![]()
लुधियाना जिले के गांव माणूंके में एक घर के बाहर वीरवार देर रात हुई फायरिंग के मामले में पुलिस ने 4 आरोपियों के खिलाफ थाना हठूर में मामला दर्ज किया है। पुलिस ने इस घटना में 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जिन्हें अदालत में पेश कर 2 दिन का पुलिस रिमांड हासिल किया गया है। आरोपियों की पहचान चकर निवासी गुरमनजोत सिंह और माणूंके गांव निवासी मनजिंदर सिंह, सुंदर सिंह तथा दलवीर सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सुंदर सिंह और दलवीर सिंह को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों से वारदात में इस्तेमाल हथियार और बाइक की बरामदगी के लिए पूछताछ की जा रही है। एएसआई कुलवंत सिंह ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि जांच के दौरान कई अहम तथ्य सामने आए हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार, 10 जून की रात गुरमनजोत सिंह ने उसे फोन कर जान से मारने और गोली मारने की धमकी दी थी। शिकायतकर्ता का आरोप है कि उसी कॉल के दौरान माणूंके गांव का परमिंदर सिंह भी उसके साथ मिलकर धमकियां दे रहा था। धमकियों से भयभीत होकर शिकायतकर्ता उस रात अपने एक दोस्त के घर जाकर सो गया। लेकिन 11 जून की देर रात उसकी बहन ने फोन कर बताया कि कुछ युवक उनके घर के बाहर खड़े होकर फायरिंग कर रहे हैं। सूचना मिलने के बाद परिवार ने घर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। सीसीटीवी फुटेज में सामने आया कि बाइक पर सवार 3 युवक घर के बाहर आए थे। जांच में पता चला कि गुरमनजोत सिंह ने कथित तौर पर अपनी पिस्तौल से घर के गेट पर फायरिंग की, जबकि मनजिंदर सिंह ने गेट पर ईंटें और पत्थर फेंके। तीसरा आरोपी बाइक पर बैठकर दोनों का सहयोग करता रहा। सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज शिकायतकर्ता की शिकायत और उपलब्ध सबूतों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया है। फिलहाल दो आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि फरार आरोपियों की तलाश में छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और जल्द ही अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
Source link
लुधियाना फायरिंग मामले में 2 आरोपी अरेस्ट:घटना में इस्तेमाल हथियार-बाइक का नहीं लगा सुराग; CCTV में वारदात हो चुकी कैद







