.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CM भगवंत मान से जुड़ी रही। वायरल VIDEO विवाद के बीच CM ने कहा कि जिस लैब में टेस्ट हुए उसके मालिकों को FIR की धमकी देकर डराया गया। इसके साथ इस विवाद में 3 नए खुलासे भी हुए हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. CM बोले- वायरल VIDEO विवाद में BJP खुद फंसी

पंजाब सीएम भगवंत मान ने विवादित वायरल वीडियो को लेकर भाजपा और अकाली दल पर निशाना साधा। उन्होंने चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि जिस लैब में टेस्ट हुए उसके मालिकों को FIR की धमकी देकर डराया गया है। भाजपा खुद फंस गई है। विरोधी फर्जी वीडियो बना रहे हैं।
इससे पहले वायरल वीडियो को लेकर नए खुलासे हुए। हरियाणा के फॉरेंसिक एक्सपर्ट जसप्रीत जस्सी ने दावा किया कि पंजाब के बड़े अफसरों ने गुरुग्राम के पॉश इलाके में स्थित फाइव स्टार होटल क्राउन प्लाजा में एक सीक्रेट मीटिंग कर फर्जी रिपोर्ट तैयार कराई।
इसमें वीडियो को डीपफेक बताने के लिए कहा गया। 16 जून 2026 को हुई इस मीटिंग का CCTV फुटेज सामने आया है। जिसमें दावा किया जा रहा है कि इसमें लुधियाना के पुलिस कमिश्नर स्वपन शर्मा और SP जशनदीप गिल भी शामिल थे। इसके अलावा, SP जश्न गिल पंजाब के नाम से मोबाइल में सेव एक नंबर की वॉट्सऐप चैट भी सामने आई है। इसमें CM की वीडियो रिपोर्ट में बदलाव को लेकर बातचीत हो रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. तीन कत्ल कर सुसाइड, पहले चाची-चचेरे भाई, फिर फौजी की हत्या

गुरदासपुर के बटाला में मंगलवार देर रात एक व्यक्ति ने जमीनी विवाद में अंधाधुंध फायरिंग कर अपनी चाची और नाबालिग चचेरे भाई की हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने उसे रोकने के लिए आगे आए अपने ही फौजी दोस्त को भी गोली मार दी।
इसके तुरंत बाद आरोपी ने खुद के सिर में भी गोली मार आत्महत्या कर ली। इन सभी की लाशें घर के अंदर, बाहर और आरोपी की लाश घर की किचन में मिली। यह वारदात बटाला के थाना सेखवां के अंतर्गत आने वाले गांव मुंडी कराल में हुई है। पुलिस की जांच में सामने आया है कि गांव मुंडी कराल में रहने वाले व्यक्ति मनजोत सिंह का अपने ही परिवार से जमीन को लेकर झगड़ा चल रहा था।
मंगलवार देर रात यह विवाद इतना बढ़ गया कि मनजोत अपना आपा खो बैठा। उसने अपनी जेब से पिस्टल निकाली और सबसे पहले अपनी सगी चाची हरजीत कौर की छाती में गोली मारी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
3. BJP नेता कार्यक्रम के बीच अचानक बेहोश होकर गिरे

पंजाब BJP के सीनियर नेता व पूर्व मंत्री मनोरंजन कालिया की अचानक तबीयत बिगड़ गई है। जालंधर में एक कार्यक्रम के दौरान वह अचानक बेहोश हो गए। इससे वहां अफरातफरी मच गई। वह केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू के ROB उद्घाटन के कार्यक्रम में शामिल होने गए थे।
उनके बेहोश होते ही वहां मौजूद सुरक्षाकर्मियों और भाजपा नेताओं ने उन्हें उठाया और तुरंत अस्पताल ले गए। जहां डॉक्टर उनकी जांच कर रहे हैं। शुरूआती जानकारी में पता चला कि कालिया को कल बुखार हो गया था। हालांकि आज केंद्रीय राज्य मंत्री का कार्यक्रम होने की वजह से दूसरी लीडरशिप के साथ वह भी आ गए।
इस दौरान वह केंद्रीय राज्य मंत्री का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान उनके शरीर में सोडियम लेवल कम हो गया। जिससे उनका BP गिर गया और वह बेहोश हो गए। फिलहाल डॉक्टर उनकी जांच में जुटे हुए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. एअर इंडिया का विमान पाकिस्तान के एयरस्पेस में घुसा

