![]()
करनाल के बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर वीरवार को दोपहर दो बजे से नई व्यवस्था लागू कर दी गई, जिसके तहत अब वाहनों को टोल प्लाजा पर रुकने की जरूरत नहीं होगी। मल्टी लेन फ्री फ्लो (एमएलएफएफ) सिस्टम लागू होने के बाद यहां से गुजरने वाले वाहन सीधे अपनी रफ्तार में निकलेंगे और टोल टैक्स अपने आप फास्टैग से कट जाएगा। नई व्यवस्था से समय और ईंधन की बचत के साथ टोल पर होने वाले विवादों से भी राहत मिलेगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण की पीडी आकृति गुप्ता और अन्य अधिकारियों की अगुवाई में इस सिस्टम को शुरू किया गया। अधिकारियों के अनुसार ट्रायल के दौरान किसी प्रकार की परेशानी सामने नहीं आई थी और अब लागू करने के बाद भी यातायात सुचारू रूप से चल रहा है। अब नहीं होंगे टोल बूथ और बैरियर नई व्यवस्था के तहत टोल प्लाजा पर न तो कोई बूथ रहेगा और न ही बैरियर। यहां मौजूद स्टाफ भी अब केवल तकनीकी और सुरक्षा से जुड़ा रहेगा। किसी वाहन को रोककर जांच या आईडी देखने की व्यवस्था खत्म कर दी गई है, जिससे वाहनों का आवागमन पूरी तरह स्मूथ हो गया है। लोकल वाहन ड्राइवरों के लिए नया नियम टोल पर अब लोकल आईडी मान्य नहीं होगी। स्थानीय वाहन ड्राइवरों को 350 रुपए का मासिक पास बनवाना अनिवार्य किया गया है। बिना पास या फास्टैग के वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। क्या है एमएलएफएफ सिस्टम टोल प्लाजा के ऑपरेशन मैनेजर प्रदीप मलिक ने बताया कि मल्टी लेन फ्री फ्लो एक आधुनिक टोल वसूली प्रणाली है। इसमें वाहनों को रुकना नहीं पड़ता। सड़क पर लगे कैमरे और सेंसर वाहन की नंबर प्लेट को स्कैन करते हैं और टोल सीधे फास्टैग या बैंक खाते से कट जाता है। शुरुआत की तारीख में हुआ बदलाव इस सिस्टम को पहले 24 जून रात 12 बजे लागू किया जाना था। बाद में तकनीकी कारणों और ट्रायल के चलते इसे 25 जून सुबह 8 बजे करने की योजना बनी, लेकिन अंततः इसे वीरवार को दोपहर दो बजे शुरू किया गया। कैसे करेगा काम हाईवे पर हाई रेजोल्यूशन कैमरे और सेंसर लगाए गए हैं, जो हर वाहन की नंबर प्लेट को पढ़ते हैं। फास्टैग से लिंक होने पर टोल अपने आप कट जाता है। जिन वाहनों में फास्टैग नहीं होगा या बैलेंस नहीं होगा, उन्हें ई-चालान भेजा जाएगा। यात्रियों को मिलेंगे ये फायदे नई व्यवस्था से टोल पर लंबी कतारें खत्म होंगी। वाहन चालकों का समय बचेगा और ईंधन की खपत कम होगी। साथ ही ट्रैफिक जाम में कमी आएगी और टोल को लेकर होने वाले विवाद भी समाप्त होंगे। इन नियमों का रखना होगा ध्यान सभी वाहनों पर फास्टैग अनिवार्य रहेगा और उसमें पर्याप्त बैलेंस होना जरूरी है। नंबर प्लेट साफ और निर्धारित मानकों के अनुसार होनी चाहिए। नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माना लगाया जाएगा। शुरुआती चुनौतियां भी सामने अधिकारियों के अनुसार कई वाहन चालकों के फास्टैग अपडेट नहीं हैं और कुछ की नंबर प्लेट भी मानकों के अनुसार नहीं है। ग्रामीण और स्थानीय लोगों को नई प्रणाली समझने में समय लग सकता है। इसलिए किसी भी परेशानी से बचने के लिए मानकों के अनुसार कार्य करें। प्रशासन ने की पूरी तैयारी टोल प्लाजा पर नई तकनीक आधारित गैंट्री लगाए गए हैं और पहले ट्रायल रन भी किए गए। लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया गया ताकि नई व्यवस्था को आसानी से लागू किया जा सके। आधुनिक व्यवस्था की ओर बड़ा कदम बस्ताड़ा टोल पर एमएलएफएफ सिस्टम लागू होने से सफर पहले से ज्यादा तेज और आसान हो जाएगा। शुरुआती दिक्कतों के बाद यह व्यवस्था ट्रैफिक और टोल प्रबंधन को आधुनिक बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
Source link
करनाल के बस्ताड़ा टोल प्लाजा पर MLFF सिस्टम शुरू:अब वाहन बिना रुके गुजरेंगे, फास्टैग से ऑटोमैटिक कटेगा टोल टैक्स







