.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर CTU की चलती बस की स्टीयरिंग लॉक होने से चुड़ी रही। मोहाली में बस बेकाबू होकर आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। जिससे 3 यात्री घायल हो गए और एक लड़की बस से नीचे गिर गई।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. अश्लील फोटो वाले निहंग को संगलों से बांधा, बुड्ढा दल ने दी धार्मिक सजा

निहंग जसदीप सिंह को उनके अश्लील फोटो सामने आने के बाद धार्मिक सजा दी गई है। बुड्ढा दल ने निहंग जसदीप सिंह के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की। इसके तहत जसदीप सिंह को संगल (जंजीरों) से बांधा गया और दंड स्वरूप डंडों से मार भी लगाई गई।
इस पूरी कार्रवाई की वीडियो और तस्वीरें बुड्ढा दल के दोआबा जोन के जत्थेदार मान सिंह ने अपने ऑफिशियल सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की हैं। वीडियो में जत्थेदार मान सिंह कहते हैं कि अश्लील तस्वीरें सामने आने के बाद जसदीप सिंह को पहले भी सजा सुनाई गई थी, लेकिन वह बीच में ही वहां से भाग गया था।
बुड्ढा दल के अनुसार, इस धार्मिक दंड के बाद निहंग जसदीप सिंह तब तक निहंगों का बाणा धारण नहीं कर सकेंगे, जब तक बड़े बाबाओं की ओर से आगे का आदेश जारी नहीं किया जाता। वहीं, सजा के दौरान जसदीप सिंह ने भी अपनी गलती स्वीकार करते हुए कहा कि अब वह अपनी सजा बीच में छोड़कर कहीं नहीं जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
2. चलती सरकारी बस का स्टीयरिंग लॉक, लड़की नीचे गिरी

मोहाली में रविवार को चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग (CTU) बस का अचानक स्टीयरिंग लॉक हो गया। जिससे बस आगे चल रहे कैंटर से टकरा गई। इस हादसे में 3 यात्री घायल हो गए। इस दौरान एक लड़की बस से नीचे गिर गई।
हादसे के कारण हाईवे पर लंबा जाम लग गया। सूचना मिलते ही मौके पर सड़क सुरक्षा फोर्स की टीम पहुंची। इसके बाद उन्होंने तुरंत हाईवे से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया और जाम खुलवाकर ट्रैफिक सुचारू किया। यह बस चंडीगढ़ से उत्तराखंड के नैनीताल जा रही थी।
जानकारी के अनुसार, सुबह करीब 8 बजे CTU की बस चंडीगढ़ से नैनीताल के लिए रवाना हुई थी। जीरकपुर में नेशनल हाईवे पर होटल मैरीलैंड के पास फ्लाईओवर खत्म होने के बाद जैसे ही बस स्लिप रोड पर पहुंचने वाली थी, तभी उसका स्टीयरिंग अचानक लॉक हो गया। इससे ड्राइवर बस पर नियंत्रण खो बैठा और बस आगे चल रहे कैंटर से जा टकराई। (पढ़ें पूरी खबर)
3. कुत्तों ने व्यक्ति को मारडाला, गली में पड़ा चीखता रहा

अमृतसर के इस्लामाबाद क्षेत्र की चौकिया वाली गली में शनिवार देर रात आवारा कुत्तों के हमले में 75 वर्षीय गुरदीप सिंह की मौत हो गई। टाहली साहिब मार्केट में कपड़ों की दुकान पर काम करने वाले गुरदीप सिंह रात को एक रिश्तेदार का हालचाल लेकर लौट रहे थे। तभी गली में घूम रहे 5 से 7 कुत्तों ने उन्हें घेरकर हमला कर दिया।
स्थानीय लोगों के अनुसार, गुरदीप सिंह काफी देर तक मदद के लिए आवाज लगाते रहे, लेकिन देर रात होने और घरों के दरवाजे-खिड़कियां बंद होने के कारण उनकी आवाज किसी तक नहीं पहुंच सकी। कुछ देर बाद राहगीरों ने उन्हें खून से लथपथ हालत में देखा और परिवार को सूचना दी, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
घटना के बाद परिवार ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर दिया और मीडिया से भी बात नहीं की। वहीं, स्थानीय लोगों ने आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक पर चिंता जताते हुए प्रशासन से उन्हें पकड़ने और लोगों की सुरक्षा के लिए तत्काल प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. छात्रा को पीछे से सुआ घोंपा, VIDEO सामने आया

