Related Posts

punjab chandigarh news; Golden Temple Sacrilege Attempt


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर गोल्डन टेंपल से जुड़ी रही। यहां युवक ने बेअदबी की कोशिश की। पावन स्वरूप के सामने रखी तलवार निकाल की। इस दौरान सेवादारों ने उसे पकड़ लिया।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. गोल्डन टेंपल परिसर में बेअदबी की कोशिश, युवक ने तलवार निकाली

अमृतसर स्थित गोल्डन टेंपल परिसर स्थित गुरुद्वारा शहीद बाबा गुरबख्श सिंह में बेअदबी की कोशिश हुई। युवक ने बुधवार देर शाम पावन स्वरूप के सामने रखी तलवार निकाल ली। हालांकि, सेवादारों ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे पकड़ लिया।

शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने घटना की निंदा करते हुए बताया कि 35 वर्षीय युवक ने बेअदबी की कोशिश की। उसने श्री अकाल तख्त साहिब के पीछे स्थित गुरुद्वारे के दर्शन करने के बाद परिक्रमा की। गुरुद्वारे में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी का अखंड पाठ चल रहा था और उसने सामने रखी तलवार को उठा लिया। सेवादारों ने तुरंत उसे दबोच लिया।

युवक को पुलिस के हवाले करने से पहले जब ऐसा करने का कारण पूछा गया तो उसने कुछ नहीं बताया। सेवादारों ने आगे पूछा कि उसे किसने भेजा तो आरोपी ने कहा- मैं अपनी मर्जी से आया हूं। मैं कभी झूठ नहीं बोलता, न मैं किसी से डरता हूं। अगर गलत लगूं तो चाहे काट दो। (पढ़ें पूरी खबर)

2. आंधी से शेड उड़ा, लड़की का गला कटा, छत गिरने से महिला दबी

पंजाब और चंडीगढ़ में प्री-मानसून की एंट्री हो गई है। मोहाली में सुबह से बारिश हुई। मौसम विभाग ने बारिश के साथ ओले गिरने और आंधी का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। 17 जून तक मौसम खराब रहने की संभावना है।

वहीं रात में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। जिससे फाजिल्का के गांव झंगड़ भैणी में रसोई का सीमेंट का शेड उड़कर एक लड़की पर गिर गया, जिससे उसकी गर्दन कट गई और उसकी मौत हो गई। मृतका की पहचान सुनीता रानी के नाम से हुई। वहीं अमृतसर के पंजगराइयां निज्जरां में घर की छत गिर गई, जिससे एक महिला गंभीर घायल हो गई।

इसके अलावा कपुरथला की पुरानी सब्जी मंडी में बड़ा पेड़ गिर गया, जिसके नीचे एक ई रिक्शा भी आ गया। हालांकि ई-रिक्शा ड्राइवर और उसमें बैठी महिला सवारी बाल-बाल बच गए। लुधियाना में मकान का छज्जा गिर गया और छज्जे की ईंटें गली में खड़ी कार के ऊपर गिरी। जिससे कार क्षतिग्रस्त हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)

3. कॉकरोच जनता पार्टी का कल प्रदर्शन, फाउंडर ने VIDEO जारी किया

पंजाब में कॉकरोच जनता पार्टी की एंट्री हो गई है। पार्टी के फाउंडर अभिजीत दीपके कल यानी 13 जून को अमृतसर पहुंचेंगे। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। दीपके ने बताया कि 13 जून को शाम 4 बजे अमृतसर पहुंचेंगे। उन्होंने युवाओं से अमृतसर गेट पर एकत्र होने की अपील की है।

उन्होंने कहा कि NEET और CBSE छात्रों के समर्थन में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया जाएगा और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग मिलकर आवाज उठाएं तो NEET और CBSE के छात्रों को न्याय मिल सकता है।

कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की शुरुआत चीफ जस्टिस सूर्यकांत की एक टिप्पणी के बाद हुई। 15 मई को एक मामले की सुनवाई के दौरान उन्होंने कहा था कि कुछ बेरोजगार युवा कॉकरोच की तरह होते हैं, जो बाद में मीडिया, सोशल मीडिया या RTI एक्टिविस्ट बनकर सिस्टम पर हमला करते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

4. पंजाबी युवक की इंग्लैंड में किरच मारकर हत्या, 3 बहनों का इकलौता भाई

तरनतारन के खेमकरण से इंग्लैंड गए एक पंजाबी युवक की हत्या कर दी गई। साउथॉल शहर में एक युवक ने पीछे से किरच से वार कर दिया। इससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। युवक 4 साल पहले ही नौकरी के सिलसिले में पंजाब से इंग्लैंड आया था।

