संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा हरियाणा के बैनर तले रविवार को हिसार के उकलाना स्थित भीमराव अंबेडकर भवन में निर्माण मजदूरों, राजमिस्त्रियों और कारीगरों की विशाल महापंचायत आयोजित की गई। महापंचायत में प्रदेश सरकार की कथित मजदूर विरोधी नीतियों के खिलाफ जोरदार रोष व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के बाद मजदूरों ने मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकालकर विरोध प्रदर्शन किया तथा सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। महापंचायत की अध्यक्षता सीटू के राधेश्याम लितानी एवं इंटक के केशर गहलोत ने संयुक्त रूप से की, जबकि मंच संचालन इंटक के जिला अध्यक्ष जोरा सिंह पाबड़ा और एटक के विजय बेरिया ने किया। महापंचायत में उकलाना व आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में निर्माण मजदूर और श्रमिक शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस विधायक नरेश सेलवाल ने कहा कि सरकार की नीतियों के कारण प्रदेश का गरीब, मजदूर और मेहनतकश वर्ग अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। उन्होंने कहा कि मजदूरों की समस्याओं को विधानसभा से लेकर सड़क तक मजबूती से उठाया जाएगा और उनके हकों की लड़ाई जारी रहेगी। श्रमिक कल्याण बोर्ड पर साधा निशाना भवन निर्माण कामगार यूनियन हरियाणा के अध्यक्ष मनोज सोनी और इंटक के प्रदेश अध्यक्ष धर्मबीर लोहान ने कहा कि श्रमिक कल्याण बोर्ड में हजारों करोड़ रुपए जमा होने के बावजूद मजदूरों को योजनाओं का लाभ नहीं मिल रहा। उन्होंने आरोप लगाया कि पंजीकरण, सहायता राशि, छात्रवृत्ति, आवास योजना और अन्य कल्याणकारी सुविधाओं को लेकर मजदूरों को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कृष्ण नैन ने आंदोलन की चेतावनी दी संयुक्त निर्माण मजदूर मोर्चा के प्रदेश सचिव कृष्ण नैन ने कहा कि यदि सरकार ने जल्द ही मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को प्रदेशभर में और तेज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मजदूर वर्ग अपने अधिकारों के लिए एकजुट है और किसी भी प्रकार की अनदेखी बर्दाश्त नहीं करेगा। महापंचायत के दौरान वक्ताओं ने निर्माण मजदूरों के पंजीकरण बहाल करने, लंबित सहायता राशि जारी करने, श्रमिक कल्याण योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा श्रम विभाग की कार्यप्रणाली में सुधार की मांग उठाई। सीएम व श्रम मंत्री की शवयात्रा निकाली महापंचायत के समापन पर मजदूरों ने शहर में प्रदर्शन करते हुए मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री की प्रतीकात्मक शवयात्रा निकाली। प्रदर्शनकारियों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए चेतावनी दी कि जब तक मजदूरों की समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। ये रहे मौजूद इस अवसर पर राजबीर पाबड़ा, शुभम भुक्कल, वीरेंद्र सीटू, प्रवीण बोस्ती, श्यामलाल, रणजीत सीटू, रामकुमार जांगड़ा, मियां सिंह, धर्मवीर कुलेरी, चतर सिंह, सोनू, राजेश बिठमड़ा, माया, ओमी, बाला, ममता, सुमन, नीलम, भतेरी, शकुंतला सहित बड़ी संख्या में मजदूर एवं यूनियन पदाधिकारी उपस्थित रहे।
Source link
उकलाना में निर्माण मजदूरों का प्रदर्शन, शवयात्रा निकाली:CM-श्रममंत्री की नीतियों के खिलाफ महापंचायत; आंदोलन की चेतावनी
