![]()
गुरुग्राम जिले के सोहना के गांव अभयपुर की दलित बस्ती में पिछले 15 दिनों से दूषित पेयजल की आपूर्ति का मामला गरमा गया है। समस्या से परेशान बड़ी संख्या में महिलाओं और पुरुषों ने शनिवार को एसडीएम कार्यालय पहुंचकर प्रशासन के खिलाफ नाराजगी जताई और तत्काल समाधान की मांग की। महिलाओं का आरोप है कि दलित बस्ती की पेयजल पाइपलाइन में जबरन दूषित पानी की लाइन जोड़ दी गई है। इसके कारण करीब दो सप्ताह से घरों में गंदा, बदबूदार और पीने योग्य नहीं रहने वाला पानी आ रहा है। दूषित पानी के कारण लोगों को रोजमर्रा की जरूरतों के लिए भी परेशानी हो रही है। बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं के स्वास्थ्य पर भी इसका खतरा मंडरा रहा है। एसडीएम कार्यालय में दी शिकायत ग्रामीण भीम और जयप्रकाश ने बताया कि उन्होंने कई बार संबंधित अधिकारियों और जन स्वास्थ्य विभाग को शिकायत दी, लेकिन समस्या के समाधान के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। विभाग की अनदेखी से लोगों में आक्रोश बढ़ गया। एसआईआर कार्य के कारण एसडीएम कार्यालय खुला था, जहां बड़ी संख्या में ग्रामीण पहुंचे और अपनी शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद एसडीएम कार्यालय ने मामले को जन स्वास्थ्य विभाग को भेजते हुए तत्काल जांच के निर्देश दिए। पाइपलाइन दुरुस्त कराने का आश्वासन एसडीएम कार्यालय में मौजूद अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को आश्वासन दिया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए जल्द जांच कराई जाएगी। यदि पाइपलाइन में गड़बड़ी पाई, तो उसे तुरंत दुरुस्त कर स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति बहाल की जाएगी। प्रदर्शनकारी महिलाओं ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया, तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन शुरू करेंगी। इसकी जिम्मेदारी संबंधित विभाग और प्रशासन की होगी।
Source link
गुरुग्राम की दलित बस्ती में 15 दिन से दूषित पानी:महिलाओं ने जताया रोष; जल्द समस्या दूर नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी







