![]()
जिला पुलिस करनाल ने दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत सफलता हासिल की है। एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम और पुलिस चौकी सेक्टर-13 की टीम ने अलग-अलग कार्रवाई करते हुए मोटरसाइकिल चोरी के तीन मामलों का खुलासा किया है। इस दौरान तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की तीन बाइक बरामद की गई हैं। पहले दो मामलों में एंटी व्हीकल थेफ्ट टीम इंचार्ज सुरेंद्र कुमार के नेतृत्व में एएसआई दलीप सिंह की अगुवाई में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। वहीं तीसरे मामले में थाना सिविल लाइन के अंतर्गत पुलिस चौकी सेक्टर-13 इंचार्ज एसआई जसविंदर कौर की टीम ने एक अन्य आरोपी को दबोचा। आरोपियों की पहचान पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अरपनदीप निवासी खालसा कॉलोनी, गुरुद्वारा के पास, मुनक जिला करनाल, अमन निवासी गली नंबर 3, मंगल कॉलोनी करनाल थाना सेक्टर-32/33 और सतीश कुमार निवासी वार्ड नंबर 6, डीएवी स्कूल के पास नीलोखेड़ी जिला करनाल के रूप में की है। पूछताछ में कबूला जुर्म पुलिस पूछताछ के दौरान तीनों आरोपियों ने मोटरसाइकिल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर तीनों चोरीशुदा मोटरसाइकिल बरामद कर ली गईं, जिन्हें कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में लिया गया है। नशे और जल्दी पैसे की लालच बना वजह प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी जल्दी पैसा कमाने, नशे की लत पूरी करने और अपने शौक पूरे करने के लिए चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इनसे जुड़े अन्य मामलों की भी जांच कर रही है। कोर्ट में पेश कर भेजा जेल दोनों टीमों ने कार्रवाई पूरी करने के बाद तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जिला जेल करनाल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे ताकि वाहन चोरी जैसी घटनाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।
Source link
करनाल पुलिस ने पकड़े तीन वाहन चोर:चुराई गई तीन बाइक बरामद, नशे के लिए करते थे मोटरसाइकिल चोरी







