Related Posts

US Iran War Ceasefire LIVE Update; Donald Trump


तेल अवीव/तेहरान/वॉशिंगटन डीसी2 दिन पहले

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने सोमवार को कहा कि वे ईरान के साथ ओबामा जैसी डील नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि या तो अच्छा समझौता होगा या फिर कुछ भी नहीं होगा।

ट्रम्प ने ईरान के साथ होने वाले समझौते की आलोचना करने वाले नेताओं पर नाराजगी जताई। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा- जिन्हें ईरान के साथ होने वाले समझौते के बारे में कुछ भी नहीं पता है, वे भी इसकी बुराई कर रहे हैं।

ट्रम्प ने कहा कि ये लोग कमजोर हैं और सिर्फ देश को बांटते हैं। ट्रम्प ने यह भी कहा कि उनका संभावित समझौता 2015 के परमाणु समझौते जैसा नहीं होगा। ट्रम्प ने ओबामा के समझौते को आपदा बताया और दावा किया कि उससे ईरान के लिए परमाणु हथियार तक पहुंचने का रास्ता खुल गया था।

ट्रम्प का सोशल मीडिया पोस्ट

पिछले 24 घंटे के 4 बड़े अपडेट्स…

1. अमेरिका-ईरान में समझौते पर दस्तखत नहीं: अमेरिका और ईरान के बीच समझौते पर दस्तखत नहीं हो सके। इससे पहले कई मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया था कि रविवार को ही दोनों देश सीजफायर बढ़ाने और होर्मुज खोलने को लेकर समझौता कर सकते हैं।

2. ओमान के जरिए अमेरिका को मैसेज: ईरान ने ओमान के जरिए अपना मौखिक संदेश अमेरिका तक पहुंचाया। ईरान के उप विदेश मंत्री काजेम गरीबाबादी ने कहा है कि उन्होंने ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची का एक मैसेज ओमान के विदेश मंत्री तक पहुंचाया।

3. सुप्रीम लीडर की मंजूरी के बिना कोई फैसला नहीं: ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा कि ईरान में कोई भी बड़ा फैसला सुप्रीम लीडर की मंजूरी के बिना नहीं लिया जाएगा।

4. अमेरिका-ईरान समझौते से इजराइल चिंतित: अमेरिका और ईरान के बीच प्रस्तावित समझौते को लेकर इजराइल में चिंता बढ़ गई है। एक इजराइली अधिकारी ने कहा है कि इस समझौते से ईरान को यह मैसेज जाएगा कि वह होर्मुज का इस्तेमाल दबाव बनाने के हथियार की तरह कर सकता है।

ईरान जंग से जुड़े अपडेट्स के लिए नीचे ब्लॉग से गुजर जाइए…

अपडेट्स

04:44 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान की दोहा वार्ता में होर्मुज और यूरेनियम मुद्दा सबसे अहम

ईरान के शीर्ष प्रतिनिधिमंडल की कतर यात्रा में होर्मुज स्ट्रेट और हाईली एनरिच्ड यूरेनियम सबसे अहम मुद्दे बने हुए हैं। साथ ही ईरान की फ्रीज संपत्तियों को जारी करने पर भी बातचीत हो रही है।

अल-जजीरा रिपोर्ट के मुताबिक ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाकिर गालिबाफ, विदेश मंत्री अब्बास अराघची और सेंट्रल बैंक गवर्नर अब्दोलनासेर हेम्मती दोहा में अमेरिका-इजराइल युद्ध खत्म करने की कोशिशों से जुड़े लंबित मुद्दों पर चर्चा कर रहे हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक सेंट्रल बैंक गवर्नर प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा इसलिए हैं, क्योंकि संभावित समझौते में ईरान की फ्रीज संपत्तियों को जारी करने का मुद्दा भी शामिल है। इसे अंतिम डील के अहम हिस्से के तौर पर देखा जा रहा है।

04:21 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान ने हिजबुल्लाह को फिर समर्थन दिया

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने लेबनान और हिजबुल्लाह के समर्थन में संदेश जारी किया है। उन्होंने कहा कि ईरान, इजराइल के खिलाफ लेबनान की संप्रभुता और क्षेत्रीय अखंडता के साथ खड़ा है।

अराघची ने लेबनानी संसद स्पीकर नबीह बेरी और हिजबुल्लाह प्रमुख नईम कासिम को रेजिस्टेंस एंड लिबरेशन डे पर संदेश भेजकर लेबनान की सरकार, जनता और रेजिस्टेंस को बधाई दी। यह दिन 2000 में दक्षिणी लेबनान से इजराइली सेना की वापसी की याद में मनाया जाता है।

यह बयान ऐसे समय आया है, जब अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने हिजबुल्लाह की आलोचना करते हुए लेबनान-इजराइल बातचीत ठुकराने का आरोप लगाया है।

इस बीच अमेरिका-ईरान संभावित समझौते में लेबनान युद्ध खत्म करने का मुद्दा शामिल होगा या नहीं, यह अभी साफ नहीं है। 2 मार्च से जारी संघर्ष में अब तक 3 हजार से ज्यादा लोग मारे जा चुके हैं।

03:31 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

दक्षिणी लेबनान के टायर शहर में इजराइल का मिसाइल हमला

दक्षिणी लेबनान के टायर शहर में इजराइल ने मिसाइल हमला किया। मिसाइल घनी आबादी वाले अल-मसाकेन इलाके में गिरा, जिसका वीडियो भी सामने आया है। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में मिसाइल को टायर शहर के अल-मसाकेन इलाके की तरफ तेजी से आते और फिर जोरदार धमाके के साथ गिरते देखा जा सकता है। यह इलाका घनी आबादी वाला माना जाता है।