एअर इंडिया की एक फ्लाइट सोमवार रात रास्ता भटककर पाकिस्तान के हवाई क्षेत्र में जा घुसी। इसे पाकिस्तान की एयर ट्रैफिक अथॉरिटी ने चेतावनी देकर वापस भेजा। विमान ने दिल्ली से उड़ान भरी थी और इसे अमृतसर लैंड होना था।
पाकिस्तान के एयर स्पेस से जब फ्लाइट लौटी तब तक अमृतसर एयरपोर्ट पर ट्रैफिक बढ़ गया था, ऐसे में इसे वापस दिल्ली भेज दिया गया। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया है कि तकनीकी खराबी के कारण यह फ्लाइट रास्ता भटक गई थी। मामले की जांच की जा रही है।
इससे पहले 12 जून को पाकिस्तान की भी पैसेंजर फ्लाइट फ्लाई जिन्ना-9P514 खराब मौसम के कारण भारतीय एयरस्पेस में घुस आई थी। लाहौर एयरपोर्ट से उड़ान भरने के कुछ ही समय बाद फ्लाइट रास्ता भटक गई थी। हालांकि, तकनीकी गड़बड़ी का अंदेशा होते ही फ्लाइट को वापस पाकिस्तानी एयरस्पेस में लाया गया। (पढ़ें पूरी खबर)
5. फौजी ने पत्नी को नहर में फेंककर मारा, कार में बैठाकर कुदाई

पंजाब के पटियाला में एक फौजी ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। उसने पहले पत्नी को कार में बैठाया और फिर भाखड़ा नहर में गिरा दी। खुद फौजी होने के कारण पति तैरकर सुरक्षित बाहर निकल आया, जबकि पत्नी की डूबने से मौत हो गई।
23 जून की रात फौजी पत्नी से किसी विवाद के बाद उसे भाखड़ा नहर पर बने पुल पर ले गया था। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और गोताखोरों को बुलाकर मृतका का शव बरामद किया।
पुलिस ने मृतका के भाई गुरजीत सिंह के बयान पर आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पत्नी की हत्या के पीछे की असल वजह का पता लगा रही है।आरोपी की पहचान मानसा के गांव बाजेवाला निवासी हैप्पी सिंह (32) के रूप में हुई है। वह भारतीय सेना में कार्यरत है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू को धार्मिक सजा सुनाई

केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत बिट्टू को धार्मिक सजा सुनाई गई है। वह चंडीगढ़ में SC कमीशन के सामने पेश हुए थे। इसके बाद आयोग ने उनका पक्ष सुनने के बाद राज्यमंत्री को 4 जगहों पर माथा टेकने को कहा। SC आयोग ने यह कार्रवाई पुलिस पर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में की है।
बिट्टू 4 स्थानों पर नतमस्तक होंगे। इनमें श्री दरबार साहिब (गोल्डन टेंपल), फिल्लौर स्थित डेरा ब्रह्मदास, भगवान वाल्मीकि जी का डेरा (रामतीर्थ, अमृतसर) और डेरा बल्लां में माथा टेककर आशीर्वाद प्राप्त करेंगे।
बिट्टू ने अपने वकीलों के जरिए अपना पक्ष रखा। उन्होंने कहा- मेरे शब्द 100 फीसदी कानूनी तौर पर गलत थे। इसके लिए मैंने माफी भी मांगी। मैंने अपने अकाउंट से वीडियो भी डिलीट कर दी थी। बिट्टू ने कहा कि उस समय हालात तनावपूर्ण थे और पुलिस के व्यवहार से वह भावुक हो गए थे। (पढ़ें पूरी खबर)
7. 35 एनकाउंटर सवालों के घेरे में, 10 में एक जैसे पैटर्न

पंजाब पुलिस के 4 सालों में किए 35 एनकाउंटर सवालों के घेरे में आ गए हैं। पंजाब मानवाधिकार संगठन (PHRO) ने मानवाधिकार आयोग को शिकायत कर कहा कि कई एनकाउंटर के मामलों में पुलिस की कहानी लगभग एक जैसी होती है। जिसमें आरोपी को गिरफ्तारी के बाद हथियार या नशा बरामदगी के लिए ले गए, वहां एनकाउंटर हो गया। कहीं पुलिसवालों की हत्या करने वालों का एनकाउंटर किया गया।
शिकायत में कहा गया कि ऐसे मामलों को पुलिस कोर्ट में पहुंचने से पहले निपटाने की कोशिश कर रही है। पंजाब मानवाधिकार आयोग ने इस मामले में DGP से रिपोर्ट तलब की है। इसकी सुनवाई 30 जून को होनी है। संगठन ने इस मामले में 35 एनकाउंटरों की जानकारी दी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि सत्ताधारी दल के कुछ प्रतिनिधि “गोली का बदला गोली” जैसी सोच को बढ़ावा दे रहे हैं। यह संविधान के अनुच्छेद 21 के खिलाफ है। साथ ही हाईकोर्ट के कुछ निर्देशों की अनदेखी भी की जा रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. मोहाली में तेज बारिश, मानसून की एंट्री इसी महीने

