spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

Punjab Chandigarh News | Dharmendra Pradhan Resignation, Crime & Sonu Sood


.

पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर नीट पेपर लीक मामले में Gen-Z ने प्रदर्शन से जुड़ी रही। उहोंने डीसी ऑफिस का घेराव किया। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद स्टूडेंट्स ने कहा- ये पहले हो जाना चाहिए था।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें…

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर स्टूडेंट्स बोले- देर आए दुरुस्त आए

पंजाब में शनिवार को नीट पेपर लीक मामले में Gen-Z ने प्रदर्शन किया। जालंधर में बड़ी संख्या में स्टूडेंट्स डीसी ऑफिस घेरने पहुंचे। प्रदर्शन कर रहे छात्रों ने कहा- हम धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा लेकर रहेंगे, तब तक नहीं मानेंगें। हालांकि, इस बीच शिक्षा मंत्री ने इस्तीफा दे दिया।

धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद स्टूडेंट्स ने कहा- ये पहले हो जाना चाहिए था। अगर पहले दिन हो जाता तो ये प्रोटेस्ट हमें करने न पड़ते। पीएम मोदी ने हमारी बात सुनी, खुशी है…देर आए दुरुस्त आए। वहीं, एक महिला ने कहा कि अब बच्चों के भविष्य से खिलवाड़ न हो, इसके लिए सरकार को कदम उठाना चाहिए।

इससे पहले स्टूडेंट्स कई तरह के मीम्स लिखे पो्सटर लेकर बैठे थे। जिसमें – कुचु पुचु रिजाइन दो… हम नागमणि नहीं इस्तीफा मांग रहे जैसे मीम लिखे। उधर, किसान संघ नेता जोगिंदर उगराहां ने ऐलान करते हुए कहा कि वो 27 जुलाई को स्टूडेंट्स के समर्थन में दिल्ली कूच करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

2. सोनू सूद मां-बाप को याद कर भावुक हुए, VIDEO शेयर किया

मोगा में पैदा हुए बॉलीवुड एक्टर सोनू सूद ने पेरेंट्स डे (रविवार, 26 जुलाई) से एक दिन पहले सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज शेयर किया है। इसमें वह अपने दिवंगत माता-पिता को याद कर भावुक हो गए।

उन्होंने कहा कि जिन लोगों के माता-पिता जिंदा हैं, उन्हें बताओ कि आप उन्हें कितना प्यार करते हो। क्योंकि, पता नहीं, आज वह हैं, लेकिन कह हों न हों! इस दौरान सोनू ने अपने माता-पिता के असमय निधन का भी जिक्र किया।

सोनू सूद ने कहा- मैं उन लोगों में से हूं, जिन्होंने बहुत जल्द अपने माता-पिता को खो दिया। और जो बात मैं आपसे कहने जा रहा हूं, वह किसी किताब से नहीं, बल्कि मेरे जीवन के सबसे मुश्किल दौर का एक पन्ना है। उन्होंने कहा- एक दिन मां-बाप चले जाएंगे। उस दिन तुम्हारे फोन में उनका नंबर तो होगा, लेकिन तुम्हारा फोन उठाने के लिए वे मां-बाप नहीं होंगे। (पढ़ें पूरी खबर)

3. 2 जिलों में तेज बारिश, 3 मंजिला इमारत गिरी

पंजाब में मानसून एक बार फिर पूरी तरह एक्टिव नजर आ रहा है। पठानकोट और जालंधर में शनिवार सुबह से बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट के साथ लोगों को गर्मी से राहत मिली। पिछले 24 घंटों के दौरान कपूरथला में सबसे अधिक 40.0 मिमी बारिश हुई।

गुरदासपुर के दीना नगर में जीटी रोड केसर सिनेमा के पास 3 मंजिला इमारत अचानक ढह गई। इसके अलावा जलालाबाद में बच्चों को लेकर स्कूल जा रही वैन सड़क धंसने के कारण फंस गई। उस समय वैन में कई बच्चे सवार थे, जिन्होंने डर के कारण शोर मचाना शुरू कर दिया। गनीमत रही कि वैन पलटने से बच गई।

मौसम विभाग के अनुसार, 28-29 जुलाई के लिए पंजाब और चंडीगढ़ में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं, 30 जुलाई को भी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने का अनुमान है। (पढ़ें पूरी खबर)

