![]()
फाजिल्का के अबोहर में हनुमानगढ़ रोड पर स्थित एक शराब ठेके के खोखे में सेंधमारी हुई है। शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने खोखे से हजारों रुपये की नकदी और शराब चुरा ली। हैरानी की बात यह है कि वारदात के समय खोखे का कर्मचारी अंदर ही सो रहा था। यह घटना हनुमानगढ़ रोड पर सोनी रिजॉर्ट के पास मल्होत्रा ग्रुप के शराब ठेके पर हुई। ठेके का कर्मचारी राजू रात के समय खोखे के अंदर ही सोता है। शुक्रवार रात भी वह हमेशा की तरह खोखे में मौजूद था। देर रात अज्ञात चोर ने खोखे के निचले हिस्से में सेंध लगाई और अंदर प्रवेश कर गया। चोर ने सबसे पहले गल्ले को निशाना बनाया। नकदी के साथ शराब की बोतलें भी ले गए गल्ले से लगभग 9 हजार रुपये की नकदी चोरी की गई। इसके अतिरिक्त, खोखे में रखी कुछ शराब की बोतलें भी चोर अपने साथ ले गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, चोरी हुए सामान की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है। सुबह जब कर्मचारी राजू की नींद खुली, तो उसने खोखे के अंदर सामान बिखरा हुआ देखा। जांच करने पर उसे सेंधमारी और चोरी का पता चला। राजू ने तुरंत ठेका संचालकों को इसकी सूचना दी। इसके बाद थाना नंबर-2 पुलिस को मामले की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और अज्ञात चोर की पहचान के प्रयास कर रही है।
Source link
अबोहर में ठेके के खोखे में सेंधमारी:कर्मचारी अंदर सोता रहा, नकदी और शराब की बोतलें ले गए चोर, सुबह उठा तो हुई जानकारी