मोहाली में मंगलवार शाम अचानक तेज बारिश शुरू हो गई। चंडीगढ़ में भी मौसम बदल गया। तेज हवाओं के साथ काले बादल छाए हैं। मौसम विभाग ने भी पंजाब-चंडीगढ़ में अगले तीन दिन गरज-चमक के साथ बारिश व तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटा रहेगी।
मौसम विभाग के अनुसार, पटियाला, संगरूर, मालेरकोटला, फतेहगढ़ साहिब, लुधियाना, रूपनगर, एसबीएस नगर (नवांशहर), होशियारपुर, गुरदासपुर, जालंधर, कपूरथला, फाजिल्का, श्री मुक्तसर साहिब और पठानकोट जिलों के कुछ इलाकों में अगले कुछ घंटों के दौरान बिजली चमकने के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं चलने की संभावना है।
पंजाब में अभी गर्मी है, लेकिन इसी महीने के अंत में मानसून की एंट्री हो सकती है। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, 25 से 30 जून के बीच कभी भी मानसून की एंट्री हो सकती है। बड़े शहरों में मानसून पहले अमृतसर और आखिर में बठिंडा पहुंचेगा। वहीं, चंडीगढ़ में 27 से 30 जून के बीच मानसून की एंट्री होगी। 28–29 जून के आसपास चंडीगढ़ में अच्छी मानसूनी बारिश शुरू हो सकती है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. कल से वोटर लिस्ट की SIR, मैपिंग में 30 लाख मतदाता नहीं मिले

पंजाब में मतदाता सूची को अपडेट करने के लिए 25 जून से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान शुरू किया जा रहा है। इसके तहत राज्यभर में 24,453 बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। यह अभियान 24 जुलाई तक चलेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 1 अक्टूबर 2026 को प्रकाशित की जाएगी।
पंजाब की मुख्य चुनाव अधिकारी अनिंदिता मित्रा ने बुधवार को अभियान की रूपरेखा साझा की। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार यह प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी और व्यवस्थित तरीके से संचालित की जाएगी।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि राज्य में अब तक 86.02 प्रतिशत मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो चुकी है। जिन मतदाताओं की मैपिंग नहीं हो सकी है, उनकी सूची सभी राजनीतिक दलों को उपलब्ध करा दी गई है। चुनाव आयोग ने राजनीतिक दलों से अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके….
10. सिंगर बोला- CM मान जी, पुरुषों के खाते में भी ₹500 डलवा दो

पंजाब में महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने की आम आदमी पार्टी सरकार की योजना अभी पूरी तरह लागू भी नहीं हुई कि इसे लेकर सोशल मीडिया पर नई बहस छिड़ गई है। इस बार विवाद किसी राजनीतिक बयान या धरना-प्रदर्शन से नहीं, बल्कि एक गाने से शुरू हुआ है।
इंस्टाग्राम पर वायरल हो रहे 55 सेकेंड के एक वीडियो ने राज्य में जेंडर डिबेट को हवा दे दी है। तलवारा साइफर नाम के अकाउंट से शेयर किए गए इस वीडियो को कई लोग सरकार की योजना पर पुरुषों की प्रतीकात्मक ‘म्यूजिकल अपील’ के तौर पर देख रहे हैं।
गाने को बोल है किं सीएम मान को मेरा सीधा संदेश पहुंचा दो, पुरुषों के खाते में भी कम से कम 500 रुपए ही डलवा दो। कहीं ऐसा न हो कि सारा पैसा महिलाएं ही उड़ा दें। जितनी भी सुविधाएं हैं, वे सारी की सारी महिलाओं के लिए ही हैं। सरकारी रोडवेज बसों में भी सिर्फ महिलाओं को ही फ्री सफर की सुविधा मिली हुई है। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)







