Related Posts

अबोहर में पशु से टकराकर घायल वृद्ध की मौत:बाइक पर दवा लेने जा रहे थे, अचानक गोवंश सामने आने से हादसा, एम्स बठिंडा में तोड़ा दम




अबोहर शहर में लावारिस पशुओं का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है, जिसके कारण आए दिन बेकसूर लोग अपनी जान गंवा रहे हैं। ऐसा ही एक दर्दनाक मामला अबोहर के श्रीगंगानगर रोड स्थित कोठी फैज से सामने आया है, जहां सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 62 वर्षीय बुजुर्ग शिव दयाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। बाइक पर दवा लेने जा रहे बुजुर्ग रास्ते में अचानक एक लावारिस पशु से टकरा गए थे, जिससे यह घातक हादसा हुआ। जानकारी के अनुसार, यह हृदयविदारक घटना 14 जुलाई की रात की है। कोठी फैज निवासी शिव दयाल (62) पुत्र चंद्रपाल अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर बाजार से दवा लेने के लिए निकले थे। जब वह धर्मकांटे के पास पहुंचे, तो अचानक सड़क पर एक लावारिस पशु आ गया। रफ्तार में होने के कारण बाइक सीधे पशु से जा टकराई, जिससे शिव दयाल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। एम्स बठिंडा में उपचार के दौरान तोड़ा दम हादसे के तुरंत बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने इसकी सूचना पीड़ित परिवार को दी। परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें अबोहर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार तो दिया, लेकिन उनकी नाजुक हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए तुरंत एम्स (AIIMS) बठिंडा रेफर कर दिया। अस्पताल में जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए बुधवार सुबह उन्होंने दम तोड़ दिया। बुधवार दोपहर को मृतक शिव दयाल का शव पोस्टमार्टम के लिए वापस अबोहर के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। सूचना मिलते ही सिटी-2 थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जांच अधिकारी एएसआई विनोद कुमार ने बताया कि पुलिस ने मृतक की पत्नी शशि देवी के बयान दर्ज कर लिए हैं। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया जाएगा। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो विवाहित बच्चों सहित भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। लावारिस पशुओं के आतंक से स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश इस दर्दनाक हादसे के बाद से स्थानीय निवासियों में प्रशासन के खिलाफ गहरा रोष है। शहरवासियों का कहना है कि सड़कों पर घूम रहे लावारिस पशु आए दिन हादसों का सबब बन रहे हैं और लोगों की जान पर बन आ रही है। स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन से पुरजोर मांग की है कि इन लावारिस पशुओं को सड़कों से हटाकर गौशालाओं में भेजने के लिए तुरंत कोई ठोस और प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसे जानलेवा हादसों को रोका जा सके।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें