![]()
भिवानी जिला अनुसंधान इकाई ने नेक्सा एवरग्रीन धोलेरा के माध्यम से रुपए दोगुने करने का झांसा देकर 15 लाख 60 हजार की धोखाधड़ी करने के मामले में 2 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ हरियाणा, राजस्थान व मध्य प्रदेश में भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। भिवानी के गांव चांग के वार्ड नंबर 9 निवासी पवन कुमार ने शिकायत दी थी कि नेक्सा एवरग्रीन धोलेरा तथा उससे जुड़ी अन्य कंपनियों के संचालकों ने गूगल मीट, सोशल मीडिया एवं अन्य माध्यमों से लोगों को अपनी कंपनी में निवेश करने के लिए प्रेरित किया। आरोपियों ने गुजरात के धोलेरा स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट में निवेश का झांसा देते हुए मात्र 14 माह में निवेश की राशि दोगुनी करने तथा प्रत्येक माह 3 प्रतिशत रिटर्न देने का लालच दिया। शिकायतकर्ता ने एचडीएफसी बैंक भिवानी के माध्यम से कंपनी में 15,60,000 रुपए का निवेश किया। लेकिन उसे केवल 91,657 रुपए ही वापस मिले। इसके बाद किस्तें बंद कर दी और आरोपियों ने शिकायतकर्ता सहित अन्य लोगों के साथ धोखाधड़ी कर राशि हड़प ली। इस संबंध में थाना सदर भिवानी में धारा 406, 420 भारतीय दंड संहिता के तहत केस दर्ज किया गया था। राजस्थान के सीकर के रहने वाले आरोपी
जिला अनुसंधान इकाई के एएसआई सुरेंद्र ने न्यायालय से प्रोडक्शन वारंट के माध्यम से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के जिला सीकर के पनलावा तहसील लक्ष्मणगढ़ निवासी उपेंद्र कुमार पुत्र त्रिलोकचंद तथा सुभाष चंद्र पुत्र नेमीचंद के रूप में हुई है।
गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर 2 दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया। रिमांड अवधि के दौरान आरोपियों से पूछताछ की गई। पूछताछ में यह सामने आया कि आरोपियों के विरुद्ध हरियाणा, राजस्थान एवं मध्य प्रदेश में भी धोखाधड़ी के कई मामले दर्ज हैं। वहीं इस केस में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम प्रयासरत है।
Source link
भिवानी में ठगी के 2 आरोपी काबू:हरियाणा, राजस्थान व MP में केस दर्ज, सीकर के रहने वाले आरोपियों ने ठगे थे 15.60 लाख







