![]()
मोहाली के खरड़-लांडरा रोड स्थित एसबीपी नॉर्थ वैली सोसाइटी में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक टावर नंबर-3 की दसवीं मंजिल से नीचे गिर गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह आत्महत्या का मामला है या कोई दुर्घटना। जानकारी के मुताबिक, मामला मंगलवार और बुधवार की मध्यरात्रि करीब 12:25 बजे का है। सोसाइटी में अचानक एक जोरदार आवाज सुनाई दी, जिसे सुनकर स्थानीय निवासी पार्किंग क्षेत्र की ओर पहुंचे। इस दौरान उन्हें एक युवक का शव पड़ा मिला। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक के कानों में हेडफोन लगे हुए थे। नेटवर्क केबल की चपेट में आ गया युवक उसके पास एक पिट्ठू बैग भी गिरा हुआ था, जिसमें पानी की बोतल थी। उसका मोबाइल फोन उसकी जेब में सुरक्षित पाया गया और उसने चप्पल पहन रखी थी। स्थानीय लोगों ने बताया कि युवक ऊपर से गिरते समय इमारत के बाहरी हिस्से से गुजर रही एक नेटवर्क केबल की चपेट में आ गया था। CCTV में रिकॉर्ड हुई घटना टक्कर लगने से केबल टूट गई और वह भी जमीन पर आ गिरी। मृतक की उम्र लगभग 35 वर्ष बताई जा रही है। वह पिछले 3-4 महीनों से सोसाइटी में किराए के फ्लैट में रह रहा था। फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है। फुटेज में युवक को ऊंचाई से गिरते हुए देखा गया है। पुलिस ने सीसीटीवी रिकॉर्डिंग अपने कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर होगा खुलासा सूचना मिलने पर पुलिस रात करीब 2:15 बजे घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल अस्पताल खरड़ की मोर्चरी में रखवा दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत के कारणों को लेकर अभी कोई आधिकारिक निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट, सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस मृतक की पहचान और घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।
Source link
मोहाली में 10वीं मंजिल से गिरा युवक, मौत:कानों में लगे हेडफोन, पास पड़ा था पिट्ठू बैग; लोग बोले- नेटवर्क केबल की चपेट में आया