फिलहाल हमले में कितने लोग घायल हुए या कितना नुकसान हुआ, इसे लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

03:05 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका-ईरान के बातचीत धीमी पड़ी

अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध खत्म करने को लेकर चल रही बातचीत सोमवार को धीमी पड़ गई। दोनों देशों के बीच ईरान के परमाणु कार्यक्रम और प्रतिबंधों में राहत को लेकर सहमति नहीं बन सकी है।

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक बातचीत में सबसे बड़ा मतभेद ईरान के परमाणु कार्यक्रम और तेहरान को दी जाने वाली आर्थिक राहत को लेकर है। मध्यस्थों ने बताया कि इसी वजह से समझौते की दिशा में प्रगति धीमी हो गई है।

इस बीच ईरानी संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ के नेतृत्व वाला प्रतिनिधिमंडल दोहा में बैठकें पूरी करने के बाद सोमवार रात तेहरान लौटेगा।

02:28 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

लेबनान में इजराइली हमले के बाद आसमान तक मलबा उठा 

इजराइल ने दक्षिणी लेबनान के टायर शहर के अल-हौश इलाके में मिसाइल हमला किया। हमले के बाद जोरदार धमाका हुआ और मलबा आसमान तक उछलता दिखाई दिया।

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। फिलहाल हमले में हुए नुकसान या हताहतों को लेकर आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है।

02:03 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान का दावा- खाड़ी क्षेत्र में दुश्मन ड्रोन मार गिराया

ईरान ने दावा किया है कि उसने खाड़ी क्षेत्र के हवाई क्षेत्र में एक दुश्मन ड्रोन को मार गिराया है। ईरानी न्यूज एजेंसी फार्स के मुताबिक यह कार्रवाई ईरान के अराश-ए-कमांगीर इंटरसेप्टर ड्रोन सिस्टम के जरिए की गई।

हालांकि ईरान ने यह साफ नहीं किया कि गिराया गया ड्रोन किस देश का था और वह किस मिशन पर था। घटना को लेकर किसी अन्य देश की तरफ से भी तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

01:34 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका से डील पर बातचीत के लिए ईरानी नेता कतर पहुंचे

ईरान के संसद अध्यक्ष मोहम्मद बाघेर गालिबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची संभावित अमेरिका-ईरान समझौते पर बातचीत के लिए दोहा पहुंचे हैं।

रॉयटर्स के मुताबिक, कतर के प्रधानमंत्री शेख मोहम्मद बिन अब्दुलरहमान अल थानी के साथ हो रही बैठक में होर्मुज स्ट्रेट, ईरान के उच्च संवर्धित यूरेनियम भंडार और फ्रीज फंड्स पर चर्चा हो रही है।

ईरानी केंद्रीय बैंक गवर्नर भी प्रतिनिधिमंडल में शामिल हैं। संभावित डील का मकसद क्षेत्रीय युद्ध खत्म करने और तनाव कम करने का रास्ता निकालना है।

01:10 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प बोले- मुस्लिम देश इजराइल से रिश्ते सुधारें

ट्रम्प ने मुस्लिम देशों से इजराइल के साथ रिश्ते बेहतर करने को कहा है। उन्होंने शनिवार को मोहम्मद बिन सलमान, मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान, तमिम बिन हमद अल थानी, आसिम मुनीर, रजब तैयब एर्दोआन, अब्देल फतह अल-सिसी, अब्दुल्ला द्वितीय और हामद बिन ईसा अल खलीफा समेत कई नेताओं से बातचीत की।

ट्रम्प ने सोशल मीडिया पर लिखा कि अमेरिका ने ईरान संकट को सुलझाने के लिए बहुत मेहनत की है। इसलिए अब जरूरी है कि ये सभी देश अब्राहम समझौते में शामिल हों। यानी कि इजराइल के साथ रिश्ते बेहतर करें। उन्होंने जिन देशों का नाम लिया उनमें सऊदी अरब, कतर, पाकिस्तान, तुर्की, मिस्र और जॉर्डन शामिल थे।

ट्रम्प ने कहा कि UAE और बहरीन पहले से अब्राहम अकॉर्ड्स का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि कुछ देशों के पास शामिल न होने की ‘एक-दो वजहें’ हो सकती हैं लेकिन ज्यादातर देशों को इस समझौते के लिए तैयार होना चाहिए। ट्रम्प के इस ऐलान से पाकिस्तान जैसे देशों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं।

12:42 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- समझौते पर अभी बड़ा ब्रेकथ्रू नहीं

ईरान के वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालीबाफ और अब्बास अराघची ने कतर की राजधानी दोहा में संभावित अमेरिका-ईरान समझौते पर बातचीत की। बातचीत का मुख्य फोकस होर्मुज स्ट्रेट को दोबारा खोलने और ईरान के यूरेनियम भंडार पर रहा।

ईरान ने कहा कि बातचीत में कुछ मुद्दों पर प्रगति हुई है, लेकिन अभी किसी बड़े ब्रेकथ्रू का दावा नहीं किया जा सकता। ईरान ने कहा कि परमाणु मुद्दों पर अलग से 60 दिनों तक बातचीत जारी रहेगी। प्रतिबंध हटाने, विदेशों में जमे ईरानी फंड और यूरेनियम संवर्धन को लेकर अब भी बड़े मतभेद बने हुए हैं।

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा कि अमेरिका कूटनीतिक समाधान की हर संभव कोशिश करेगा, उसके बाद ही किसी दूसरे विकल्प पर विचार होगा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने चेतावनी दी कि अंतिम समझौते पर हस्ताक्षर होने तक ईरान पर अमेरिकी ब्लॉकेड जारी रहेगा।

12:38 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज से पिछले 24 घंटे में 32 जहाज गुजरे

ईरानी नौसेना ने कहा है कि होर्मुज स्ट्रेट से 32 जहाजों को गुजरने दिया गया है।

इनमें तेल ले जाने वाले टैंकर, कंटेनर जहाज और दूसरे कारोबारी जहाज शामिल हैं।

ईरान ने कहा कि इन जहाजों को उसकी आईआरजीसी नौसेना की मंजूरी और सुरक्षा निगरानी के बाद रास्ता दिया गया।

हालांकि होर्मुज स्ट्रेट अभी भी पूरी तरह नहीं खोला गया है। फिलहाल ईरान सिर्फ चुनिंदा जहाजों को जांच के बाद गुजरने दे रहा है।

12:10 PM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका-ईरान समझौते को लेकर कतर में बैठक शुरू

ईरान के शीर्ष वार्ताकार मोहम्मद बाघेर गालीबाफ और विदेश मंत्री अब्बास अराघची कतर की राजधानी दोहा पहुंचे हैं। वहां उनकी कतर के प्रधानमंत्री के साथ अमेरिका-ईरान संभावित समझौते को लेकर बातचीत हो रही है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बातचीत का मुख्य फोकस होर्मुज स्ट्रेट और ईरान के एनरिच्ड यूरेनियम भंडार पर है।

अधिकारी ने यह भी बताया कि ईरान के केंद्रीय बैंक के गवर्नर भी इस प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा हैं। वे संभावित अंतिम समझौते के तहत विदेशों में जमे ईरानी फंड को जारी कराने के मुद्दे पर चर्चा कर रहे हैं।

11:46 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ट्रम्प का मुस्लिम देशों पर इजराइल को मान्यता देने का दबाव

ईरान युद्ध को खत्म करने की बातचीत के बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प अब सिर्फ सीजफायर या शांति समझौते तक सीमित नहीं रहना चाहते। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक वह पूरे पश्चिम एशिया की राजनीतिक तस्वीर बदलने की कोशिश कर रहे हैं।

अमेरिकी वेबसाइट एक्सियोस की रिपोर्ट के मुताबिक ट्रम्प का मकसद यह है कि ईरान के साथ युद्ध खत्म होने के बाद ज्यादा से ज्यादा मुस्लिम और अरब देश इजराइल को आधिकारिक मान्यता दें और अब्राहम अकॉर्ड्स (समझौते) में शामिल हों। इससे पाकिस्तान और इजराइल जैसे देशों के लिए मुश्किलें बढ़ गई हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…

11:31 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी राष्ट्रपति बोले- अमेरिका के दबाव में समझौता नहीं होगा

ईरान के राष्ट्रपति मसूद पजशकियान ने कहा है कि तेहरान अमेरिका के दबाव या अत्यधिक मांगों के आगे नहीं झुकेगा। ईरान और अमेरिका के बीच हाल के हफ्तों में पाकिस्तान की मध्यस्थता से अप्रत्यक्ष बातचीत चल रही है।

इन वार्ताओं का फोकस युद्ध खत्म करने, क्षेत्रीय तनाव कम करने और होर्मुज स्ट्रेट में सुरक्षित आवाजाही बहाल करने पर है। हाल के दिनों में अमेरिकी अधिकारियों ने भी ईरान को चेतावनी दी थी कि अगर बातचीत सफल नहीं हुई तो सैन्य विकल्प खुले रहेंगे।

10:58 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान न्यूक्लियर डील के बारे में जानिए

अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा के समय 2015 में ईरान के साथ जो परमाणु समझौता हुआ था, उसे आसान भाषा में ईरान न्यूक्लियर डील कहा जाता है। इसका आधिकारिक नाम जॉइंट कॉम्प्रिहेंसिव प्लान ऑफ एक्शन (JCPOA) था।

दरअसल, अमेरिका, इजराइल और कई पश्चिमी देशों को डर था कि ईरान परमाणु बम बना सकता है। ईरान परमाणु कार्यक्रम रोकने के लिए तैयार नहीं था। उसका कहना था कि वह सिर्फ बिजली बनाने और वैज्ञानिक कामों के लिए है।

इसके बाद अमेरिका और ईरान के बीच समझौता हुआ। इस समझौते के तहत ईरान अपने यूरेनियम संवर्धन को सीमित करने को तैयार हो गया। अपने परमाणु ठिकानों की अंतरराष्ट्रीय जांच की अनुमति दी।

इसके बदले ईरान को कई फायदे हुए। जैसे अमेरिका और यूरोपीय देशों ने कई आर्थिक प्रतिबंध हटाए। ईरान को अंतरराष्ट्रीय व्यापार और तेल बेचने में राहत मिली। विदेशों में फंसा अरबों डॉलर का ईरानी पैसा वापस मिलने लगा।

लेकिन ट्रम्प ने इस समझौते का विरोध किया। उनका कहना था कि इससे ईरान को बड़ा फायदा मिल रहा है, जबकि यह गारंटी नहीं देता कि ईरान भविष्य में कभी परमाणु हथियार बनाने की कोशिश नहीं करेगा। 2018 में ट्रम्प अमेरिका को इस समझौते से बाहर ले गए। इसके बाद अमेरिका ने फिर से कड़े प्रतिबंध लगा दिए।

अमेरिका और ईरान के बीच 14 जुलाई 2015 को परमाणु डील पर दस्तखत हुए थे। यह तस्वीर उसी दिन की है। इसमें अमेरिका और ईरान के डेलिगेशन हैं।

10:33 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

गालिबाफ फिर ईरान के संसद स्पीकर बने

ईरान के वरिष्ठ नेता मोहम्मद बाघेर गालिबाफ लगातार सातवीं बार देश की संसद के स्पीकर चुने गए हैं। गालिबाफ हाल के महीनों में अमेरिका के साथ जारी वार्ता और युद्धविराम बातचीत में भी अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वे ईरान की सत्ता संरचना में उन्हें प्रभावशाली चेहरों में माना जाता है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, ईरान-इजराइल तनाव और अमेरिका के साथ बढ़ते टकराव के बीच गालिबाफ की राजनीतिक भूमिका और मजबूत हुई है।

गालिबाफ पूर्व रिवोल्यूशनरी गार्ड कमांडर रह चुके हैं और लंबे समय तक तेहरान के मेयर भी रहे। वे 2020 से संसद स्पीकर हैं और ईरान की कट्टरपंथी राजनीति के प्रमुख चेहरों में गिने जाते हैं।

09:22 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी विदेश मंत्री UNSC बैठक में शामिल नहीं होंगे, अमेरिकी वीजा नहीं मिला

ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची न्यूयॉर्क में होने वाली संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की बैठक में हिस्सा नहीं ले पाएंगे।

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई ने कहा कि इसकी वजह अमेरिकी वीजा से जुड़ी समस्या है। रिपोर्ट के मुताबिक अराघची को अमेरिका जाने के लिए जरूरी वीजा नहीं मिल पाया।

09:08 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

एक्सपर्ट बोले- ट्रम्प को इजराइल से कोई खास फायदा नहीं मिल सकता

इजराइली पॉलिटिकल एक्सपर्ट ओरी गोल्डबर्ग का कहना है कि डोनाल्ड ट्रम्प अब इजराइल से ज्यादा अमेरिका के हितों को प्राथमिकता दे सकते हैं।

उन्होंने यह बात उन खबरों के बीच कही, जिनमें दावा किया गया है कि इजराइली नेता अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।

ओरी गोल्डबर्ग ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इजराइल इस समय बेहद कमजोर स्थिति में है और वह ट्रम्प को कोई खास फायदा नहीं दे सकता।

उन्होंने यह भी कहा कि गाजा युद्ध की भारी कीमत इजराइल को अभी पूरी तरह चुकानी बाकी है। एक दूसरे पोस्ट में गोल्डबर्ग ने कहा कि ईरान के मुद्दे पर अमेरिका और इजराइल की सोच कभी पूरी तरह एक जैसी नहीं रही।

उनके मुताबिक ट्रम्प का मुख्य फोकस ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर था, जबकि इजराइल ईरान में सत्ता परिवर्तन और बड़े स्तर पर तबाही चाहता था।

08:51 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- होर्मुज का कंट्रोल उसके आस पास के देशों का होना चाहिए

ईरान ने कहा है कि होर्मुज का कंट्रोल वहां के आसपास मौजूद देशों के हाथ में होना चाहिए। ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता बघाई ने कहा कि ईरान जहाजों से कोई अलग टैक्स नहीं लेगा। लेकिन अगर सुरक्षा या दूसरी सुविधाएं दी जाएंगी, तो उसके बदले पैसे लेना सामान्य बात है।

उन्होंने कहा कि ईरान इस इलाके के दूसरे देशों से लगातार बात कर रहा है, ताकि समुद्री रास्ता सुरक्षित रहे और सभी देशों के हित सुरक्षित रहें।

08:30 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान को आशंका- इजराइल बातचीत बिगाड़ने की कोशिश करेगा

ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ईस्माइल बघाई ने कहा कि इजराइल अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत को कमजोर करने की कोशिश कर सकता है। उन्होंने कहा कि इजराइली शासन पूरी कोशिश कर रहा है कि यह समझौता न हो सके। हमें उम्मीद है कि वह बातचीत को प्रभावित करने की कोशिश करेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि कुछ देश लगातार युद्ध और टकराव की बात कर रहे हैं, जिसका असर अमेरिकी अधिकारियों पर भी पड़ सकता है।

08:12 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान बोला- अमेरिका की धमकियों से नहीं डरते

ईरान के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ईस्माइल बघाई ने कहा कि उनका देश अमेरिका की धमकियों की परवाह नहीं करता। उन्होंने कहा कि इस बात की कोई गारंटी नहीं है कि अमेरिका किसी संभावित समझौते का पूरी तरह पालन करेगा।

बघाई के मुताबिक पिछले कुछ हफ्तों में जो बदलाव देखने को मिले हैं, उनमें पाकिस्तान और कुछ दूसरे देशों की मध्यस्थता की बड़ी भूमिका रही है। हालांकि फिलहाल किसी पाकिस्तानी अधिकारियों के तेहरान आने की कोई आधिकारिक योजना नहीं है।

07:56 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

होर्मुज को फिर खोलने पर ओमान और EU में बातचीत

ओमान के विदेश मंत्री बद्र बिन हमद अल बुसैदी ने यूरोपीय संघ (EU) की विदेश नीति प्रमुख काजा कालास से फोन पर बात की। ओमान के विदेश मंत्रालय के मुताबिक दोनों नेताओं ने मिडिल ईस्ट के हालात और इलाके में बढ़ते तनाव पर चर्चा की।

बातचीत में होर्मुज में समुद्री आवाजाही फिर से शुरू कराने और क्षेत्र में तनाव कम करने की कोशिशों का समर्थन किया गया। इसके अलावा यूरोपीय संघ और ओमान के बीच चल रहे सहयोग और साझेदारी पर भी चर्चा हुई।

07:37 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी सांसद बोले- हम कभी दबाव और धमकी के आगे नहीं झुकेंगे

ईरान के सांसद इब्राहिम रेजाई ने कहा कि ईरान दबाव और धमकियों के आगे कभी नहीं झुकेगा। इब्राहिम रेजाई ईरान की संसद की राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के प्रवक्ता हैं।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, मिलिट्री वॉर में हमारी पॉलिसी आंख के बदले आंख थी और डिप्लोमेसी लड़ाई में भी जवाब उसी तरह दिया जाएगा।

रेजाई ने ट्रम्प पर तंज करते हुए कहा कि अमेरिका समय के दबाव में है। अगर अमेरिका समझौता चाहता है तो उसे बातचीत करनी चाहिए। अमेरिका अपनी सख्ती जारी रखता है तो वहां पेट्रोल और गैस की कीमतें बढ़ सकती हैं।

07:17 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

पाकिस्तान के सेना प्रमुख पीएम शहबाज के साथ चीन पहुंचे

पाकिस्तान के सेना प्रमुख असीम मुनीर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ के साथ चीन पहुंचे हैं। टीवी रिपोर्टों के मुताबिक यह दौरा ऐसे समय हो रहा है, जब अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की कोशिशें जारी हैं।

असीम मुनीर को अमेरिका और ईरान के बीच बातचीत कराने की कोशिशों में अहम भूमिका निभाने वाला माना जा रहा है।

पिछले हफ्ते वह पाकिस्तान के गृह मंत्री मोहसिन नकवी के साथ ईरान गए थे। वहां उन्होंने अमेरिका और इजराइल से जुड़े तनाव को कम करने और युद्ध रोकने को लेकर बातचीत की थी।

इस बीच चीन ने कहा है कि वह पाकिस्तान के साथ मिलकर मिडिल ईस्ट में जल्द शांति और स्थिरता लाने के लिए सकारात्मक भूमिका निभाएगा।

06:54 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका बोला- ईरान जंग को लेकर आज बड़ी खबर आ सकती है

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि ईरान के साथ चल रही बातचीत को लेकर आज कोई बड़ी खबर सामने आ सकती है। उन्होंने कहा कि रविवार को दोनों देशों के बीच समझौता नहीं हो पाया, लेकिन इसे बहुत बड़ी बात नहीं मानना चाहिए।

रूबियो के मुताबिक अमेरिका ने ईरान के सामने एक मजबूत प्रस्ताव रखा है। इसमें होर्मुज को खोलने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर तय समय के भीरत गंभीर बातचीत करने की बात शामिल है।

06:34 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले चीनी करेंसी 3 साल के सबसे मजबूत स्तर पर

चीन की करेंसी युआन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले तीन साल के सबसे मजबूत स्तर पर पहुंच गई है। इसकी बड़ी वजह अमेरिका और ईरान के बीच संभावित समझौते और होर्मुज फिर से खुलने की उम्मीद मानी जा रही है।

चीन की मुद्रा युआन अमेरिकी डॉलर के मुकाबले करीब 6.78 युआन प्रति डॉलर के स्तर तक पहुंच गई है, जो फरवरी 2023 के बाद सबसे मजबूत स्तर है।

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक बाजार को उम्मीद है कि अगर होर्मुज खुलता है तो तेल और गैस की सप्लाई सामान्य होने लगेगी। इससे दुनियाभर के बाजारों में तनाव कम हो सकता है।

चीन के एक बैंक के ट्रेडर ने कहा कि अभी समुद्री व्यापार पूरी तरह सामान्य होना मुश्किल है, लेकिन थोड़ी भी सुधार की खबर बाजारों के लिए अच्छी मानी जाएगी।

06:13 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

इजराइल के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अदालत जाएगा मलेशिया

मलेशिया की सरकार इजराइल के खिलाफ अंतरराष्ट्रीय अदालत में मामला ले जाने की तैयारी कर रही है। आरोप है कि गाजा जा रहे राहत जहाजों में शामिल कार्यकर्ताओं का अपहरण किया गया और उनके साथ गलत व्यवहार किया गया।

रिपोर्ट के मुताबिक मलेशिया की कानूनी टीम इस मामले से जुड़े सबूत और दस्तावेज इकट्ठा कर रही है।

सेलांगोर राज्य के मुख्यमंत्री अमीरुद्दीन शारी ने कहा कि राहत जहाजों में शामिल लोगों के साथ मारपीट और यातना की घटनाओं को लेकर यह कदम उठाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि इनमें कुछ मलेशियाई नागरिक भी शामिल थे। हम चुप नहीं रहेंगे। हम इस मामले को अंतरराष्ट्रीय अदालत तक ले जाएंगे।

05:56 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

लेबनान के राष्ट्रपति बोले- इजराइली सेना की वापसी सबसे बड़ी मांग

लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ आउन ने रेजिस्टेंस एंड लिबरेशन डे के मौके पर बयान जारी किया। यह दिन साल 2000 में दक्षिण लेबनान से इजराइल के 22 साल पुराने कब्जे के खत्म होने की याद में मनाया जाता है।

जोसेफ आउन ने कहा कि इस बार यह दिन ऐसे समय पर आया है, जब इजराइल अब भी दक्षिण लेबनान के कुछ गांवों में मौजूद है और लगातार हमले कर रहा है।

उन्होंने कहा कि लेबनान की सबसे बड़ी मांग यही है कि इजराइली सेना पूरी तरह वापस जाए। उनके मुताबिक लेबनान सरकार बातचीत के जरिए इस टारगेट को हासिल करने की कोशिश कर रही है।

राष्ट्रपति आउन ने कहा कि यह बातचीत किसी समझौते या आत्मसमर्पण के लिए नहीं हो रही, बल्कि लेबनान की जमीन, संप्रभुता और सुरक्षा की रक्षा के अधिकार को मजबूत करने के लिए हो रही है।

05:24 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

दो जहाज होर्मुज पार करके पाकिस्तान और चीन की तरफ बढ़े

रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक LNG ले जाने वाले दो बड़े जहाज होर्मुज पार कर चुके हैं। इनमें से एक जहाज पाकिस्तान जा रहा है और दूसरा चीन की तरफ बढ़ रहा है।

