![]()
हरियाणा के पानीपत में युवक ने पुलिस की एंटी नारकोटिक सेल (ANC) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। सनौली रोड स्थित एक होटल में जुआ खेलने के आरोप में पकड़े गए युवक का दावा है कि पुलिस ने मौके से 4 नहीं, बल्कि 19 युवकों को हिरासत में लिया था। इनमें से 15 युवकों को लाखों रुपए की रिश्वत लेने के बाद छोड़ दिया गया। युवक ने यह भी आरोप लगाया कि उसे समेत चार युवकों को थाने में निर्वस्त्र (नग्न) कर बेरहमी से पीटा गया। जिस व्यक्ति ने मामले की मुखबिरी की थी, पुलिसकर्मियों ने उसे वीडियो कॉल कर पूरी मारपीट भी दिखाई। मामला सामने आने के बाद SP भूपेंद्र सिंह ने कॉन्स्टेबल सुनील को तत्काल प्रभाव से लाइनहाजिर कर दिया है और पूरे मामले की विभागीय जांच के आदेश दिए हैं। युवकों ने DGP को लेटर लिखकर मारपीट करने वाले पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है। जानिए युवक ने क्या आरोप लगाए…. 31 मई को पुलिस ने रेड की मुख्य शिकायतकर्ता सोनू कोहली ने बताया कि 31 मई की रात वह अपने साथियों के साथ सनौली रोड स्थित होटल में मौजूद था। इसी दौरान एंटी नारकोटिक सेल की टीम ने वहां छापा मारा। पुलिस ने आधिकारिक रिकॉर्ड में सिर्फ 4 युवकों की गिरफ्तारी और 36,600 रुपए नकद बरामदगी दिखाई है, जबकि वास्तव में मौके से 19 युवकों को पकड़ा गया था और करीब डेढ़ लाख रुपए नकद बरामद किए गए थे। पीछे के गेट से ऑफिस लेकर गई टीम सोनू का आरोप है कि होटल में पहुंचते ही पुलिसकर्मियों ने नाम पूछ-पूछकर बेरहमी से पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद सभी 19 युवकों को समालखा अनाज मंडी स्थित एएनसी कार्यालय ले जाया गया। टीम उन्हें मुख्य गेट से ले जाने की बजाय पिछले दरवाजे से अंदर लेकर गई। वहां पहुंचने के बाद 4 युवकों को अलग कर दिया गया। मुखबिर को वीडियो कॉल पर पिटाई दिखाई सोनू का आरोप है कि इसी दौरान सुनील नाम के एक पुलिसकर्मी ने मुखबिर को वॉट्सएप वीडियो कॉल की और करीब आधे घंटे तक वीडियो कॉल चालू रखी। पुलिसकर्मियों ने युवकों को निर्वस्त्र कर दिया और गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की, ताकि वीडियो कॉल पर मुखबिर को उनकी हालत दिखाई जा सके। 15 युवकों को रिश्वत लेने के बाद छोड़ा सोनू ने आरोप लगाया कि रात करीब 2 बजे पुलिस ने पकड़े गए 19 युवकों में से 15 को रिश्वत लेने के बाद छोड़ दिया। मेरे अलावा, राकेश, नवजीश और जोगराज का मोबाइल भी अपने कब्जे में ले लिए। सुबह उन्हें धमकी देकर छोड़ दिया गया। चांदनी बाग थाने में मामला दर्ज कर किया गया। पुलिस ने बाद में जब उन्होंने होटल प्रबंधन से सीसीटीवी फुटेज हासिल करने की कोशिश की तो पता चला कि होटल की डीवीआर भी पुलिस अपने साथ ले गई थी। समझौते का दबाव बनाया जा रहा सोनू का आरोप है कि कार्रवाई शुरू होने के बाद अब उन पर शिकायत वापस लेने और समझौता करने का दबाव बनाया जा रहा है। उनका यह भी दावा है कि कथित तौर पर ली गई रिश्वत की रकम वापस करने का लालच देकर मामला दबाने की कोशिश की जा रही है। सिक्योरिटी इंचार्ज बोले- विभागीय जांच शुरू जिला सिक्योरिटी इंचार्ज राकेश ने बताया कि शिकायतकर्ता सोनू ने उन्हें लिखित शिकायत दी थी। उन्होंने सोनू को अगले दिन कंप्लेंट ब्रांच से शिकायत की पावती रसीद लेने के लिए आने को कहा था। हालांकि, सोनू दोबारा नहीं आया। शिकायत मिलने के बाद मामले की जानकारी तुरंत एसपी को दे दी गई थी। इसके बाद कॉन्स्टेबल सुनील को लाइनहाजिर कर दिया गया और मामले की विभागीय जांच शुरू कर दी गई। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
Source link
'19 युवक रेड में पकड़े, 15 रिश्वत लेकर छोड़े':पानीपत में युवक बोला- हमें नंगा कर पीटा, मुखबिर को वीडियो कॉल पर दिखाया; कॉन्स्टेबल लाइनहाजिर







