spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

अबोहर में युवक पर धारदार हथियारों से हमला:बाइक वापस मांगने गया था, वहां घात लगाए बैठे थे हमलावर, गंभीर हालत में फरीदकोट रेफर




अबोहर शहर के सुभाष नगर क्षेत्र में शनिवार देर शाम खौफनाक वारदात सामने आई है। यहाँ एक 21 वर्षीय युवक पर चार से पांच अज्ञात हमलावरों ने धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस जानलेवा हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद नाजुक हालत में फरीदकोट मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। पुलिस ने मामले की गहनता से तफ्तीश शुरू कर दी है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंधवाला रोड का रहने वाला 21 वर्षीय संदेश कुमार अपने दोस्त के साथ अबोहर पैलेस के पास खड़ा था। इसी दौरान उसके एक नेपाली मूल के दोस्त ने फोन कर उसकी मोटरसाइकिल मांगी। लगभग एक घंटे बाद जब संदेश ने अपने दोस्त को फोन कर मोटरसाइकिल वापस मांगी, तो उसे सुभाष नगर आकर अपना वाहन ले जाने को कहा गया। जैसे ही संदेश अपनी बाइक लेने सुभाष नगर पहुंचा, वहां पहले से ही घात लगाकर बैठे चार-पांच युवकों ने उस पर धारदार हथियारों से हमला बोल दिया। हमलावरों ने संदेश पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा। संदेश के साथ मौजूद उसके दोस्त राजू ने किसी तरह वहां से भागकर अपनी जान बचाई। पुलिस अधिकारियों ने किया अस्पताल का दौरा, जल्द गिरफ्तारी का भरोसा थाना सिटी-2 के सब-इंस्पेक्टर नवजोत सिंह ने सरकारी अस्पताल पहुंचकर घायल संदेश के पिता और चश्मदीद दोस्त राजू के बयान दर्ज किए। एसपी (डी) गुरमीत सिंह ने भी अस्पताल का दौरा किया और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाते हुए आश्वासन दिया कि पुलिस आरोपियों की पहचान करने में जुटी है और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। एसपी ने साफ किया कि कानून को हाथ में लेने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा। दो महीने पहले भी इसी इलाके में हुई थी हत्या पीड़ित परिवार ने पुलिस प्रशासन से गुहार लगाई है कि हमलावरों के खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई कर उन्हें न्याय दिया जाए। गौरतलब है कि करीब दो महीने पहले भी सुभाष नगर इलाके में एक युवक पर इसी तरह जानलेवा हमला हुआ था, जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई थी। उस मामले में पुलिस ने आधा दर्जन आरोपियों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था। पुलिस इस वर्तमान मामले को भी विभिन्न पहलुओं और पुरानी रंजिश के कोण से जोड़कर देख रही है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles