![]()
पंचकूला पुलिस में तैनात एसपीओ विजय कुमार की बेटी शनन ढाका भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट बन गई हैं। पंचकूला पुलिस विभाग की ओर से वीरवार को पुलिस कमिश्नर ऑफिस में सम्मानित किया गया। शनन ढाका का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित वर्ष 2021 की NDA परीक्षा के माध्यम से हुआ था। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले के बाद पहली बार लड़कियों को NDA में प्रवेश का अवसर मिला था। शनन ने पहले ही प्रयास में ऑल इंडिया रैंक (AIR)-10 हासिल की और लड़कियों की श्रेणी में देशभर में पहला स्थान प्राप्त कर इतिहास रच दिया। चार साल का कठिन प्रशिक्षण पूरा कर बनीं सेना अधिकारी चार वर्षों के कठोर सैन्य प्रशिक्षण के बाद 13 जून को देहरादून स्थित इंडियन मिलिट्री अकेडमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के दौरान शनन ढाका भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट के रूप में कमीशन हुईं। इसके बाद पंचकूला स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय में उनके सम्मान में कार्यक्रम आयोजित किया गया। पुलिस आयुक्त ने किया सम्मानित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त पंकज नैन ने शनन ढाका को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया और देशभक्ति, समर्पण तथा कर्तव्यनिष्ठा के साथ राष्ट्र सेवा करने के लिए शुभकामनाएं दीं। वहीं डीसीपी सृष्टि गुप्ता और डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह ने भी प्रशंसा-पत्र व स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। अधिकारियों ने कहा कि शनन की सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने साबित किया है कि दृढ़ संकल्प और कठिन परिश्रम के दम पर कोई भी लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। तीन पीढ़ियों से सेना से जुड़ा परिवार मूल रूप से हरियाणा के रोहतक में सुंडाना गांव की रहने वाली शनन ढाका ऐसे परिवार से ताल्लुक रखती हैं, जिसकी तीन पीढ़ियां भारतीय सेना से जुड़ी रही हैं। उनके दादा चंद्रभान ढाका सेना में सेवाएं दे चुके हैं। पिता विजय कुमार भी भारतीय सेना का हिस्सा रहे हैं और वर्तमान में पंचकूला पुलिस में एसपीओ के रूप में कार्यरत हैं। परिवार की देशसेवा की परंपरा यहीं नहीं रुकती। शनन की बड़ी बहन जुनून ढाका वर्तमान में मिलिट्री नर्सिंग सर्विस में कैप्टन के पद पर तैनात हैं। अब शनन ढाका ने सेना में अधिकारी बनकर इस विरासत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया है।
Source link
NDA-पहली गर्ल्स टॉपर लेफ्टिनेंट शनन ढाका पहुंची पंचकूला:पुलिस में SPO हैं पिता, कमिश्नर-DCP ने किया सम्मानित, सेना से जुड़ी हैं तीनों पीढ़ियां







