के निर्देश दिए।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें