![]()
फरीदाबाद के ओल्ड फरीदाबाद थाना क्षेत्र के सेक्टर-19 राजा गार्डन और गढ़ी मोहल्ला में बच्चों को झांसे में लेकर ठगी करने की दो घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। दोनों मामलों में ठगों ने पहले यह पता लगाया कि माता-पिता घर पर नहीं हैं, फिर बच्चों को डरा-धमकाकर घर में रखे सोने के गहने और नकदी लेकर फरार हो गए। पुलिस को आशंका है कि दोनों वारदातों के पीछे एक ही गिरोह या एक ही ठग का हाथ हो सकता है। पहली घटना सेक्टर-19 राजा गार्डन की है। शिकायतकर्ता अर्जुन सिंह ने बताया कि वह और उनकी पत्नी नौकरी पर गए हुए थे। दोपहर करीब 2:30 बजे उनका 13 वर्षीय बेटा अंश घर के बाहर खड़ा था। तभी लाल रंग की स्कूटी पर सवार एक युवक वहां पहुंचा। उसने अंश से कहा कि उसकी मां को पुलिस पकड़कर ले गई है और पुलिस अब उनके घर भी आने वाली है। आरोपी की बातों में आ गया मासूम आरोपी ने कहा कि उसके पिता ने उसे घर से सोने-चांदी के गहने लेने के लिए भेजा है। मासूम बच्चा उसकी बातों में आ गया और घर में रखे गहनों के बारे में बता दिया। इसके बाद आरोपी घर में रखे करीब एक तोले का सोने का मंगलसूत्र और 5 ग्राम के सोने के कानों के कुंडल लेकर फरार हो गया। शाम को जब अर्जुन सिंह घर लौटे तो बेटे ने पूरी घटना बताई। बच्चे को स्कूटी पर घुमाने ले गया आरोपी वहीं दूसरी घटना गढ़ी मोहल्ला की गली नंबर-1 में हुई। शिकायतकर्ता प्रकाश कुमार और उनकी पत्नी भी नौकरी पर गए हुए थे। घर पर उनकी 13 वर्षीय बेटी पीहू और 11 वर्षीय बेटा लक्ष्य मौजूद थे। दोपहर करीब 2 बजे एक स्कूटी सवार युवक लक्ष्य को अपने साथ सेक्टर-18 स्थित वाल्मीकि पार्क तक घुमाने ले गया। इसी दौरान दूसरा व्यक्ति घर पहुंचा और खुद को प्रकाश कुमार की कंपनी का मैनेजर बताया। स्कूल बैग में डालकर दिए जेवर और कैश उसने पीहू से कहा कि उसके पिता को पुलिस ने पकड़ लिया है और यदि घर में रखे गहने व पैसे पुलिस को मिल गए, तो उन्हें जेल भेज दिया जाएगा। डरी हुई बच्ची उसकी बातों में आ गई और अलमारी में रखे दो जोड़ी सोने के टॉप्स, दो जोड़ी झुमके, एक टिक्का, एक नथ, एक मंगलसूत्र, एक सोने का लॉकेट, एक अंगूठी तथा 15 हजार रुपए नकद स्कूल बैग में रखकर आरोपी को दे दिए। सीसीटीवी खंगालने में जुटी पुलिस कुछ देर बाद बच्ची ने अपने परिजनों को फोन कर पूरी घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही दोनों परिवारों ने पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने केस दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में माना जा रहा है कि दोनों वारदातों को एक ही गिरोह या एक ही ठग ने अंजाम दिया है।
Source link
फरीदाबाद में बच्चों को झांसा देकर जेवर ले उड़ा ठग:बोला- मम्मी-पापा को पुलिस पकड़ ले गई; गिरोह पर शक