4. लेडी इंस्पेक्टर बोली- SI ने रेप किया, न्यूड वीडियो बनाया

लुधियाना में लेडी इंस्पेक्टर ने सब इंस्पेक्टर (SI) साहिबमीत सिंह पर रेप करने का आरोप लगाया है। लेडी इंस्पेक्टर ने पुलिस को दी शिकायत में कहा- साल 2023 में इंस्टाग्राम पर दोस्ती हुई थी। जब बात आगे बढ़ी तो आरोपी सब-इंस्पेक्टर ने मुल्लांपुर मिलने बुलाया।

यहां पर होटल में नशीला पदार्थ पिलाया और बेहोशी की हालत में पहली बार रेप किया। फिर अश्लील वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर लंबे समय तक शारीरिक शोषण करता रहा।

लेडी इंस्पेक्टर ने कहा कि वह आरोपी की हरकतों से पूरी तरह टूट गई थी। इसके बाद आरोपी सब इंस्पेक्टर की मां को उसने रो-रोकर अपनी पूरी कहानी बताई, तो आरोपी की मां ने अपने बेटे का साथ देते हुए बात को दबाने की कोशिश की। लेडी इंस्पेक्टर ने कहा- आरोपी ने अश्लील वीडियो पति को भेजने की धमकी देकर उस पर तलाक का दबाव बनाया।(पढ़ें पूरी खबर)

5. डी-फार्मेसी पेपर लीक, सड़क पर उतरी भाजपा

पंजाब में डी-फार्मेसी परीक्षाओं का पेपर लीक के मामले में बीजेपी सड़क पर उतर आई है। संगरूर में बीजेपी कार्यकर्ताओं ने सीएम मान का पुतला फूंका। भाजपा ने सरकार से इस मामले में कार्रवाई की मांग की है।

उनका कहना है कि सरकार परीक्षा में पारदर्शिता से लेकर कानून व्यवस्था के मामले में फेल है। आरोप है कि एक कॉलेज प्रिंसिपल ने खुद पांच छात्रों को नकल करवाई। पीड़ित छात्रों ने खुलासा किया कि उन्हें ब्लूटूथ डिवाइस उपलब्ध करवाकर पेपर लीक किए गए थे और बाद में साठगांठ के तहत उनका चयन भी करा दिया गया।

इस घोटाले में कथित तौर पर प्रति छात्र 3 लाख से लेकर 15 लाख रुपए तक की भारी-भरकम राशि तय की गई थी। उन्होंने कहा कि सफाई कर्मचारी अपनी जायज मांगों को लेकर लगातार हड़ताल पर हैं, जिससे पूरे प्रदेश के शहरों में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हुए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)

6. पिता को शराब पिलाकर बच्चे का अपहरण

मोहाली में 3 साल के बच्चे को किडनैप के करीब 7 घंटे बाद ही हरियाणा में अंबाला से बरामद कर लिया गया। इसके बाद शुक्रवार रात करीब 11 बजे उस बच्चे को उसके परिजन के हवाले कर दिया गया।

परिजन ने बताया था कि उनके बच्चे को एक अनजान व्यक्ति घर से उठा ले गया है। उसने बच्चे को बहलाने के लिए चिप्स भी दिलाया। यह घटना घर के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई। इसमें व्यक्ति बच्चे को ले जाता दिखा।

पुलिस ने शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए तकनीकी मदद से बच्चे को खोज लिया। हालांकि, बच्चे को ले जाने वाला नहीं पकड़ा गया। पुलिस अब उसकी खोज में छापे मार रही है।(पढ़ें पूरी खबर)

7. BSF के ASI की करंट लगने से मौत, 2 बेटियों के पिता थे

अबोहर में बीएसएफ के जवान की आज (25 जुलाई) दोपहर करंट लगने से मौत हो गई। पिछले दिनों हुई बारिश के कारण छत से पानी निकालने गए थे। छत पर वाइपर से सफाई करते समय वह ऊपर से गुजर रही हाईवोल्टेज तारों की चपेट में आ गए और करंट लगने से वहीं गिर पड़े।