वह काम करके बाहर आय़ा था, तभी उसपर हमला हो गया। परिवार को इसकी सूचना उसके साथ रहने वाले दूसरे पंजाबी युवकों के माध्यम से मिली। फिलहाल साउथॉल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान गुरभेज सिंह (26 साल) के रूप में हुई। वो तरनतारन के खेमकरण के नजदीकी सीमावर्ती गांव महिंदीपुर के रहने वाला था। (पढ़ें पूरी खबर)

5. AAP मंत्री के पीछे दौड़ा भाजपा नेता, सुरक्षा घेरा तोड़ा

लुधियाना में भाजपा नेता स्थानीय निकाय मंत्री हरजोत बैंस के पीछे दौड़ पड़ा। मंत्री यहां पर क्लीन पंजाब मिशन के तहत फील्ड का जायजा लेने के पहुंचे थे। उन्होंने नगर निगम के जोन-ए कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक की।

बैठक खत्म होने के बाद जब मंत्री कार्यालय से बाहर निकले, तो भाजपा नेता विक्की सहोता पुलिस का घेरा तोड़कर उनके पीछे दौड़ पड़ा और नारेबाजी करने लगे। उनके साथ संघर्ष कमेटी का एक अन्य सदस्य भी था। हालांकि, मंत्री तक पहुंचने से पहले ही पुलिस ने दोनों को पकड़ लिया। विक्की सहोता मंत्री से मिलने की कोशिश करते रहे, लेकिन पुलिस ने उन्हें आगे नहीं जाने दिया।

दरअसल, विक्की सहोता संघर्ष कमेटी के कुछ सदस्यों के साथ कर्मचारियों की मांगों को लेकर मंत्री से मिलने पहुंचे थे। पुलिस ने उन्हें पहले ही घेरा बनाकर रोक लिया था और मंत्री तक नहीं पहुंचने दिया। वहीं, मंत्री हरजोत बैंस उनसे मिले बिना कार में बैठकर रवाना हो गए। (पढ़ें पूरी खबर)

6. छोले-कुलचे बेचने वाले का बेटा इंडियन क्रिकेट टीम में खेलेगा

जालंधर के युवा क्रिकेटर अर्जुन राजपूत का भारतीय अंडर-19 क्रिकेट टीम में चयन हुआ है। श्रीलंका दौरे पर जाने वाली बीसीसीआई की टीम में उनका नाम शामिल है। कूच बिहार ट्राफी में केरल के खिलाफ 200 रन बनाकर अर्जुन सिलेक्टर की नजर में आए।

अर्जुन ने अंडर-14 और अंडर-16 स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। कूच बिहार ट्रॉफी एलीट मुकाबले में पंजाब के लिए खेलते हुए उन्होंने सौराष्ट्र के खिलाफ 121 रनों की यादगार शतकीय पारी भी खेली थी। अर्जुन ने 7 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था।

अर्जुन ने भज्जी की अकादमी से कोचिंग ली है और पिता छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाते हैं। लेफ्ट हेंडर अर्जुन ने बताया कि उन्होंने अपनी शुरुआती कोचिंग जालंधर में ही कोच विक्रम सिद्धू से ली है। पंजाब से 4 प्लेयर का इंडिया की अंडर 19 टीम में सिलेक्शन हुआ है। इनमें सागर विर्क (पटियाला) अर्जुन राजपूत (जालंधर), अनमोलजीत सिंह (लुधियाना) और इशान सूद (रोपड़) शामिल हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

7. लेडी डॉक्टर की लाश नीली पड़ी थी, खिड़की से अंदर घुसे थे लोग

जालंधर की डॉक्टर मीनाक्षी की मौत मामले में नए खुलासे हुए हैं। पड़ोसियों के मुताबिक 10 जून को सुबह काम करने आई मेड को दरवाजा बंद मिला था। दरवाजा न खुलने पर खिड़की से अंदर गए। मीनाक्षी की बॉडी नीली पड़ी थी। उनके 2 पालतू कुत्ते अंदर थे। लोगों के मुताबिक ढाई घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची थी

मीनाक्षी की शादी जालंधर के डॉक्टर पीयूष के साथ अक्टूबर 2018 में हुई। शादी के 7 साल बाद भी दोनों के कोई बच्चा नहीं था। डॉ. मीनाक्षी एमएस थीं और कपूरथला के सरकारी अस्पताल में कार्यरत थीं। अभी मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है।

