![]()
पंचकूला जिले में पिंजौर की एचएमटी सेब मंडी में सोमवार को व्यापारियों ने मंडी प्रशासन के खिलाफ धरना-प्रदर्शन करते हुए हड़ताल कर दी। व्यापारियों ने मंडी के सीनियर एग्री बिजनेस मैनेजर अजय हुडा पर मनमानी और दुर्व्यवहार का आरोप लगाया है। मंडी प्रधान बृजमोहन ने बताया कि अधिकारी अपनी जिम्मेदारियों का सही ढंग से निर्वहन नहीं कर रहे हैं। वे व्यापारियों के कार्यों में अनावश्यक हस्तक्षेप करते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मंडी में सीवरेज, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं हैं, जबकि अधिकारी प्रतिदिन बैठकें बुलाकर व्यापारियों का समय बर्बाद करते हैं। ‘दूसरे प्लेटफॉर्म भरा रहता है पानी’ व्यापारियों का कहना है कि पिछले वर्ष जिस प्लेटफॉर्म पर उन्होंने कार्य किया था, उसी पर इस वर्ष भी कार्य करने का सामूहिक निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद अधिकारी उन्हें दूसरे प्लेटफॉर्म पर काम करने के लिए मजबूर कर रहे हैं। व्यापारियों के अनुसार, वह प्लेटफॉर्म कार्य के लिए उपयुक्त नहीं है क्योंकि वहां पानी जमा रहता है। कालका विधायक को भी दी मामले की जानकारी व्यापारियों ने संबंधित अधिकारी पर खराब व्यवहार और अपने दायित्वों का सही ढंग से निर्वहन न करने का भी आरोप लगाया। इस संबंध में उन्होंने कालका विधायक शक्ति रानी शर्मा को भी अवगत कराया। व्यापारियों के अनुसार, विधायक ने तुरंत उच्च अधिकारियों से फोन पर बात की, लेकिन समस्या का समाधान अभी तक नहीं हुआ है। इसी के विरोध में व्यापारियों ने मंडी परिसर में धरना-प्रदर्शन जारी रखा और प्रशासन से जल्द उचित कार्रवाई तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने की मांग की। मंडी के रखरखाव की स्थिति भी चिंताजनक है। बीते 21 जुलाई को प्रदेश के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम के तहत यहां लगाए गए पौधे भी सूख चुके हैं।
Source link







