हिसार में पुलिस द्वारा फरार एवं वांछित अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पीओ (प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर) स्टाफ लंबे समय से फरार चल रहे बेल जम्पर को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गांव पाबड़ा निवासी कृष्ण पुत्र सज्जन सिंह के रूप में हुई है। पीओ स्टाफ के प्रभारी पीएसआई अजीत ने बताया कि आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज था। न्यायालय से जमानत मिलने के बाद भी आरोपी निर्धारित तिथियों पर कोर्ट में पेश नहीं हुआ और लगातार न्यायिक प्रक्रिया से बचता रहा। इसके चलते पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। लोकेशन के आधार पर हुई गिरफ्तारी उन्होंने बताया कि गुप्त सूचना और तकनीकी सहायता के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी की लोकेशन का पता लगाया और योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा, जहां उसके खिलाफ आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। पुलिस अधीक्षक सिद्धांत जैन ने इस सफलता पर पीओ स्टाफ की टीम की सराहना करते हुए कहा कि कानून से बचने की कोशिश करने वाले किसी भी व्यक्ति को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने कहा कि जिला पुलिस अपराधियों, बेल जम्परों और फरार आरोपियों के खिलाफ इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रखेगी। उन्होंने आमजन से भी सहयोग की अपील करते हुए कहा कि किसी भी वांछित, फरार या संदिग्ध व्यक्ति की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध नियंत्रण और कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया जा सके।
Source link
उकलाना में फरार बेल जम्पर गिरफ्तार:कोर्ट में नहीं हो रहा था पेश; एसपी बोले- कानून से बचना नहीं आसान
