लुधियाना में एसआईआर के फार्म भरने के लिए मतदाताओं से जानकारी लेते हुए बीएलओ जसविंदर सिंह।
पंजाब में इलेक्शन कमीशन ने स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) शुरू करवा दिया। BLO घर-घर जाकर इन्यूमरेशन फार्म दे रहे हैं। मतदाताओं को फार्म भरकर उसे फिर बीएलओ को वापस करना है। ज्यादातर लोगों को फार्म भरने का तरीका ही पता नहीं चल रहा है।
.
ऐसे में बीएलओ को खुद फार्म भरने पड़ रहे हैं। बीएलओ जसविंदर सिंह का कहना है कि यह फार्म भरना बेहद आसान है। इसे बस समझने की जरूरत है। उन्होंने बताया कि फार्म को तीन हिस्सों में भरा जाना है।
पहले हिस्से यानि फार्म के लेफ्ट पार्ट को वो मतदाता भरेंगे जिनका नाम 2003 की मतदाता सूची में है यानि जिनकी उम्र कम से कम 40 साल है। वहीं राइट हिस्सा 40 या उससे कम वाली उम्र के लोगों को भरना पड़ेगा। जबकि तीसरा पार्ट सभी को भरना होगा।
वहीं अगर आप एसआईआर का इन्यूमरेशन फार्म लोग ऑनलाइन भी भर सकते हैं। इसके लिए चुनाव आयोग की वेबसाइट पर जाकर इन्युमरेशन कॉलम को क्लिक करना होगा। वहां पर नाम, फोन नंबर और EPIC नंबर रजिस्टर करने के बाद इसे फार्म को ऑनलाइन भरा जा सकेगा।

SIR का इन्यूमिरेशन फार्म घर में कैसे भरें, जानिए:-
स्टेप 1: ऊपरी हिस्सा
फॉर्म के सबसे ऊपरी हिस्से पर आपके क्षेत्र के बीएलओ (BLO) का नाम, उनका मोबाइल नंबर और आपके परिवार के मुख्य सदस्य का विवरण (जैसे नाम, पता और पुराना वोटर आईडी नंबर) पहले से ही प्रिंटेड है। इसके साथ सुरक्षा के लिए एक क्यूआर कोड और फोटो भी लगी है। इस हिस्से में आपको अपनी तरफ से कुछ भी नहीं लिखना है।
स्टेप 2: लेफ्ट कॉलम (पुराने वोटरों के लिए)
यह फॉर्म का पहला मुख्य हिस्सा है। यह केवल उन लोगों के लिए है जिनका नाम पहले से ही वोटर लिस्ट में है यानि जिनका नाम 2003 की वोटर लिस्ट में है। वोटर का नाम, वोटर कार्ड नंबर, रिश्तेदार का नाम और संबंध, अपने पिता या पति का नाम लिखें और बगल वाले बॉक्स में संबंध दर्ज करें। आप पुरुष हैं या महिला, आपकी वर्तमान उम्र क्या है, और आपके विधानसभा क्षेत्र का नाम क्या है, इसे यहां भरें। इसके नीचे दिए गए छोटे चौकोर खानों में आपको अपना पुराना विधानसभा नंबर, भाग नंबर (Part No.) और लड़ी नंबर (Serial No.) भरना है, जो आपके पुराने वोटर कार्ड पर आसानी से मिल जाएगा।
स्टेप 3: दायां कॉलम – नए वोटरों के लिए
यह फॉर्म का दूसरा सबसे महत्वपूर्ण हिस्सा है। यह कॉलम केवल उस व्यक्ति के लिए है जिसका नाम साल 2003-2004 की पिछली मतदाता सूची में नहीं है। उदाहरण के लिए घर की नई बहू, 18 वर्ष से ऊपर हो चुके युवा, या ऐसे लोग जिनका नाम पुरानी लिस्ट में छूट गया था वो फार्म के इस हिस्से को भरेंगे। उस नए सदस्य का नाम, उम्र, मेल-फीमेल और विधानसभा क्षेत्र का नाम लिखें।
इनका पुराना वोटर आईडी कार्ड नहीं बना है, इसलिए वोटर कार्ड नंबर वाले स्थान को पूरी तरह खाली छोड़ दें या उसमें लागू नहीं (N/A) लिख दें। इस कॉलम के नीचे बने छोटे खानों में परिवार के उसी मुखिया का भाग संख्या और लड़ी संख्या लिख दें, जो बाईं तरफ प्रिंटेड है। ऐसा करने से इस नए सदस्य का नाम सीधे आपके परिवार के साथ लिंक हो जाएगा। यदि परिवार में कोई नया सदस्य नहीं है, तो इस पूरे दाएं कॉलम को खाली छोड़ दें।
स्टेप 4: तीसरा हिस्सा
फॉर्म का यह तीसरा हिस्सा सबसे नीचे की तरफ है और इसे सभी आवेदकों को सही और सटीक भरना ज़रूरी है। इसमें आपकी नई और अपडेटेड जानकारी मांगी गई है। जन्मतिथि, आधार नंबर, मोबाइल नंबर दर्ज करें ताकि चुनाव आयोग से आने वाले सभी जरूरी मैसेज और अपडेट आपको मिल सकें। इसके बाद नीचे दिए गए खानों में अपनी माता का नाम, पिता का नाम और यदि विवाहित हैं तो पति या पत्नी का नाम साफ अक्षरों में लिखें। यदि उनके वोटर कार्ड बने हुए हैं, तो साथ वाले बॉक्स में उनके वोटर कार्ड नंबर भी दर्ज करें।
स्टेप 5: घोषणा और हस्ताक्षर
पूरा विवरण भरने के बाद फॉर्म के अंत में एक कानूनी घोषणा लिखी है। इसके ठीक नीचे “वोटर या परिवार के किसी भी अन्य वयस्क सदस्य के हस्ताक्षर…” का स्थान दिया गया है। यहां पर आपको अपने हस्ताक्षर करने हैं या अपने अंगूठे का निशान लगाना है और साथ में तारीख लिखनी है।

इन्यूमिरेशन फार्म ऑनलाइन कैसे भरें:-
- स्टेप 1: आधिकारिक पोर्टल या ऐप पर जाएं: सबसे पहले अपने मोबाइल या कंप्यूटर के ब्राउज़र में चुनाव आयोग का मुख्य पोर्टल voters.eci.gov.in खोलें। पंजाब के नागरिक सीधे राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी (CEO) की आधिकारिक वेबसाइट ceopunjab.nic.in पर भी जा सकते हैं। यदि आप मोबाइल यूजर हैं, तो गूगल प्ले स्टोर या एप्पल ऐप स्टोर से चुनाव आयोग का आधिकारिक Voter Helpline App डाउनलोड करें।
- स्टेप 2: लॉग-इन या रजिस्ट्रेशन करें: पोर्टल पर जाने के बाद आपको अपने मोबाइल नंबर की मदद से लॉग-इन करना होगा। यदि आप पहली बार इस वेबसाइट पर आए हैं, तो ‘Sign-Up’ बटन पर क्लिक करके अपना मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी डालकर एक नया अकाउंट (पासवर्ड) बना लें।
- स्टेप 3: स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन (SIR) लिंक को चुनें: लॉग-इन करते ही होमपेज पर आपको “Special Intensive Revision (SIR) – Enumeration Form” या “S.I.R. Entry Portal” का एक विशेष बैनर/लिंक दिखाई देगा, उस पर क्लिक करें। इसके लिए EPIC नंबर देना होगा। इसके बाद यहां आपके सामने डिजिटल गणना फॉर्म खुल जाएगा।
