![]()
हरियाणा के नारनौल के साथ लगते राजस्थान के कोटपूतली में सड़क पर साइड देने को लेकर हरियाणा रोडवेज की चरखी दादरी डिपो की बस के कंडक्टर और एक डंपर ड्राइवर के बीच विवाद हो गया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। बीच सड़क हुई धक्का-मुक्की का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हालांकि, दैनिक भास्कर वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता। मंगलवार सुबह दादरी डिपो की बस नारनौल होते हुए जयपुर जा रही थी। कोटपूतली में करीब 8:50 बजे सड़क पर आगे और पीछे दो बसें खड़ी हो गईं। साइड देने पर हुआ था विवाद इसी दौरान एक बंद डंपर को निकालने के दौरान साइड देने को लेकर विवाद शुरू हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पहले दोनों पक्षों के बीच तीखी बहस हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला हाथापाई तक पहुंच गया। अभद्र भाषा का प्रयोग किया आरोप है कि रोडवेज बस के कंडक्टर ने डंपर ड्राइवर के साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इसके बाद बस रुकने पर कंडक्टर और उसके साथ मौजूद कुछ अन्य लोगों ने डंपर ड्राइवर के साथ धक्का-मुक्की और मारपीट की। वायरल वीडियो में बनियान पहने डंपर ड्राइवर को धक्का देकर सड़क पर गिराते हुए देखा जा सकता है। राहगीरों ने किया बीच-बचाव घटना के समय बस में बड़ी संख्या में यात्री सवार थे। सड़क पर अचानक हुए हंगामे से कुछ देर के लिए माहौल गर्म हो गया। राहगीरों और स्थानीय लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। किसी ने शिकायत नहीं दी फिलहाल, किसी भी पक्ष की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराए जाने की पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि यदि शिकायत मिलती है तो वायरल वीडियो और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Source link
हरियाणा के रोडवेज कंडक्टर का राजस्थान में विवाद:डंपर ड्राइवर के साथ मारपीट का VIDEO वायरल; साइड देने को लेकर हुई थी कहासुनी







