![]()
हिसार एयरपोर्ट से सफर करने वाले यात्रियों को परिसर में बेहतर बस सेवा मिल सकेगी। सिविल एविएशन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. जी. अनुपमा ने इस बाबत आदेश दिए हैं। उन्होंने बुधवार को महाराजा अग्रसेन हवाई अड्डा परिसर का दौरा किया और यहां के लंबित कार्यों व भविष्य की योजनाओं को लेकर संबंधित विभागों के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में उन्हें अवगत करवाया गया कि हिसार हवाई अड्डे से प्रत्येक 5 मिनट के अंतराल पर हवाई जहाज लैंड और टेक ऑफ कर सकता है। कैट 2 और ऑटो पायलट मोड पर लैंड करने के लिए आईलैश जैसी अनुमति अभी मिलना बाकी है। इस पर अतिरिक्त मुख्य सचिव ने कहा कि लंबित अनुमतियों को लेकर डीजीसीए से निरंतर संपर्क में रहें। जम्मू और अहमदाबाद के लिए फ्लाइट जल्द ACS को अवगत करवाया गया कि अभी महाराजा अग्रसेन हिसार हवाई अड्डे से दिल्ली, जयपुर, चंडीगढ़ और अयोध्या के लिए उड़ान सेवा उपलब्ध है। जल्द ही अहमदाबाद और जम्मू के लिए हवाई सेवा आरंभ करना प्रस्तावित है। अतिरिक्त मुख्य सचिव ने निर्देश दिए कि लोक निर्माण, सिंचाई, जन स्वास्थ्य विभाग तथा अन्य निर्माण एजेंसियों द्वारा एयरपोर्ट के लंबित कार्यों को त्वरित गति से पूरा किया जाए, क्योंकि इंटीग्रेटेड मैन्युफैक्चरिंग क्लस्टर के पहले चरण की स्थापना के उपरांत यहां पर काफी संख्या में हवाई जहाजों का परिचालन होगा। रन-वे टर्मिनल बिल्डिंग का दौरा किया बैठक के उपरांत अतिरिक्त मुख्य सचिव ने हवाई अड्डा परिसर के रन-वे टर्मिनल बिल्डिंग तथा एटीसी बिल्डिंग के निर्माण कार्यों के संबंध में भी निरीक्षण किया। इस अवसर पर उपायुक्त महेंद्र पाल, अतिरिक्त उपायुक्त उत्सव आनंद, एयरपोर्ट डायरेक्टर ओपी सैनी, डीएम अजय सक्सेना, प्रोजेक्ट डायरेक्टर कैप्टन एएस गिल, प्रोटोकोल ऑफिसर सतपाल आर्य, रॉबिन सिंह सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
Source link
हिसार एयरपोर्ट पर यात्रियों को मिलेगी बस सुविधा:सिविल एविएशन विभाग की अतिरिक्त मुख्य सचिव ने दिए आदेश, हवाई अड्डे का जायजा लिया