पटियाला में दिनदहाड़े एक स्कूली छात्रा पर तेजधार सुए से हमला कर दिया गया। हमलावर पीछे से दबे पांव दौड़कर आया और गली में जा रही लड़की की टांगों के बीच सुआ मारकर तुरंत भाग गया। इसके बाद लड़की दर्द में कराहती हुई गली में ही बैठ गई।
लड़की को घायल अवस्था में एक निजी अस्पताल ले जाया गया था। वहां डॉक्टर ने उसकी मरहम पट्टी कर उसे छुट्टी दे दी। लड़की के टांगों के बीच हल्की चोट आई थी। पुलिस के मुताबिक, लड़की ने पेंट पहना था, जिससे सुए से वार का बचाव हो गया।
थाना लाहौरी गेट के इंस्पेक्टर सौरव सभरवाल ने बताया कि लड़की पर हमला करने वाले आरोपी को कल शाम को ही गिरफ्तार कर लिया था। जिसकी पहचान संजय उर्फ मूसा के नाम से हुई, विकास कॉलोनी का रहने वाला है। पूछताछ में सामने आया कि वह मानसिक तौर पर बीमार है और इसका इलाज भी चल रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
5. पंजाबी युवक ने डेढ़ मिनट में PM को बांधी शाही पगड़ी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जालंधर दौरे के दौरान हरे रंग की पगड़ी शहर के सनप्रीत सिंह ने बांधी। सनप्रीत ने पीएम मोदी को तीसरी बार पगड़ी पहनाई है। 17 जुलाई को सनप्रीत को प्रधानमंत्री के लिए हरे रंग की सेमी पटियाला शाही पगड़ी सजाने की जिम्मेदारी दी गई थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने महज डेढ़ मिनट में प्रधानमंत्री की पगड़ी सजा दी।
सनप्रीत के अनुसार, पगड़ी सजाते समय प्रधानमंत्री मोदी ने उनसे कहा था पिछली बार की तुलना में इस बार और बेहतर पगड़ी सजानी है। सनप्रीत ने बताया कि उनकी इच्छा थी कि वे प्रधानमंत्री से बातचीत करें, लेकिन पगड़ी सजाने पर पूरा ध्यान होने के कारण वे ज्यादा बात नहीं कर पाए।
सनप्रीत ने बताया कि एक दिन पहले केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत बिट्टू ने कार्यक्रम की जानकारी दी थी। उन्हें विशेष रूप से हरे रंग की पगड़ी लाने की मांग की गई थी। हालांकि, पुलिस वेरिफिकेशन और सुरक्षा प्रोटोकॉल की जल्दबाजी और हड़बड़ी में वे पगड़ी के नीचे बांधी जाने वाली ‘फिफ्टी’ (पटका) लाना भूल गए थे, जिसे समय रहते मौके पर ही मंगवा लिया गया। पिछली दो मुलाकातों में फिफ्टी नहीं बांधी गई थी, इसलिए इस बार उनके मन में इसे बांधने की विशेष इच्छा थी। (पढ़ें पूरी खबर)
6. युवती की लाश मिलने पर पुलिस और परिजन भिड़े, बोले- बेटी को मारकर टांग दिया

चंडीगढ़ के सेक्टर-10 स्थित रिटायर्ड IPS अधिकारी की कोठी में युवती का शव मिलने के मामले में रविवार को सेक्टर-16 अस्पताल में पोस्टमॉर्टम के दौरान परिजनों ने हंगामा किया। उनका आरोप है कि युवती की हत्या कर शव को फंदे से लटकाया गया, जबकि पुलिस इसे आत्महत्या के एंगल से भी जांच रही है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि उन्हें मौत की सूचना देर से दी गई। कोठी पहुंचने पर न तो बेटी का शव देखने दिया गया और न ही वह कमरा, जहां शव मिला था। उनका यह भी कहना है कि घटना के बाद अब तक कोठी मालिकों की ओर से कोई उनसे मिलने नहीं आया।
मृतका के भाई राहुल ने बताया कि उनकी बहन उत्तर प्रदेश के हरदोई की रहने वाली थी और एक सप्ताह पहले ही 12 हजार रुपए महीने की नौकरी पर इस कोठी में लगी थी। परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग की है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. पंजाबी फिल्म को पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर ने फर्जी बताया, एक्ट्रेस शहनाज गिल ट्रोल

एक्टर जय रंधावा और एक्ट्रेस शहनाज गिल की अपकमिंग पंजाबी फिल्म ‘इश्कनामा’ रिलीज से पहले ही विवादों में आ गई है। 24 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली इस फिल्म की कहानी भारतीय पंजाबी सिख युवक निम्मा और पाकिस्तानी पंजाबी युवती नसीमा के प्रेम पर आधारित है। 14 जुलाई को ट्रेलर रिलीज होने के बाद बहस छिड़ी गई।
फिल्म की कहानी और किरदारों पर भी सवाल उठ रहे हैं। सोशल मीडिया पर पाकिस्तानी इन्फ्लुएंसर का दावा है कि यह एक फर्जी कहानी है और पाकिस्तान में ‘नसीमा’ नाम नहीं होता। लोग या तो नसीम नाम रखते या सीमा। नसीमा नाम पहली बार सुना है।
इसके अलावा ट्रेलर लॉन्चिंग के दौरान में शहनाज गिल के बयान के बाद विवाद और बढ़ गया। शहनाज ने कहा कि अगर निम्मा को नसीमा मिल जाए तो वह दोनों को एक कमरे में छोड़ देंगी, उनके हाथ बांध देंगी और कहेंगी कि जफ्फी डाल लो और आज जी भरकर प्यार कर लो। इस बयान के बाद शहनाज गिल को भी ट्रोल किया जा रहा है। (पढें पूरी खबर)
8. छात्रा का NEET-UG में AIR-1 होने का दावा, बोली- अब वेबसाइट से रिजल्ट गायब