पत्नी के शोर मचाने पर बीएसएफ के अधिकारियों ने उन्हें तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वहां से डॉक्टरों ने उन्हें रेफर कर दिया, जिसके बाद उन्हें सिविल अस्पताल लाया गया। जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान ASI विनोद के नाम से हुई, जो हरियाणा के जिला भिवानी के नंदगांव के रहने वाले थे। वह अपने पीछे पत्नी और 2 बेटियों को छोड़ गए हैं। छावनी के पास एक किराए के क्वार्टर में परिवार के साथ रहते थे। (पढ़ें पूरी खबर)

8. थाने के बाहर नशे में झूमता मिला युवक

अमृतसर में थाना सी-डिवीजन के गिलवाली गेट इलाके में एक युवक नशे की हालत में झूमता हुआ दिखाई दिया। यह घटना पुलिस थाने के बिल्कुल नजदीक हुई, जहां आसपास कई अन्य युवक भी नशा करते देखे गए।

पुलिस थाने के करीब नशेड़ियों का जमावड़ा लगना, आम इलाकों में स्थिति को लेकर चिंताएं बढ़ाता है। पंजाब में नशे की समस्या लंबे समय से एक गंभीर चुनौती बनी हुई है। सरकार और पुलिस नशा तस्करों तथा उनके नेटवर्क पर लगातार कार्रवाई का दावा करती रही है।

स्थानीय निवासियों ने चिंता व्यक्त की है कि यदि नशे पर प्रभावी नियंत्रण नहीं किया गया, तो पंजाब की युवा पीढ़ी का भविष्य खतरे में पड़ सकता है। उनका मानना है कि इस सामाजिक बुराई को खत्म करने के लिए केवल अभियानों से अधिक, जमीनी स्तर पर सख्त और निरंतर कार्रवाई की आवश्यकता है। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर विदेश से

9. गैंगस्टर बिल्ला जकार्ता से डिपोर्ट होकर पंजाब पहुंचा

पंजाब पुलिस को अंतरराष्ट्रीय संगठित अपराध के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एंटी गैंगस्टर टास्क फोर्स (AGTF) पंजाब ने OFTEC पंजाब और केंद्रीय एजेंसियों के साथ मिलकर इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से फरार गैंगस्टर जोबनजीत सिंह उर्फ जॉबन बिल्ला को भारत डिपोर्ट कर पंजाब ले आई है।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जॉबन बिल्ला हत्या, हत्या के प्रयास, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर मामलों में वांछित था। वह लंबे समय से विभिन्न देशों में छिपकर गिरफ्तारी से बच रहा था। पंजाब में उसके खिलाफ हत्या के चार मामले दर्ज हैं।

यह कार्रवाई पंजाब पुलिस के ‘ऑपरेशन नोमैड हंट’ के तहत की गई। करीब छह महीने तक चले इस विशेष अभियान में लगातार निगरानी, रणनीतिक खुफिया जानकारी जुटाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय एजेंसियों के साथ समन्वय स्थापित किया गया, जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर भारत लाया जा सका। (पढ़ें पूरी खबर)

खबर जरा हटके…

10. रास्ता मांगने पर युवक की पिटाई, ईंट-पत्थर बरसाए

लुधियाना में सिर्फ रास्ता मांगने की बात ने देखते ही देखते पूरे मोहल्ले को रणक्षेत्र बना दिया। पांच बदमाशों ने पहले एक युवक की पिटाई की और फिर गली में खुलेआम ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए।

घरों को निशाना बनाया गया, कई गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए और सीसीटीवी कैमरों को भी नुकसान पहुंचाया गया। सीसीटीवी फुटेज में पांचों युवक एक के बाद एक घरों की ओर पत्थर फेंकते हुए दिखाई दे रहे हैं।

घायल युवक तनुश ने बताया कि शुक्रवार देर रात वह अपने छोटे भाई के साथ बाइक पर घर लौट रहा था। रास्ते में कुछ युवक गली के बीचों-बीच एक्टिवा खड़ी कर खड़े थे। उसने उन्हें थोड़ा साइड होने के लिए कहा, लेकिन इस बात पर वे गाली-गलौज करने लगे। तनुश के अनुसार, विवाद बढ़ने पर युवकों ने पहले उसे थप्पड़ मारे और फिर पूरे इलाके में हंगामा करते हुए ईंट-पत्थर बरसाने शुरू कर दिए। (पढ़ें पूरी खबर) (कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles