spot_imgspot_img

Top 5 This Week

spot_img

Related Posts

एक्सीडेंट में मौत के 66 दिन बाद हुई FIR:यमुनानगर में मां बोली- बेटे के दोस्त ने दिए थे गलत बयान, बचता रहा कार चालक




यमुनानगर में सड़क हादसे में घायल हुए युवक की मौत के मामले में करीब ढाई महीने बाद नया मोड़ आ गया है। पहले पुलिस रिकॉर्ड में इस घटना को महज एक इत्तफाकिया दुर्घटना माना गया था, लेकिन अब मृतक की मां की शिकायत, प्रत्यक्षदर्शी के बयान और कथित सीसीटीवी फुटेज के आधार पर अज्ञात सफेद कार चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। मां का आरोप है कि उसका बेटा किसी सामान्य सड़क हादसे का शिकार नहीं हुआ, बल्कि तेज रफ्तार और लापरवाही से कार चला रहे चालक की वजह से उसकी जान गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया है कि बाइक चला रहे युवक ने शुरुआती बयान में कार का जिक्र जानबूझकर नहीं किया, जिससे असली आरोपी बचता रहा। एसपी को शिकायत देने के बाद अब जाकर कार चालक के खिलाफ केस दर्ज हुआ है। एक माह चले इलाज के बाद हुई मौत पुलिस को दी शिकायत में रसूलपुर निवासी महिंद्रो देवी ने बताया कि उनका 26 वर्षीय बेटा रजत कुमार एक अप्रैल को गांव के ही रवि कुमार की बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर कपालमोचन से अपने गांव लौट रहा था। जब वे अस्तबली पीर बाबा की दरगाह के पास पहुंचे तो सामने से तेज रफ्तार सफेद कार बिना हॉर्न दिए और लापरवाही से मोटरसाइकिल के बेहद करीब से निकली। इससे मोटरसाइकिल असंतुलित होकर सड़क पर गिर गई। हादसे में रजत के सिर में गंभीर चोट लगी और वह बेहोश हो गया, जबकि रवि को मामूली चोटें आईं। रजत का पहले यमुनानगर के गाबा अस्पताल में इलाज चला, जहां से उसे पीजीआई चंडीगढ़ रेफर किया गया। पीजीआई में भर्ती नहीं मिलने के बाद उसे कुरुक्षेत्र के आदेश अस्पताल ले जाया गया, जहां करीब एक महीने तक इलाज के बाद 10 मई को उसकी मौत हो गई। परिजनों का आरोप- पहले दी गई थी गलत जानकारी महिंद्रो देवी ने आरोप लगाया कि हादसे के बाद रवि कुमार के बयान पर 11 मई को थाना बिलासपुर में जो रिपोर्ट दर्ज की गई, उसमें घटना को महज इत्तफाकिया दुर्घटना बताया गया और किसी वाहन चालक को जिम्मेदार नहीं ठहराया गया। उनका कहना है कि बाद में प्रत्यक्षदर्शी फूलचंद समेत अन्य लोगों से जानकारी मिली कि हादसा सफेद कार चालक की लापरवाही से हुआ था। उनका आरोप है कि रवि कुमार ने जानबूझकर कार का जिक्र नहीं किया और कार चालक को बचाने की कोशिश की। CCTV फुटेज का भी दावा शिकायतकर्ता का कहना है कि हादसे वाली जगह के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी उन्होंने हासिल की है। फुटेज में कथित तौर पर सफेद कार तेज रफ्तार और लापरवाही से गुजरती दिखाई दे रही है, जिसके कारण बाइक सवार गिर गए। परिजनों का आरोप है कि पुलिस को यह जानकारी देने के बावजूद पहले कोई कार्रवाई नहीं की गई। महिंद्रो देवी ने 12 जून को पुलिस अधीक्षक यमुनानगर को शिकायत देकर मामले की दोबारा जांच और अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। व्यासपुर थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि शिकायत की जांच के बाद इस मामले में अज्ञात सफेद कार चालक के खिलाफ विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।



Source link

कोई जवाब दें

कृपया अपनी टिप्पणी दर्ज करें!
कृपया अपना नाम यहाँ दर्ज करें

Popular Articles