![]()
अमृतसर में देर रात खूनी झड़प हुई, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। मृतक सुल्तान विंड ड्रमा वाले बाजार का रहने वाला था। मृतक के भाई लखबीर सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि कुछ लोग उसके भाई को घर से यह कहकर अपने साथ ले गए थे कि उनकी लड़ाई हो गई है और वह समझौता कराने के लिए जाना है। लेकिन वहां पहुंचते ही हालात अचानक बिगड़ गए और आरोपियों ने गोलियां चला दीं। इस हमले में उसके भाई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके साथ मौजूद अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी से आरोपियों की तलाश जारी मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी (एसएचओ) बलविंदर सिंह औलख ने बताया कि पुलिस फिलहाल पूरे मामले की गहन जांच कर रही है। उन्होंने पुष्टि की कि एक व्यक्ति की मौत हो चुकी है और अन्य घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और आरोपियों की पहचान करने की कोशिश कर रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा और मामले में सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Source link
अमृतसर में समझौता कराने गए युवक की गोली मारकर हत्या:चार साथी गंभीर रूप से घायल; पुलिस जांच में जुटी







