![]()
जींद जिले के उचाना थाना पुलिस ने नागरिक अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों के साथ मारपीट तथा गाली-गलौज करने के आरोप में दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। ये युवक शराब के नशे में धुत होकर अस्पताल पहुंचे थे और उन्होंने सरकारी कार्य में बाधा डालने के साथ-साथ तोड़फोड़ भी की। पुलिस मामले की जांच कर रही है। उचाना नागरिक अस्पताल के वार्ड सर्वेंट विक्रम ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 28 जुलाई की देर रात दो घायल युवक इमरजेंसी में पहुंचे। दोनों शराब के नशे में थे। एक युवक का इलाज शुरू किया गया, जबकि दूसरे को पर्ची बनवाने के लिए नर्सिंग स्टाफ के पास भेजा गया। युवक एमएलसी (मेडिको-लीगल केस) कटवाना चाहते थे। फीस जमा कराने पर कहने पर भड़के युवक नर्सिंग स्टाफ ने जब एमएलसी फीस जमा करवाने को कहा, तो युवक भड़क उठा और गाली-गलौज करने लगा। उसी दौरान इलाज करवा रहा दूसरा युवक भी वहां पहुंच गया। जब पुरुष स्टाफ ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो दोनों आरोपी हाथापाई पर उतर आए और अस्पताल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। आरोपियों ने फोन कर अन्य लोगों को भी बुला लिया, जिसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए। दोनों आरोपियों की पहचान गांव छात्तर निवासी सचिन और अजय के रूप में हुई है। वार्ड सर्वेंट विक्रम की शिकायत पर उचाना थाना पुलिस ने सचिन और अजय के खिलाफ मारपीट करने, सरकारी कार्य में बाधा डालने और तोड़फोड़ करने सहित भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ दर्ज किया केस उचाना थाना के जांच अधिकारी चंद्रपाल ने बताया कि नागरिक अस्पताल से स्टाफ के साथ दुर्व्यवहार और तोड़फोड़ की शिकायत मिली थी। फिलहाल दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है।
Source link







