![]()
गुरुग्राम जिले में थाना खेडकी दौला क्षेत्र के भंगरोला गांव स्थित प्राचीन शिव मंदिर में शुक्रवार को पुजारी पर चाकू से हमला किया गया। इस हमले से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। हमले में पुजारी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए सिल्वर स्टिक अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां चिकित्सकों ने उनकी हालत खतरे से बाहर बताई है। जानकारी के अनुसार, मूल रुप से राजस्थान के भरतपुर निवासी नरेंद्र पिछले लगभग 15 वर्षों से भंगरोला के शिव मंदिर में पूजा-अर्चना कर रहे हैं। इसी दौरान आरोपी शिव कुमार निवासी फतेहपुर ब्लॉक, जिला अंबेडकर नगर (अयोध्या), उत्तर प्रदेश, वर्तमान में भंगरोला गांव में हनुमान मंदिर के पास रहता है, ने नरेंद्र पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मोटरसाइकिल से भागने का प्रयास कर रहा था। हालांकि, ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए उसका पीछा किया और मौके पर ही उसे पकड़ लिया। इसके बाद आरोपी को स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया। मौके पर पहुंची पुलिस, आरोपी से पूछताछ सूचना मिलते ही खेडकी दौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हमले के पीछे की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में कुछ समय के लिए तनाव का माहौल रहा। हालांकि, पुलिस की तत्परता से स्थिति सामान्य बनी हुई है। पुलिस का कहना है कि मामले में नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
Source link