लुधियाना की रहने वाली एक लड़की ने री-नीट (Re-NEET UG) परीक्षा में AIR-1 होने का दावा किया है। इसके चलते घर पर मिठाइयां बांट दी गईं। लड़की ने बाकायदा रिजल्ट का स्कोरकार्ड दिखाया है, जिसमें उसके नंबर टॉपर आर्यन गुप्ता और पांशुल बंसल के बराबर 720 में से 715 अंक लिखे हुए हैं। हालांकि, मेरिट लिस्ट में उसका नाम नहीं है।
लड़की का दावा है कि वेबसाइट पर जब रिजल्ट जारी हुआ तो पहले दो बार चेक करने पर 715 अंक दिखाई दिए, जिसका उसने स्क्रीनशॉट ले लिया, लेकिन जैसे ही तीसरी बार चेक किया, तो रिजल्ट अचानक दिखना बंद हो गया। फिर कई बार चेक किया, लेकिन कुछ भी वेबसाइट पर शो नहीं हुआ।
गांव के सरपंच ने कहा कि छात्रा ने इसकी संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है, सिस्टम की इस लापरवाही के चलते पूरा परिवार परेशान है। लड़की को आज अधिकारियों ने दिल्ली बुलाया है। अगर वहां पर सामधान नहीं होता है, तो कोर्ट जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
9. सिख प्रचारक बोले- खालिस्तान का CM किसे बनाओगे

पंजाब के सिख प्रचारक सर्बजीत सिंह धुंदा ने खालिस्तान की बात करने वालों को उनकी असलियत दिखाई है। खालिस्तान को लेकर उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है। इसमें धुंदा ने कहा कि खालिस्तान की मांग करने वालों के पास कोई रोड मैप नहीं है।
खालिस्तान की मांग करने वालों को तो यह भी पता नहीं है कि इसे बनाना कहां है? धुंदा ने कहा- उन्हें खालिस्तान कभी नहीं मिलेगा। अगर एक फीसदी मान भी लो कि खालिस्तान बन भी गया तो आपका CM कौन होगा?
खालिस्तान बने बिना हम कुछ हद तक एकजुट तो हैं। अगर बन गया तो जुत्तमजुत्ता हो जाएंगे। ऐसे राज में फिर कौन रहेगा? CM को लेकर नानसरिए कहेंगे कि वह हमारा हो, टकसाली कहेंगे कि हमारा हो, मिशनरी कहेंगे कि हमारा हो। असली क्लेश तब होगा जब खजाना मंत्री पर बात आएगी। निहंग संगठन कहेंगे कि खजाना मंत्री हमारा लगाओ। खजाने की चाभी जब उनके पास होगी तो बरछा पकड़ कर खड़े हो जाएंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके….
10. पुलिस चाबी संभालती रह गई, ड्राइवर जब्त ट्रक लेकर भागा

पठानकोट के माधोपुर स्थित राज्य कर विभाग कार्यालय में ऐसा कारनामा हुआ, जिसने सुरक्षा व्यवस्था पर ही सवाल खड़े कर दिए। पुलिस की निगरानी में जब्त ट्रक खड़ा था, उसकी मुख्य चाबी सिपाही के पास थी, लेकिन ड्राइवर मुनीश खजूरिया फिर भी माल समेत ट्रक लेकर जम्मू-कश्मीर की ओर फरार हो गया।
घटना 16 जुलाई की सुबह की है। सीनियर सिपाही बलकार सिंह के मुताबिक, स्टेट टैक्स ऑफिसर विशाल कश्यप ने सुबह करीब 6:30 बजे जब्त ट्रक और उसमें लदा माल उनके सुपुर्द किया था। अमरनाथ यात्रा के चलते आगे का रास्ता बंद था, इसलिए वाहन टैक्स कार्यालय में ही खड़ा था। करीब 9:15 बजे ड्राइवर फोन सुनने का बहाना बनाकर बाहर निकला और कुछ ही देर बाद किसी दूसरी चाबी या दूसरे तरीके से ट्रक स्टार्ट कर वहां से निकल गया। पुलिस और सुरक्षाकर्मी देखते रह गए।
घटना के बाद पुलिस ने सरकारी काम में बाधा डालने और सरकारी राजस्व को नुकसान पहुंचाने के आरोप में केस दर्ज कर लिया है। अब जांच इस बात की हो रही है कि ड्राइवर ने गाड़ी कैसे स्टार्ट की और सुरक्षा घेरे को कैसे पार कर गया (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)







