![]()
यमुनानगर के कांसापुर की भगवती कॉलोनी में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के पुश्तैनी सोने और नकदी पर हाथ साफ कर दिया। वारदात उस समय हुई जब सब्जी मंडी के आढ़ती लक्की सचदेवा अपने परिवार के साथ उज्जैन में महाकाल के दर्शन करने गए हुए थे। चोर घर के रोशनदान को तोड़कर अंदर दाखिल हुए और पूरे घर को खंगालने के बाद करीब 30 तोले सोना तथा 50 हजार रुपये की नकदी लेकर फरार हो गए। सूचना मिलते ही फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और मौके पर छानबीन की। तसल्ली से पूरे की ली तलाशी लक्की सचदेवा ने बताया कि वे 5 जून को परिवार सहित उज्जैन गए थे। इस दौरान उनका मकान बंद था। देर रात पड़ोसियों की नजर घर के टूटे हुए तालों पर पड़ी तो उन्होंने तुरंत उसे फोन कर इसकी सूचना दी। परिवार के लौटने पर देखा गया कि घर का रोशनदान टूटा हुआ था और अंदर का सामान पूरी तरह अस्त-व्यस्त पड़ा था। रोशनदान को पहले पीवीसी शीट लगाकर बंद किया गया था, जिसे तोड़कर चोर घर में घुसे। इसके बाद उन्होंने कमरों में रखी अलमारियों, बैड बॉक्स और अन्य सामान को एक-एक कर खंगाला। चोरों ने बड़ी तसल्ली से पूरे घर की तलाशी ली और बैड में रखे करीब 30 तोले पुश्तैनी सोने के जेवर तथा 50 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी हुए सोने की कीमत करीब 45 लाख रुपये है। सीसीटीवी फुटेज में नजर आए संदिग्ध घटना की सूचना मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। प्रारंभिक जांच में एक फुटेज में एक युवक हाथ में सरिया लेकर गली में घूमता दिखाई दिया, जबकि एक अन्य संदिग्ध युवक भी नजर आया। यह गतिविधि रात करीब सवा 12 बजे की बताई जा रही है। इसके अलावा दो युवक बाइक पर गली में चक्कर लगाते हुए भी कैमरे में कैद हुए हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
Source link
यमुनानगर में रोशनदान तोड़कर घर में घुसे चोर:45 लाख का पुश्तैनी सोना व नकदी चुराई, महाकाल दर्शन के लिए गया था परिवार







