![]()
कपूरथला की दशमेश नगर कॉलोनी में देर रात शराब ठेकेदार के कारिंदों और एक गुट के बीच हिंसक झड़प हुई। इस दौरान फायरिंग भी हुई, जिसमें ठेकेदार के दो कारिंदे गंभीर रूप से घायल हो गए। उनकी कार भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सिटी थाना एसएचओ अमनदीप नाहर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने मौके से तीन खोल बरामद किए हैं। कपूरथला के शराब ठेकेदार रमन कुमार ने बताया कि उनके कर्मचारी गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह (कार PB-03-AZ-1011) अवैध शराब बिक्री की सूचना पर दशमेश नगर कॉलोनी गए थे। पुलिस जांच में जुटी उनका आरोप है कि अवैध शराब का कारोबार करने वाले कुछ युवकों ने उन पर तेजधार हथियारों से हमला किया और हवाई फायरिंग भी की। हमलावरों ने उनकी कार को भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हमले में गंभीर घायल गुरविंदर सिंह और निंदर सिंह का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है। एसएचओ अमनदीप नाहर ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। उन्होंने यह भी बताया कि दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया है कि हवाई फायरिंग शराब ठेकेदार के कारिंदों की ओर से की गई थी। पुलिस सीसीटीवी फुटेज, घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और दोनों पक्षों के बयानों के आधार पर आगे की कार्रवाई करेगी। जांच पूरी होने और तथ्य सामने आने के बाद कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
Source link
कपूरथला में अवैध शराब को लेकर खूनी संघर्ष:फायरिंग के बीच ठेकेदार के दो कारिंदे घायल, कार तोड़ी; पुलिस ने बरामद किए खोल







