![]()
हांसी जिले के नारनौंद क्षेत्र के गांव पेटवाड़ में रविवार को मधुमक्खियों के हमले से एक किसान की मौत हो गई। मृतक की पहचान 50 वर्षीय वेदपाल के रूप में हुई है, जो पेटवाड़ गांव का निवासी था। जानकारी के मुताबिक, वेदपाल रविवार सुबह अपने खेत में पशुओं के लिए हरा चारा लेने गया था। इसी दौरान खेत में मौजूद पहाड़ी मधुमक्खियों के झुंड ने उस पर अचानक हमला कर दिया। वेदपाल ने खुद को बचाने का काफी प्रयास किया, लेकिन मधुमक्खियों का झुंड लगातार हमला करता रहा। बचाने आए पड़ोसी पर भी किया हमला पास के खेत में काम कर रहे एक पड़ोसी ने वेदपाल को घबराकर भागते देखा। उसे लगा कि शायद बंदरों ने हमला किया है। वह डंडा लेकर उसे बचाने दौड़ा, लेकिन नजदीक पहुंचते ही मधुमक्खियों ने उस पर भी हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। हमले के दौरान वेदपाल ने अपने घर फोन कर घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे। पड़ोसी ने धुआं कर मधुमक्खियों को भगाया। इसके बाद परिजन घायल वेदपाल को तुरंत नारनौंद के सामान्य अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 3 बच्चों का पिता था वेदपाल अपने पीछे पत्नी, 2 बेटियां और एक बेटा छोड़ गए हैं। उनके बच्चे अभी पढ़ाई कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, वेदपाल खेती करके ही परिवार का पालन-पोषण करते थे। रविवार को भी वह परिवार की जिम्मेदारी निभाने के लिए ही चारा लेने खेत गए थे। प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग घटना के बाद पुलिस ने शव को हांसी के सामान्य अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। इस घटना से गांव में गम का माहौल है। परिजनों ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग की है, ताकि परिवार का पालन-पोषण हो सके और बच्चों की पढ़ाई जारी रह सके।
Source link
हांसी में मधुमक्खी के हमले से किसान की मौत:चारा लेने खेत गया था, बचाने आया पड़ोसी भी घायल, परिजनों ने मांगी सहायता