मीनाक्षी की मां नीलम ने आरोप लगाया कि बिहार में पढ़ाई के दौरान भी डॉक्टर पीयूष का व्यवहार ठीक नहीं था। वहां उसने स्टूडेंट को पीट दिया था और उस पर धारा 307 के तहत केस दर्ज हुआ था। उन्होंने कहा कि पीयूष शराब पीने का आदी था और मीनाक्षी को पिछले 1 साल से लगातार मेंटली और फिजिकली परेशान कर रहा था। उसका नर्स के साथ अफेयर है। उसके अश्लील वीडियो भी सामने आए हैं। डॉ. मीनाक्षी के परिवार का कहना है कि डॉ. पीयूष के इस वीडियो को मीनाक्षी ने देख लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)

8. हरियाणा के CM बोले- पंजाब सरकार हमें रोक रही

हरियाणा के CM नायब सिंह सैनी पटियाला के राजपुरा में सैनी समाज के सम्मेलन में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने AAP सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार ने प्रशासन के जरिए उनका कार्यक्रम रोकने की कोशिश की। पिछले दो दिनों से उनके कार्यक्रम को रोकने की कोशिश की जा रही थी।

उन्होंने कहा कि साथियों में परिवार के बीच आया हूं। मुझे यह बात अच्छी नहीं लगी। मैंने मान साहिब को कहा था कि यह काम न किया करो। एक दिन मैं सरदार शहीद ऊधम सिंह को पुष्प अर्पित करने सुनाम जाना था। जब मैं सुनाम गया तो वहां के एसएसपी का फोन मेरे स्टाफ को आया। मेरे को कहने लगे कि आप वहां पर न आए। वहां पर कुछ नहीं है। मैंने कहा कि कोई बात नहीं। मैंने तो शहीद ऊधम सिंह के स्थान पर जाना है। मैंने कोई और काम नहीं करना है।

सीएम सैनी ने कहा कि आम आदमी पार्टी भारी बहुमत से सत्ता में आई थी, लेकिन आज पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। उद्योगपति उनसे मिलते हैं और कहते हैं कि वे हरियाणा में उद्योग लगाना चाहते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

9. मेयर की जान को खतरा, कमिश्नर से सुरक्षा मांगी, 2 गार्ड पहले से तैनात

चंडीगढ़ के मेयर सौरभ जोशी ने जान को खतरा बताते हुए नगर निगम कमिश्नर से सुरक्षा बढ़ाने की मांग करते हुए पत्र लिखा है। मेयर ने पत्र में दावा किया है कि उन्हें उग्रवादी और खालिस्तान समर्थकों की ओर से धमकियां मिल रही हैं। पत्र में उन्होंने कहा- मुझे लगातार थ्रेट मिल रहे हैं। जान से मारने के ई-मेल भी मिले हैं। मुझे अतिरिक्त सुरक्षा उपलब्ध कराएं।

खास बात यह है कि मेयर की सुरक्षा में पहले से ही 2 पुलिसकर्मी तैनात हैं, जबकि नगर निगम कमिश्नर, जिनके पास पूरे निगम प्रशासन की जिम्मेदारी है, उन्हें केवल एक सुरक्षा गार्ड उपलब्ध है। ऐसे में अतिरिक्त सुरक्षा की मांग को लेकर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

सौरभ जोशी का मेयर के रूप में कार्यकाल एक वर्ष का है और उसका लगभग आधा समय पूरा हो चुका है। नगर निगम और प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार मेयर का पत्र संबंधित अधिकारियों तक पहुंच गया है। अब सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस विभाग से रिपोर्ट मांगी जा सकती है। खतरे के आकलन के बाद ही यह तय होगा कि मेयर की सुरक्षा बढ़ाई जाए या नहीं। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर हटके…

10. चलती ट्रॉली से मूंग चोरी कर रहे थे, लोगों ने की पिटाई की

लुधियाना के जगराओं में चलती ट्रॉली से मूंग चोरी करते दो बाइक सवार युवकों को लोगों ने रंगेहाथ पकड़ लिया। लोगों ने दोनों की पिटाई की और बाद में पुलिस को सूचना दी। जानकारी के अनुसार, भिंडर कलां का किसान अपनी मूंग से भरी ट्रॉली लेकर मंडी जा रहा था।

शेरपुरा चौक के पास ट्रॉली की रफ्तार धीमी होने पर पीछे से आ रहे दो बाइक सवार युवकों ने उसे निशाना बनाया। एक युवक चलती ट्रॉली पर चढ़ गया और बोरी में मूंग भरने लगा। पीछे आ रहे कुछ लोगों की नजर उस पर पड़ी। जैसे ही युवक भरी हुई बोरी लेकर नीचे उतरा, लोगों ने उसे और उसके साथी को पकड़ लिया।

मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई और लोगों ने दोनों की पिटाई कर दी। पूछताछ करने पर एक युवक ने खुद को मिस्त्री और दूसरे ने मजदूर बताया। लोगों का कहना है कि मूंगी के सीजन में मंडी और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं होते, जिसका फायदा चोर उठाते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

(कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें