![]()
गुरुग्राम पुलिस की साइबर क्राइम यूनिट ने क्रेडिट कार्ड की लिमिट बढ़ाने के नाम पर ठगी करने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने दिल्ली में सक्रिय इस गैंग के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक महिला भी शामिल है। यह कार्रवाई ओम प्रकाश नामक व्यक्ति की शिकायत पर की गई, जिनसे आरोपियों ने 27 हजार रुपए की धोखाधड़ी की थी। पुलिस जांच में सामने आया कि ठगी गई रकम केनरा बैंक से जुड़े एक डिजिटल वॉलेट में ट्रांसफर की गई थी। इसके बाद पुलिस टीम ने अनुज पाल नामक युवक को सबसे पहले गिरफ्तार किया, जिसके नाम पर वह डिजिटल वॉलेट था। फ्लैट में चलाते थे फर्जी कॉल सेंटर अनुज से पूछताछ के बाद पुलिस मुख्य सरगनाओं तक पहुंची। जांच में पता चला कि अनुज पाल इस गिरोह के लिए बैंक खातों का इंतजाम करता था, जबकि गौरव, राहुल और आंचल दिल्ली के एक फ्लैट से फर्जी कॉल सेंटर चलाकर लोगों को ठगते थे। पकड़े गए सभी पांचों आरोपी ग्रेजुएट हैं। वे अपनी पहचान छिपाने के लिए हर 15 से 20 दिनों में अपना ठिकाना बदल लेते थे। पुलिस अब आरोपियों को रिमांड पर लेकर अपराध में इस्तेमाल किए गए मोबाइल फोन और अन्य उपकरण बरामद करने का प्रयास कर रही है। वित्तीय जानकारी साझा ना करने की अपील इस बीच, पुलिस अधिकारियों ने आम जनता से अपील की है कि वे किसी भी अज्ञात नंबर से आने वाली संदिग्ध कॉल पर भरोसा न करें। बैंक कभी भी फोन पर क्रेडिट कार्ड की जानकारी या ओटीपी (OTP) नहीं मांगता, इसलिए अपनी गोपनीय वित्तीय जानकारी किसी के साथ साझा न करें।
Source link
गुरुग्राम में क्रेडिट कार्ड ठगी गिरोह का भंडाफोड़:पुलिस ने महिला सहित 5 आरोपियों को दबोचा, केनरा बैंक वॉलेट से खुला राज







