अमृतसर में हत्या सहित कई मामलों में वांछित अपराधी को पुलिस ने नशे के साथ गिरफ्तार किया है। उसके पास से दो पिस्तौल कारतूस भी बरामद हुआ है। पुलिस के अनुसार यह अपराधी नशे और हथियारों की तस्करी में भी शामिल था। इसकी काफी लंबे समय से पुलिस को तलाश थी। गिरफ्तार किए आरोपी की पहचान हैप्पी सिंह उर्फ हरप्रीत सिंह के रूप में हुई है। मुखबिर की सूचना पर उसे थाना सुल्तानविंड की पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, पुलिस को पहले ही इस आरोपी की आपराधिक गतिविधियों के बारे में सूचना मिल चुकी थी। इसके आधार पर इंस्पेक्टर मोहित कुमार के नेतृत्व में पुलिस पार्टी ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को काबू किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 96 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। आगे की पूछताछ में पुलिस को आरोपी के पास से दो पिस्तौल, एक 30 बोर और एक 32 बोर और 5 कारतूस भी मिले। एडीसीपी विशाल जीत सिंह का इस मामले में कहना है कि आरोपी न केवल नशे के कारोबार में शामिल था, बल्कि हथियारों के जरिए अपराधों को अंजाम देने की तैयारी में भी था। जेल से छूटकर फिर अपराध में सक्रिय पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी के खिलाफ पहले से ही सात गंभीर मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, हत्या का प्रयास और एनडीपीएस एक्ट के तहत केस शामिल हैं। आरोपी पहले भी जेल जा चुका है और करीब 8 महीने पहले ही बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने अपने आपराधिक नेटवर्क को जारी रखा। फिलहाल पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटाई जा सके।
Source link
अमृतसर में हेरोइन-पिस्तौल सहित कुख्यात गिरफ्तार:हत्या सहित 7 मामलों में थी तलाश, दो पिस्तौल, कारतूस, 96 ग्राम नशा बरामद
