करनाल जिले के तरावड़ी क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और एक बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। कुटेल के पास 29 जून को पकड़े गए गोल्डी बरॉड गैंग का फरार छठा आरोपी बाइक पर भागते हुए पुलिस के हत्थे चढ़ गया। रोकने पर उसने पुलिस टीम फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली उसके पैर में लगी और उसे काबू कर लिया गया। घायल आरोपी को तुरंत सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बुधवार रात सीआईए-1 टीम को सूचना मिली कि कुटेल के पास से फरार आरोपी पानीपत निवासी परमीत बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहा है और किसी वारदात को अंजाम दे सकता है। सूचना मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई और हाइवे पर नाकाबंदी कर दी। कुछ देर बाद पुलिस को संदिग्ध युवक बाइक पर जाता दिखाई दिया। रुकने का इशारा, फिर तेज रफ्तार में भागा आरोपी
पुलिस ने आरोपी को रुकने का इशारा किया, लेकिन वह नहीं रुका और बाइक को तेज गति से भगा लिया। पुलिस ने पीछा शुरू किया तो कुछ दूरी पर बाइक फिसल गई और आरोपी नीचे गिर गया। पुलिस जैसे ही उसकी ओर बढ़ी, उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस ने आरोपी को चेतावनी दी, लेकिन वह नहीं माना और भागने की कोशिश करता रहा। इस दौरान पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें गोली उसके पैर में लगी। गोली लगते ही आरोपी गिर गया और पुलिस ने उसे मौके पर ही काबू कर लिया। बाद में पुलिस अपनी गाड़ी में उसे लेकर करनाल के सरकारी अस्पताल पहुंची। ठीक होने के बाद कोर्ट में पेश कर रिमांड लिया जाएगा
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी का इलाज चल रहा है। उसके ठीक होने के बाद उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और फिर रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी। 29 जून को 5 आरोपी पकड़े, छठा हो गया था फरार
इस मामले की कड़ी 29 जून की कार्रवाई से जुड़ी है। उस दिन सीआईए-1 टीम ने गांव कुटेल के पास गुप्त सूचना के आधार पर नाकाबंदी कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया था। इनके कब्जे से 8 अवैध पिस्तौल, 30 जिंदा कारतूस और एक सिलेरियो कार बरामद हुई थी। कार्रवाई के दौरान छठा आरोपी परमीत मौके से फरार हो गया था, जिसकी तलाश लगातार की जा रही थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान वार्ड नंबर-02, रेलवे रोड, कलानौर निवासी पवन उर्फ पोन्ना पुत्र खुशीराम, वार्ड नंबर-01, बाबा कॉलोनी, कलानौर निवासी जतिन पुत्र राजेंद्र, वार्ड नंबर-07, संत कॉलोनी, खरखौदा निवासी राहुल पुत्र विजय कुमार, शहर मालपुर, थाना बापौली निवासी नवदीप पुत्र भूपेंद्र और शहर मालपुर निवासी कपिल पुत्र करतार के रूप में हुई थी। मास्टरमाइंड और हत्या की साजिश का खुलासा
जांच में सामने आया था कि इस गिरोह का मास्टरमाइंड पूर्व एमसी पवन है। आरोपियों की योजना पंजाब के चंदू फिरोजपुरिया और कलानौर में अवतार सिंह की हत्या करने की थी। पुलिस पूछताछ में इस साजिश के कई अहम सुराग मिले थे। पहले से दर्ज हैं आपराधिक मामले
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पवन उर्फ पोन्ना के खिलाफ पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं। अन्य आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच की जा रही है। पांचों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर 3 दिन के रिमांड पर लिया गया था और उनसे लगातार पूछताछ जारी है। पुलिस का कहना- पूछताछ में खुलेंगे और राज
सीआईए-1 के इंस्पेक्टर संदीप सिंह ने बताया था कि आरोपियों को कुटेल के पास रिंग रोड पर नाकाबंदी के दौरान पकड़ा गया था। अब फरार आरोपी परमीत के पकड़े जाने के बाद इस पूरे नेटवर्क से जुड़े और खुलासे होने की संभावना है। पुलिस का कहना है कि रिमांड के दौरान कई और अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।
Source link
