Related Posts

कांग्रेस की सस्पेंड MLA ने की कार्यकर्ताओं संग बैठक:यमुनानगर में CM सैनी के प्रोग्राम का दिया न्यौता, इशारों-इशारों में व्यक्त की पीड़ा




कांग्रेस से सस्पेंड साढौरा विधायक रेनू बाला ने भाजपा के प्रति बढ़ती नजदीकियों के बीच सोमवार को साढौरा स्थित विश्राम गृह में अपने समर्थक कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। लंबे समय बाद विधानसभा क्षेत्र पहुंचीं विधायक ने कार्यकर्ताओं के साथ क्षेत्र के विकास कार्यों, जनसमस्याओं और आगामी कार्यक्रमों को लेकर चर्चा की। बैठक के दौरान विधायक ने 5 जून को व्यासपुर स्थित एक निजी पैलेस में आयोजित होने वाले कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का न्योता दिया। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। बैठक में विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर ऋषिपाल भी विशेष रूप से मौजूद रहे। इशारों-इशारों में व्यक्त की पीड़ा विधायक ने बैठक में राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग को लेकर भी इशारों-इशारों में अपनी पीड़ा व्यक्त की। उन्होंने बिना किसी का नाम लिए राज्यसभा चुनाव के दौरान हुई क्रॉस वोटिंग और उसके बाद पैदा हुए राजनीतिक घटनाक्रम पर अपनी बात रखी। विधायक ने कहा कि उन्होंने हमेशा कांग्रेस पार्टी को मजबूत करने का काम किया है और पार्टी के हित में कार्य किया है, लेकिन पार्टी के कुछ नेता ऐसे हैं जो उन्हें पार्टी में नहीं रखना चाहते। सीएम के कार्यक्रम में पहुंचने का किया आह्वान रेनू बाला ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि 5 जून को व्यासपुर स्थित एक निजी पैलेस में आयोजित कार्यक्रम साढौरा विधानसभा क्षेत्र के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित होगा। इस दौरान मुख्यमंत्री पशु अस्पताल का उद्घाटन करेंगे। वहीं, उम्मीद है कि वे क्षेत्र के विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कर सकते हैं, जिससे साढौरा को बड़ी सौगात मिलेगी। विधायक ने कहा कि विधानसभा सत्रों के दौरान उन्होंने साढौरा क्षेत्र से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दों को मजबूती से उठाया है और सरकार का ध्यान क्षेत्र की समस्याओं की ओर आकर्षित किया है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि आने वाले समय में भी जनता की आवाज को विधानसभा और संबंधित विभागों तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी रहेगा। इस दौरान विधायक प्रतिनिधि इंजीनियर ऋषिपाल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आगामी दौरा क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण है और इससे विकास कार्यों को नई गति मिलने की उम्मीद है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें