![]()
पंजाब सरकार की ओर से आज शाम 7 बजे रंजीत एवेन्यू स्थित पायटेक्स ग्राउंड में राज्य स्तरीय धार्मिक समागम “एक शाम भगवान शिव जी के नाम” का आयोजन किया जाएगा। इस भव्य धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। कार्यक्रम को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और प्रशासन की ओर से सुरक्षा एवं यातायात संबंधी विशेष प्रबंध किए गए हैं। समागम का मुख्य आकर्षण शिवभक्त भजन गायक हंस राज रघुवंशी होंगे, जो अपने लोकप्रिय भजनों के माध्यम से भगवान शिव का गुणगान करेंगे। उनके भजनों का आनंद लेने के लिए पंजाब सहित आसपास के राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के अमृतसर पहुंचने की उम्मीद है। सीएम मान और केजरीवाल होंगे शामिल इस राज्य स्तरीय धार्मिक कार्यक्रम में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान भी शामिल होंगे। इसके अलावा आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल भी विशेष रूप से कार्यक्रम में शिरकत करेंगे। दोनों नेता भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त करेंगे और श्रद्धालुओं से भी संवाद कर सकते हैं। समय पर पहुंचने की अपील पंजाब सरकार के अनुसार, इस धार्मिक समागम का उद्देश्य समाज में आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक सद्भाव और सांस्कृतिक मूल्यों को बढ़ावा देना है। आयोजन स्थल पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, पेयजल, चिकित्सा सहायता और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। आज शाम आयोजित होने वाले इस धार्मिक समागम को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है। आयोजकों ने लोगों से समय पर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने और प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर पुलिस की कड़ी सुरक्षा, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी एडीसीपी ट्रैफिक अमनदीप कौर ने बताया कि अमृतसर के हरतेज अस्पताल से गुमटाला रोड और टी-पॉइंट यानी इन-आउट बेकरी वाली सड़क, जो सीधे कार्यक्रम स्थल की ओर जाती है, पर विशेष ट्रैफिक प्रबंधन लागू रहेगा। आम लोगों से अपील की गई है कि यदि अत्यंत आवश्यक कार्य न हो तो इन मार्गों का उपयोग करने से बचें। रंजीत एवेन्यू जाने वाले वाहन चालक रतन सिंह चौक, एम.के. होटल रोड, बेस्ट वेस्टर्न रोड और सी-मार्केट टी-पॉइंट वाले वैकल्पिक मार्ग का इस्तेमाल करें, जबकि शहर के बाहर से आने वाले लोगों को आईटीआई से आनंद पार्क वाले रूट का उपयोग करने की सलाह दी गई है। पुलिस ने कार्यक्रम स्थल और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी है। ट्रैफिक को सुचारु बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है और प्रमुख चौराहों पर पुलिस कर्मी लगातार निगरानी रखेंगे। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने या किसी भी प्रकार की शरारती गतिविधि करने वालों के खिलाफ तुरंत और सख्त कार्रवाई की जाएगी। ट्रैफिक पुलिस ने शहरवासियों और श्रद्धालुओं से एडवाइजरी का पालन करने, निर्धारित मार्गों का ही उपयोग करने और ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों का सहयोग करने की अपील की है, ताकि धार्मिक समारोह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो और लोगों को किसी प्रकार की अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े।
Source link
अमृतसर में आज-पंजाब सरकार का राज्य-स्तरीय शिव समागम:CM-भगवंत मान और अरविंद केजरीवाल होंगे शामिल, भजन गायक हंसराज-रघुवंशी बांधेंगे समां, ट्रैफिक एडवाइजरी जारी







