![]()
कैथल के डेरा गरजा सिंह स्थित मकानों में बेडरूम के फर्श के नीचे कच्ची शराब के लाहण की टंकियां दबाने के मामले में पकड़े गए आरोपी से पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए हैं। पुलिस ने जब आरोपी से गहन पूछताछ की तो पता चला कि केवल आरोपी अमरीक ही नहीं, बल्कि डेरे के अन्य लोग भी कच्ची शराब निकालकर लोगों को बेचते हैं। डेरे में 50 के करीब घर हैं, जिनमें आधे से ज्यादा लोग कच्ची शराब निकालने का धंधा कर रहे थे। सभी पुलिस के निशाने पर हालांकि पुलिस द्वारा बार बार की गई रेड और आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद काफी लोगों ने शराब निकालने का धंधा बंद कर दिया, लेकिन चार पांच अब भी ऐसे लोग हैं, जो यह कार्य कर रहे हैं। अब वे सभी पुलिस के निशाने पर हैं। वे इस काम को केवल आज से नहीं बल्कि दशकों से कर रहे हैं। लाहण को दबाने के लिए वे इसी प्रकार के तरीके प्रयोग कर रहे हैं। कभी फर्श के नीचे, कभी खेतों में खाली जगह पर तो अभी फसलों के बीच में जगह बनाकर शराब निकालने का रॉ मेटीरियल दबाया हुआ पाया गया। पिता पर शराब तस्करी के कई केस पकड़े गए आरोपी अमरीक से पूछताछ में पता चला कि उससे पहले उसके पिता शीशा सिंह भी कच्ची शराब निकालकर लोगों को बेचते थे। शीशा सिंह पर इस प्रकार के पांच छह मामले दर्ज हैं। वहीं गांव के दर्जनों व्यक्तियों पर कच्ची शराब निकालने के कई कई मामले दर्ज हैं। शहर थाना एसएचओ गीता ने बताया कि पुलिस इस मामले को गंभीरता से देख रही है। डेरे में सभी लोगों के घरों पर पुलिस की नजर है। कच्ची शराब निकालने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। फर्श के नीचे मिली भी टंकियां बता दें कि दो दिन पहले कैथल के डेरा गरजा सिंह में कच्ची शराब तैयार करने और लाहण (रॉ-मटेरियल) को छिपाने का बेहद शातिर तरीका सामने आया। आरोपी अमरीक ने बेडरूम में बेड के नीचे ही 500-500 लीटर की 3 टंकियां दबाकर लाहण से भर रखी थी। इन टंकियों के ऊपर टाइल्स लगवा रखी थी। मंगलवार को सिटी थाना पुलिस ने आरोपी के घर रेड मारी। बेडरूम की तलाशी ली गई, तो फर्श का कुछ हिस्सा खोखला महसूस हुआ। इसके बाद पुलिस खुद ही छैनी-हथौड़ा लेकर टाइल तोड़ने लगी। फर्श के नीचे पुलिस को तीनों टंकियों से करीब 400 लीटर लाहण बरामद हुआ। तीनों टंकियों को भी नष्ट करवा दिया गया।
Source link
कैथल में दशकों से निकाली जा रही कच्ची शराब:डेरा गरजासिंह में 50 घर, आधे से ज्यादा में कच्ची शराब का धंधा







