![]()
करनाल की पश्चिमी यमुना नहर पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार व्यक्ति की मौत हो गई। व्यक्ति अपनी भतीजी की शादी का कार्ड देकर रिश्तेदारी से वापस घर लौट रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार डंपर ने उसे टक्कर मार दी और कुचल दिया। हादसे के बाद ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्च्युरी हाउस भिजवाया। जुंडला गांव का रहने वाला था मृतक मृतक की पहचान मदन के रूप में हुई है, जो जुंडला गांव का रहने वाला था। जानकारी के अनुसार शुक्रवार को वह मेनमति गांव में अपनी भतीजी की शादी का कार्ड देने गया था। कार्ड देने के बाद देर रात जब वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। जैसे ही वह करनाल पश्चिमी यमुना नहर के पास पहुंचा, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। घसीटते हुए दूर तक ले गया डंपर परिजन अंकुश ने बताया कि टक्कर के बाद डंपर ड्राइवर ने मदन को काफी दूर तक घसीटा और कुचल दिया। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर इकट्ठा हो गए और तुरंत पुलिस को सूचना दी। डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। मोबाइल सिम से हुई पहचान पुलिस ने जब मृतक की तलाशी ली तो कोई पहचान संबंधी दस्तावेज नहीं मिला। उसका मोबाइल फोन भी पूरी तरह टूट चुका था। इसके बाद पुलिस ने मोबाइल की सिम निकालकर दूसरे फोन में डाली और उसमें सेव नंबरों पर कॉल की। इसी के जरिए मृतक की पहचान हो सकी और परिजनों को सूचना दी गई। सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस जांच अधिकारी विनोद कुमार ने बताया कि डंपर ड्राइवर हादसे के बाद फरार है। उसकी तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जाएगा, ताकि कोई सुराग मिल सके। परिजनों की शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पोस्टमार्टम के बाद आज शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।
Source link
करनाल में डंपर ने बाइक सवार को कुचला:भतीजी की शादी का कार्ड रिश्तेदारी में देकर लौट रहा था; ड्राइवर फरार







