![]()
फतेहाबाद में नशे के एक मामले को दबाने के नाम पर रिश्वत लेने के आरोप में शुक्रवार देर शाम करनाल एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) की टीम ने कार्रवाई की। टीम ने ढाई लाख रुपए लेते हुए एक बिचौलिये को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान बिचौलिये ने दावा किया कि यह रकम टोहाना शहर थाना प्रभारी तक पहुंचाई जानी थी। इसके बाद एसीबी टीम थाना प्रभारी कुलदीप सिंह को भी पूछताछ के लिए अपने साथ फतेहाबाद ले आई। देर रात तक दोनों से पूछताछ जारी रही और टीम पूरे मामले की जांच में जुटी रही। जानकारी के अनुसार, गांव कलरभैनी निवासी एक व्यक्ति को कुछ दिन पहले नशे के एक मामले में पकड़ा गया था। हालांकि, उसके खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया गया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि मामला पूरी तरह रफा-दफा करने के बदले पहले पांच लाख रुपये की मांग की गई थी। बाद में सौदा ढाई लाख रुपये में तय हो गया। आरोप है कि शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना करनाल एसीबी टीम को दी। शिकायत मिलने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। तय कार्यक्रम के अनुसार शिकायतकर्ता ने बिचौलिये को ढाई लाख रुपये सौंपे। जैसे ही उसने रकम अपने कब्जे में ली, पहले से निगरानी कर रही टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। पूरी कार्रवाई एसीबी टीम की निगरानी में की गई। सूत्रों के मुताबिक, पूछताछ के दौरान बिचौलिये ने बताया कि यह राशि टोहाना शहर थाना प्रभारी तक पहुंचाई जानी थी। इसके बाद एसीबी टीम संबंधित थाना प्रभारी को भी अपने साथ फतेहाबाद ले गई, जहां देर रात तक दोनों से पूछताछ होती रही। टीम अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित लेन-देन में किन-किन लोगों की भूमिका रही और शिकायत में लगाए गए आरोप कितने सही हैं। जांच के बाद होगी आगे की कार्रवाई फिलहाल एसीबी टीम ने मामले में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया है। जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी अधिकारी की भूमिका को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Source link