पहला जहाज फुवैरित कतर से गैस लेकर निकला था और मंगलवार तक पाकिस्तान पहुंच सकता है। दूसरा जहाज अल रायान भी अब होर्मुज से बाहर निकल चुका है। यह जहाज 27 जून तक चीन पहुंच सकता है।

05:08 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान में तख्तापलट मामले में दोषी उग्रवादी नेता को फांसी

ईरान की तसनीम समाचार एजेंसी के मुताबिक सरकार ने अब्बास अकबरी नाम के एक उग्रवादी नेता को फांसी दे दी है। उस पर जनवरी में कथित तख्तापलट की कोशिश में शामिल होने का आरोप था।

रिपोर्ट के अनुसार ईरान के सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद अब्बास अकबरी को फांसी पर लटकाया गया।

अदालत ने उसे मोहारेबेह यानी ईश्वर के खिलाफ दुश्मनी के आरोप में दोषी ठहराया था। उसके ऊपर सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और इस्फहान प्रांत के नाइन इलाके में सुरक्षा बलों पर गोली चलाने का भी आरोप था।

04:47 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

एक्सपर्ट बोलीं- समझौते के बाद भी बाजार में लंबे समय तक तनाव बना रहेगा

ट्रम्प ने शनिवार को कहा था कि ईरान के साथ समझौता काफी हद तक तय हो चुका है। इस प्रस्ताव में होर्मुज को फिर से खोलने की बात भी शामिल है। इससे दुनियाभर के बाजारों में राहत की उम्मीद जगी।

लेकिन सिंगापुर की ऑयल एक्सपर्ट जून गोह का कहना है कि असली स्थिति अभी भी गंभीर बनी हुई है। उनके मुताबिक जब तक होर्मुज पूरी तरह नहीं खुलता, तब तक हर दिन करीब 1 से 1.1 करोड़ बैरल कच्चे तेल की सप्लाई प्रभावित रहेगी।

जून गोह ने कहा कि समझौता होने के बाद बाजार को उम्मीद है कि समुद्र में फंसे करीब 10 करोड़ बैरल तेल की सप्लाई फिर शुरू हो जाएगी।

हालांकि उनका मानना है कि समझौते के बाद भी बाजार तुरंत नॉर्मल नहीं होगा। ऑयल प्रोडक्शन और रिफाइनरी सिस्टम को पूरी तरह पहले जैसी स्थिति में लौटने में करीब 3 से 6 महीने लग सकते हैं।

04:25 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

गाजा सिटी के पास मछुआरों पर इजराइली सेना की गोलीबारी, तीन घायल

गाजा में युद्ध के बीच फिलिस्तीनी मछुआरे लगातार खतरे में अपनी रोजी रोटी कमाने की कोशिश कर रहे हैं। रविवार को गाजा सिटी के समुद्री इलाके में इजराइली नौसेना ने फिलिस्तीनी मछुआरों की नावों पर गोलीबारी की। इस हमले में तीन मछुआरे घायल हो गए।

फिलिस्तीनी इन्फॉर्मेशन सेंटर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो भी शेयर किया है। इसमें इजराइली सैनिक मछुआरों की नावों पर गोली चलाते नजर आते हैं।

गाजा में लंबे समय से जारी युद्ध और नाकाबंदी के कारण आम लोगों की जिंदगी बेहद मुश्किल हो चुकी है। मछुआरे भी समुद्र में जाने के दौरान लगातार हमलों और गिरफ्तारी के डर का सामना कर रहे हैं।

04:04 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

क्या रूस और ईरान की दोस्ती कमजोर पड़ रही है?

1990 के दशक में रूस ने ईरान को मध्य पूर्व में अपना प्रभाव बनाए रखने के लिए एक जरूरी साथी के रूप में देखना शुरू किया था।

इसके बाद रूस ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में कई बार अपने वीटो अधिकार का इस्तेमाल करके ईरान पर लगने वाले अंतरराष्ट्रीय प्रतिबंधों को रोकने या धीमा करने की कोशिश की। बदले में ईरान ने रूस से अरबों डॉलर के हथियार खरीदे। इनमें लड़ाकू विमान, हेलिकॉप्टर, एयर डिफेंस सिस्टम और छोटे हथियार शामिल थे।

लेकिन अब कई विशेषज्ञ मानते हैं कि रूस और ईरान का रिश्ता सिर्फ जरूरत पर टिका हुआ है, असली भरोसे पर नहीं।

रूस और ईरान संबंधों के जानकार निकिता स्मागिन ने अल जजीरा से कहा कि दोनों देश केवल अपने अलगाव और पश्चिमी दबाव की वजह से करीब आए हैं। उनके मुताबिक यह रिश्ता पूरी तरह व्यवहारिक है, भावनात्मक नहीं।

निकिता स्मागिन ने कहा, वे एक दूसरे को सच में पसंद नहीं करते। उन्होंने यह भी कहा कि ईरान में लोगों की रूस को लेकर ऐतिहासिक यादें अच्छी नहीं हैं। यहां तक कि ईरान के रूढ़िवादी मीडिया में भी अक्सर कहा जाता है कि रूस पर पूरी तरह भरोसा नहीं किया जा सकता।

03:47 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी विदेशमंत्री बोले- ईरान से अभी भी बातचीत जारी

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने कहा है कि अमेरिका और ईरान के बीच समझौते को लेकर बातचीत अभी जारी है। इसमें होर्मुज को खुला रखने और ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर तय समय के भीतर गंभीर बातचीत करने का प्रस्ताव शामिल है।

