रेवाड़ी के झज्जर चौक पर बिरयानी शॉप पर कर्मचारी से मारपीट केस में अब नया मोड़ आ गया है। सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें एक व्यक्ति रोटी बनाते समय उसपर थूकता नजर आ रहा है।
.
दावा किया जा रहा है कि ये व्यक्ति शिकायतकर्ता उस्मान है, जिसने 8 जुलाई की शाम युवकों द्वारा मारपीट का आरोप लगाया था। उस्मान ने पुलिस में शिकायत दी थी कि आरोपियों ने पैसे मांगने पर उसके साथ मारपीट की और उसका सामान फेंक दिया।
इसके बाद पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर जिला नागरिक अस्पताल से झज्जर चौक तक पैदल परेड़ करवाई थी।
हालांकि, सोशल मीडिया पर वायरल इस वीडियो की दैनिक भास्कर पुष्टि नहीं करता है। उधर, पुलिस भी इस वायरल वीडियो को केस से जुड़ा होने से इंकार कर रही है।
रेवाड़ी में आरोपियों के साथ सड़क पर पैदल चलती पुलिस।
जानिए क्या है पूरा मामला…
3 महीने पहले खोली बिरयानी की दुकान
जानकारी के अनुसार, खुर्शीद ने करीब तीन महीने पहले झज्जर चौक पर किराए पर बिरयानी की दुकान शुरू की थी। दुकान पर कई कारिंदे काम करते थे, जिनमें उस्मान भी शामिल था। करीब एक सप्ताह पहले ही उसने साथ लगती एक छोटी दुकान भी एक महीने का एडवांस देकर किराए पर ली थी।
रोटी बनाते समय हुआ विवाद
8 जुलाई की रात उस्मान दुकान पर तंदूर में रोटी बना रहा था। दावा है कि इसी दौरान कमल, गजराज और उनके साथ अन्य लोग दुकान पर पहुंचे। रोटी बनाते समय थूकने को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। हालांकि, दैनिक भास्कर इसकी पुष्टि नहीं करता है।
मारपीट के बाद से बंद पड़ी दुकान
घटना के बाद से दुकान बंद है। आसपास के लोगों के अनुसार विवाद के अगले दिन दो व्यक्ति दुकान पर आए, बर्तन आदि की सफाई की और फिर चले गए। इसके बाद दुकान नहीं खुली। लोगों का कहना है कि उन्हें यह नहीं पता कि वे कौन थे और अब कहां हैं। उस्मान ने पुलिस को दिए बयान में मालिक का नाम खुर्शीद बताया है, जबकि दुकान के बोर्ड पर सलमान और शाहरुख के नाम लिखे हैं।
उस्मान ने शिकायत में ये आरोप लगाए
उस्मान ने पुलिस को बताया कि 8 जुलाई की शाम 7:30 से 8 बजे के बीच 5-6 युवक दुकान में घुस आए। दो युवकों के हाथ में डंडे थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए उस पर हमला किया, जिससे उसके सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। बीच-बचाव करने आए खुर्शीद के साथ भी धक्का-मुक्की की गई और बिरयानी के पतीले फेंककर नुकसान पहुंचाया। भीड़ जुटने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पैदल निकाली परेड
पुलिस ने 9 जुलाई को कमल, गजराज और गोविंद को गिरफ्तार कर लिया। देर शाम जिला नागरिक अस्पताल में मेडिकल कराने के बाद तीनों को अस्पताल से झज्जर चौक तक पैदल ले जाया गया। पुलिस का कहना था कि सरकारी वाहन खराब होने के कारण आरोपियों को पैदल ले जाना पड़ा।
SHO बोले- ऐसा कोई मामला नहीं
शहर थाना एसएचओ सूबेसिंह ने कहा कि ऐसा कोई मामला नहीं है। उन्होंने वीडियो देखा था। जिसमें ऐसा कुछ भी स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। आरोपी अपने बचाव में इस प्रकार की अफवाह फैला रहे हैं। किसी की तरफ से अभी तक ऐसी कोई शिकायत भी नहीं मिली है। उन्होंने कहा कि सामाजिक सौहार्द बनाए रखने के लिए ऐसी अफवाहों से बचें।
——————
यह भी पढ़ें-रेवाड़ी पुलिस ने बदमाशों की परेड पैदल करवाई:SHO बोले-गाड़ी खराब हो गई थी; दुकानदार से मारपीट का था आरोप
रेवाड़ी में फूड कॉर्नर संचालक से मारपीट के तीन आरोपियों की पुलिस ने अस्पताल से झज्जर चौक तक पैदल परेड़ करवाई। शहर पुलिस की इस कार्रवाई को दुकानदारों और लोगों सड़क पर खड़े होकर देखते नजर आए। पूरी खबर पढ़ें…