- स्टेप 4: परिवार के पुराने सदस्यों का विवरण : पोर्टल पर सबसे पहले आपको अपने राज्य, जिला और विधानसभा क्षेत्र का चयन करना होगा। यदि आपका नाम पहले से वोटर लिस्ट में है, तो अपना वोटर आईडी (EPIC) नंबर दर्ज करें। नंबर डालते ही कंप्यूटर स्क्रीन पर बाएं हिस्से में आपका पुराना डेटा अपने आप दिखाई देने लगेगा। इसे सत्यापित (Verify) करें।
- स्टेप 5: नए सदस्यों का डेटा जोड़ें : यदि परिवार में किसी नई बहू या 18 साल के युवा का नाम जोड़ना है (जिनका नाम 2003 की पुरानी लिस्ट में नहीं था), तो नीचे दिए गए “Add Family Member” या “New Enumeration Entry” वाले विकल्प पर क्लिक करें। यहां उस नए सदस्य का नाम, उम्र, लिंग और परिवार के मुखिया से उनका संबंध (जैसे बेटा, बेटी, पत्नी) ऑनलाइन टाइप करें।
- स्टेप 6: आधार, मोबाइल नंबर और पारिवारिक विवरण भरें : अब फॉर्म के तीसरे हिस्से में आएं। यहां सदस्य का 12 अंकों का आधार नंबर और चालू मोबाइल नंबर दर्ज करें। इसके बाद माता, पिता या पति/पत्नी का नाम और उनके वोटर आईडी कार्ड का नंबर दिए गए बॉक्स में टाइप करें।
- स्टेप 7: दस्तावेज अपलोड और सबमिट करें: ऑनलाइन फॉर्म का सबसे बड़ा फायदा यह है कि आपको कागजात हाथ में लेकर नहीं घूमने पड़ते। अपने मोबाइल से फोटो खींचकर या पीडीएफ (PDF) फॉर्मेट में निम्नलिखित दस्तावेज अपलोड करें।
फॉर्म सबमिट करने के बाद क्या होगा जैसे ही आप ऑनलाइन फॉर्म सबमिट करेंगे, स्क्रीन पर एक रेफरेंस नंबर या रसीद दिखाई देगी। इसका स्क्रीनशॉट ले लें या इसे नोट कर लें। यह डिजिटल फॉर्म सीधे आपके क्षेत्र के बीएलओ (BLO) के मोबाइल ऐप (Voter Mitra / ECI ऐप) पर ट्रांसफर हो जाएगा। बीएलओ आपके घर आकर केवल एक बार फिजिकल वेरिफिकेशन करेंगे और आपकी वोट को डिजिटली मैप कर दिया जाएगा।
************ ये खबर भी पढ़ें…
पंजाब चुनाव से पहले SIR, क्या हर वोटर की वेरिफिकेशन होगी, किराएदारों का क्या होगा? सब कुछ जानिए

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले वोटर सूची अपडेट करने के लिए आज (25 जून) से स्पेशल इंटेंसिव रिविजन यानी SIR अभियान शुरू हो रहा है। इसमें करीब 25 हजार BLO घर-घर जाकर वोटर्स की वेरिफिकेशन करेंगे। SIR से पहले चुनाव आयोग ने वोटरों की मैपिंग की।
जिसमें पंजाब के 2.14 करोड़ में से 1.84 करोड़ (86.02%) मैप हो चुके हैं। इनकी अब वेरिफिकेशन होगी। वहीं 30 लाख (13.98%) वोटर्स नहीं मिले। इनके घरों पर BLO स्पेशल स्टीकर चिपकाकर आएंगे। SIR की पूरी प्रक्रिया क्या है, कितनी फीस लगेगी, क्या वोटर कार्ड होना जरूरी है, क्या किरायेदार भी SIR में शामिल हो सकते हैं, ऐसे ही इस प्रक्रिया से जुड़े हर सवाल का जवाब जानने के लिए (पढ़ें पूरी खबर)