उन्होंने कहा कि इस योजना को खाड़ी देशों का भी समर्थन मिल रहा है और दुनिया के कई देश इसे सही कदम मान रहे हैं। रूबियो के मुताबिक अमेरिका का मानना है कि यह समझौता पूरी दुनिया के हित में हो सकता है।

भारत दौरे के दौरान पत्रकारों से बात करते हुए मार्को रूबियो ने कहा कि ट्रम्प किसी जल्दबाजी में नहीं हैं। वे कोई खराब समझौता नहीं करेंगे। रूबियो ने यह भी कहा कि अमेरिका पहले कूटनीति को पूरा मौका देना चाहता है और उसके बाद ही दूसरे विकल्पों पर विचार किया जाएगा।

03:34 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

एक्सपर्ट ने ईरान जंग को ट्रम्प की गलती बताया

कुवैत यूनिवर्सिटी के पॉलिटिकल एक्सपर्ट अब्दुल्ला अलशायजी ने कहा है कि यह ईरान जंग जरूरत की वजह से नहीं, बल्कि पसंद से शुरू की गई थी।

अल जजीरा से बातचीत में उन्होंने कहा कि डोनाल्ड ट्रम्प को लगा था कि ईरान बहुत कमजोर हो चुका है और वहां की सरकार को आसानी से गिराया जा सकता है। लेकिन आखिर में यह सोच पूरी तरह गलत साबित हुई।

अब्दुल्ला अलशायजी ने कहा कि ईरान अब अमेरिका के अंदर बढ़ते दबाव को अपने पक्ष में इस्तेमाल कर रहा है। खास तौर पर अमेरिका में तेजी से बढ़ती ईंधन कीमतों और लोगों की नाराजगी को ईरान अपनी ताकत मान रहा है।

उन्होंने कहा कि इसी वजह से पूरे पश्चिम एशिया में तनाव बढ गया है और आम लोग इसकी कीमत चुका रहे हैं। अब्दुल्ला अलशायजी के मुताबिक पिछले कई सालों में दुनिया अब सबसे बडे ऊर्जा संकट का सामना कर रही है।

03:09 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिकी सांसद बोले- ट्रम्प ईरान जंग में एक भी टारगेट हासिल नहीं कर पाए

अमेरिका के डेमोक्रेट सांसद क्रिस मर्फी ने कहा है कि अगर युद्ध खत्म होता है तो यह अच्छी बात होगी, लेकिन इससे डोनाल्ड ट्रम्प की गलतियां नहीं छिप सकतीं।

क्रिस मर्फी ने कहा कि इस युद्ध में हजारों बेगुनाह लोगों की जान गई और कई देशों की अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान हुआ।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि ट्रम्प अपने लगातार बदलते टारगेट में से एक भी हासिल नहीं कर पाए। ईरान अब भी होर्मुज को बंद करने की क्षमता रखता है और उसके बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन कार्यक्रम भी जारी हैं।

क्रिस मर्फी ने यह भी कहा कि ईरान की नई सरकार अब पहले से ज्यादा मजबूत और आत्मविश्वास से भरी हुई नजर आ रही है। अमेरिका ने अपनी पूरी ताकत लगाई, लेकिन ईरान पीछे नहीं हटा।

02:53 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी फुटबॉल टीम का बेस कैंप अमेरिका से मेक्सिको शिफ्ट, जंग के कारण फैसला

ईरान ने अपना बेस कैंप अमेरिका से मेक्सिको में ट्रांसफर कर दिया है। ईरान फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष मेहदी ताज ने शनिवार को यह जानकारी दी। हालांकि, अभी तक फीफा ने इसकी पुष्टि नहीं की है।

ईरान को एरिजोना के टक्सन में ट्रेनिंग शिविर लगाना था, लेकिन मिडिल-ईस्ट में युद्ध और सुरक्षा चिंताओं के कारण इसे कहीं और ट्रांसफर करने की चर्चा थी। टक्सन के कीनो स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के अधिकारियों ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की।

ईरानी एसोसिएशन का कहना है कि टीम अब सैन डिएगो के दक्षिण में स्थित मेक्सिको के तिजुआना में ठहरेगी। वर्ल्ड कप 11 जून से 19 जुलाई तक चलेगा। अमेरिका, कनाडा और मेक्सिको इसकी मेजबानी कर रहे हैं। पढ़ें पूरी खबर…

02:33 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान 5 मुद्दों पर अमेरिका से नाराज

1. जब्त संपत्ति का मामला- ईरान का कहना है कि अमेरिका ने उसकी करीब डेढ लाख करोड रुपये की विदेशी संपत्ति जब्त कर ली है। इसमें सबसे ज्यादा पैसा विदेशी बैंकों में जमा था।

2. यूरेनियम को लेकर विवाद- ईरान के पास करीब 450 किलो समृद्ध यूरेनियम बताया जा रहा है। अमेरिका और उसके साथी देश इसे खतरा मान रहे हैं। ईरान का कहना है कि इस मुद्दे पर वह अमेरिका से बात नहीं करेगा।

3. युद्ध भडकाने का आरोप- ईरान ने आरोप लगाया कि अमेरिका उस पर युद्ध थोपना चाहता है। ईरान ने कहा कि अगर हमला हुआ तो पूरे मध्य पूर्व में असर पडेगा और कई देशों को नुकसान होगा।

4. होर्मुज पर तनाव- ईरान ने दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण तेल रास्तों में से एक होर्मुज को लेकर भी चेतावनी दी है। कहा जा रहा है कि अगर हालात बिगडे तो यह रास्ता बंद किया जा सकता है, जिससे तेल सप्लाई पर असर पडेगा।

5. अमेरिका को चेतावनी- ईरान ने कहा कि अगर अमेरिका या इजराइल ने उसके परमाणु ठिकानों पर हमला किया तो वह जवाब देगा और पश्चिम एशिया में अमेरिकी ठिकानों को निशाना बनाया जा सकता है।

