![]()
हिसार में स्थित जिंदल रोलिंग मिल में 11 अप्रैल को हुए भट्ठी विस्फोट में गंभीर रूप से झुलसे 26 वर्षीय विशाल की इलाज के दौरान मौत हो गई। विशाल सातरोड खास का निवासी था। पुलिस ने मृतक के पिता राजकुमार के बयान पर मिल मालिक योगराज जिंदल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, यह घटना 11 अप्रैल को शाम करीब 4 बजे हुई थी। स्क्रैप गलाने वाली भट्ठी में अचानक विस्फोट हो गया, जिससे वहां काम कर रहे 5 मजदूर आग की चपेट में आ गए। हादसे में सभी मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए थे, जिनमें से 3 की हालत 80 प्रतिशत तक गंभीर बताई गई थी। सभी घायलों को जिंदल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। भट्ठी के काम पर जबरन लगाया था मृतक विशाल के पिता राजकुमार ने आरोप लगाया है कि फैक्ट्री में मजदूरों से लापरवाही से काम कराया जाता था और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम नहीं थे। उनके अनुसार, आग से बचाव के उपकरण और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं उपलब्ध नहीं थीं। परिजनों ने यह भी बताया कि हादसे के दिन विशाल की उस भट्ठी पर ड्यूटी नहीं थी, बल्कि उसे जबरन वहां काम पर लगाया गया था। विशाल की मौत इलाज के दौरान शनिवार को हुई। सोमवार को नागरिक अस्पताल में उसका पोस्टमार्टम कराया गया और शव परिजनों को सौंप दिया गया। देर शाम उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 5 साल पहले हुई थी शादी सीटू जिला सचिव मनोज सोनी ने बताया कि विशाल अपने परिवार का एकमात्र कमाने वाला सदस्य था। उसकी शादी करीब 5 साल पहले हुई थी और उसकी 4 साल की एक बेटी है। उसकी मौत से परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। मनोज ने इस घटना की निंदा की है। उन्होंने कहा कि यह हादसा औद्योगिक क्षेत्रों में मजदूरों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। मनोज कुमार ने प्रशासन से मांग की है कि आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा और न्याय दिलाया जाए।
Source link
हिसार जिंदल रोलिंग मिल के कर्मचारी की मौत:भट्ठी फटने से हादसा; 5 साल पहले हुई थी शादी, एक बच्ची का पिता







