![]()
नूंह जिले के तावडू शहरी क्षेत्र में जिला नगर योजनाकार (डीटीपी) विभाग ने बुधवार को बड़ी कार्रवाई की। विभाग ने करीब छह एकड़ भूमि पर विकसित तीन अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। इस दौरान कई अवैध निर्माण, दुकानें, डीपीसी (प्लिंथ) और कॉलोनियों में बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया गया। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सदर तावडू थाना पुलिस का पर्याप्त बल मौके पर तैनात रहा। डीटीपी विभाग से मिली जानकारी के अनुसार, पहली अवैध कॉलोनी तावडू राजस्व क्षेत्र में लगभग 1.5 एकड़ भूमि पर विकसित की गई थी। यहां विभाग की टीम ने छह अवैध दुकानों को ध्वस्त किया। इसके साथ ही कॉलोनी में बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को भी बुलडोजर से पूरी तरह नष्ट कर दिया गया। कच्चे रास्ते और सड़क नेटवर्क किया ध्वस्त इसके बाद विभाग ने दूसरी अवैध कॉलोनी पर कार्रवाई की, जो करीब दो एकड़ क्षेत्र में फैली थी। इस कॉलोनी में भी बुलडोजर चलाकर अवैध रूप से तैयार किए गए कच्चे रास्तों और सड़क नेटवर्क को ध्वस्त किया गया। यह कार्रवाई भविष्य में किसी भी प्रकार के अवैध निर्माण को रोकने के उद्देश्य से की गई। तीसरी कार्रवाई तावडू क्षेत्र में लगभग 2.5 एकड़ में विकसित एक अन्य अवैध कॉलोनी पर हुई। यहां चार डीपीसी (प्लिंथ) और कॉलोनी के अंदर बनाए गए कच्चे सड़क नेटवर्क को पूरी तरह तोड़ दिया गया। विभाग ने बताया कि यह कार्रवाई हरियाणा सरकार के निर्देशों के तहत अवैध कॉलोनियों पर रोक लगाने और अनधिकृत निर्माण को समाप्त करने के उद्देश्य से की गई है। अवैध कॉलानियों के खिलाफ जारी रहेगा अभियान : बिनेश कुमार डीटीपी बिनेश कुमार ने जानकारी दी कि जिले में बिना स्वीकृति विकसित की जा रही अवैध कॉलोनियों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा। विभाग ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी कॉलोनी में प्लॉट खरीदने या निवेश करने से पहले उसकी वैधता और संबंधित विभाग से मिली मंजूरी की जांच अवश्य कर लें। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि अवैध कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
Source link
नूंह में 3 अवैध कॉलोनियों पर चला बुलडोजर:6 दुकानों और मकानों को ध्वस्त किया, 6 एकड़ में डवलप की जा रही थी