02:18 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरान जंग का असर- भारत में पेट्रोल-डीजल के दाम इस महीने चौथी बार बढ़े

तेल कंपनियों ने आज 25 मई को पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा कर दिया है। इस बढ़ोतरी के बाद दिल्ली में अब एक लीटर पेट्रोल की कीमत ₹102.12 और डीजल की कीमत ₹95.20 हो गई है।

इस महीने चौथी बार बढ़ीं पेट्रोल और डीजल की कीमतें

ईंधन की कीमतों में इस महीने में यह चौथी बढ़ोतरी है…

  1. 25 मई को पेट्रोल ₹2.61 प्रति लीटर और डीजल ₹2.71 प्रति लीटर महंगा।
  2. 23 मई को पेट्रोल 87 पैसे, डीजल 91 पैसे महंगा किया गया था।
  3. 19 मई को पेट्रोल और डीजल के दामों में एवरेज 90 पैसे की बढ़ोतरी की गई थी।
  4. 15 मई को भी कीमतों में ₹3 प्रति लीटर का इजाफा किया गया था।

इस बढ़ोतरी की मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव है। ईरान और अमेरिका की जंग शुरू होने से पहले क्रूड ऑयल के दाम 70 डॉलर थे जो अब बढ़कर 100 डॉलर प्रति बैरल के पार पहुंच गए हैं।

क्रूड की कीमतें बढ़ने से तेल कंपनियां दबाव में थीं। इसलिए कंपनियों ने घाटे की भरपाई के लिए यह कदम उठाया है। अगर कच्चे तेल की कीमतों में लंबे समय तक तेजी बनी रहती है तो पेट्रोल-डीजल की कीमतें और भी बढ़ाई जा सकती हैं। पढ़ें पूरी खबर…

02:15 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

अमेरिका बोला- हिजबुल्लाह लेबनान में शांति नहीं चाहता

अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो ने हिजबुल्लाह पर लेबनान में जानबूझकर तनाव और अस्थिरता फैलाने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि हिजबुल्लाह देश को फिर से हिंसा और परेशानी की तरफ ले जा रहा है।

मार्को रूबियो ने लेबनान की सरकार का समर्थन करते हुए कहा कि अमेरिका देश के पुनर्निर्माण, मदद और बेहतर भविष्य के लिए उसके साथ खडा है। लेबनान की सरकार शांति और विकास चाहती है, लेकिन हिजबुल्लाह हालात बिगाड रहा है।

वहीं हिजबुल्लाह के प्रमुख नईम कासिम ने लेबनान सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि सरकार ने ऐसे फैसले लिए हैं जिनसे प्रतिरोध को गलत ठहराया जा रहा है। सरकार ने हिजबुल्लाह से जुडे लोगों पर लगे अमेरिकी प्रतिबंधों का विरोध नहीं किया।

01:33 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

नेतन्याहू बोले- ईरान को कभी परमाणु हथियार हासिल नहीं करने देंगे

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने अभी तक अमेरिका और ईरान के बीच उभर रहे संभावित समझौते पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।

हालांकि, उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपनी और ट्रम्प की एक AI से बनाई गई तस्वीर शेयर की। इसके साथ नेतन्याहू ने लिखा, “ईरान कभी भी परमाणु हथियार हासिल नहीं करेगा।”

नेतन्याहू लंबे समय से ईरान के परमाणु कार्यक्रम के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते रहे हैं। इजराइल लगातार दावा करता रहा है कि ईरान का परमाणु कार्यक्रम उसके लिए बड़ा सुरक्षा खतरा है, जबकि ईरान हमेशा कहता आया है कि उसका परमाणु कार्यक्रम केवल शांतिपूर्ण उद्देश्यों के लिए है।

01:33 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ईरानी सांसद बोले- हमारी शर्तों के बिना अमेरिका से समझौता मंजूर नहीं

ईरान के सांसद महमूद नबावियन ने कहा है कि अगर अमेरिका के साथ होने वाले किसी समझौते में ईरान की मुख्य मांगें शामिल नहीं होतीं, तो वह समझौता ईरानी जनता की जीत को हार में बदल देगा।

नबावियन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि समझौते में कई अहम शर्तें शामिल होनी चाहिए। इनमें होर्मुज स्ट्रेट पर ईरान की संप्रभुता, युद्ध हर्जाना, सभी प्रतिबंधों को हटाना, टोल वसूली का अधिकार, विदेशों में फंसी ईरानी रकम की रिहाई, क्षेत्र से अमेरिकी वापसी, यूरेनियम संवर्धन के अधिकार को स्वीकार करना और ईरान की तरफ से मांगी गई सुरक्षा गारंटी शामिल हैं।

उन्होंने कहा कि अगर इन मांगों को शामिल किए बिना कोई समझौता किया जाता है, तो वह ईरान के लिए नुकसानदेह होगा।

01:32 AM25 मई 2026

  • कॉपी लिंक

ओमान-ईरान के बीच होर्मुज खोलने को लेकर चर्चा

ओमान और ईरान के अधिकारियों के बीच रविवार को एक बैठक हुई, जिसमें होर्मुज स्ट्रेट से जहाजों की आवाजाही की आजादी को लेकर चर्चा की गई।

ओमान की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक दोनों पक्षों ने अंतरराष्ट्रीय कानून के तहत समुद्री रास्तों पर आवाजाही के नियमों पर बातचीत की।

यह बैठक ऐसे समय हुई है जब होर्मुज स्ट्रेट को लेकर क्षेत्र में तनाव बना हुआ है और अमेरिका-ईरान वार्ता भी जारी है।

खबरें और भी हैं…



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें