![]()
पानीपत के थाना चांदनी बाग क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले कत्याल गार्डन के सामने साई कॉलोनी गली में दो सगे भाइयों को चाकू मारने वाले मुख्य आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने मुख्य आरोपी निखिल सहित उसके एक नाबालिग साथी को शनिवार को साई कॉलोनी से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने नाबालिग आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया है। छोटा हाथी बैक करने को लेकर हुआ था झगड़ा, पेट में घोंपा चाकू थाना चांदनी बाग प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि साई कॉलोनी निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि बीती 25 मई की शाम करीब 7:20 बजे वह अपना फोर व्हीलर (छोटा हाथी) लेकर घर लौट रहा था। जब वह कत्याल गार्डन के नजदीक गाड़ी को बैक करके मोड़ रहा था, तो उसने वहां खड़े एक लड़के से पीछे देखने के लिए कहा। इस बात पर उस लड़के ने गाली-गलौज शुरू कर दी और तैश में आकर रामकुमार का रास्ता रोक लिया। विरोध करने पर आरोपी लड़के ने सीधे रामकुमार के पेट पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। भाई बचाने आया तो उस पर भी किए कई वार, दी जान से मारने की धमकी रामकुमार को लहूलुहान देख जब उसका भाई अशोक उसे बचाने के लिए दौड़ा, तो हमलावर लड़के के साथ उसका साथी निखिल भी वहां आ गया। दोनों आरोपियों ने मिलकर अशोक पर भी चाकू से कई वार किए और डंडों से जमकर पिटाई की। झगड़े का शोर सुनकर निखिल और उस लड़के के परिवार के सदस्य सोनू, मोनू व घर की अन्य औरतें भी लाठी-डंडे लेकर वहां पहुंच गईं। जब मौके पर कॉलोनी के अन्य लोगों की भीड़ जुटने लगी, तो आरोपी निखिल और उसके साथी ने धमकी दी कि इस बार तो बच गए, लेकिन आगे कभी मिले तो जान से मार देंगे और मौके से फरार हो गए। परिजनों ने घायल दोनों भाइयों को इलाज के लिए तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुरानी कहासुनी का मजा चखाना चाहते थे आरोपी, कोर्ट के आदेश पर भेजे गए जेल थाना प्रभारी इंस्पेक्टर संदीप ने बताया कि रामकुमार की शिकायत पर पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(3), 109(1), 118, 126(2) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। शनिवार को पुलिस ने दोनों आरोपियों को साई कॉलोनी से दबोच लिया। पूछताछ में आरोपी निखिल ने कबूल किया कि कुछ दिन पहले उसके नाबालिग साथी की रामकुमार के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी, जिसका बदला लेने और मजा चखाने के लिए वे घात लगाकर खड़े थे।
Source link
पानीपत में दो सगे भाइयों पर चाकूओं से हमला:मामूली कहासुनी का बदला लेने के लिए पेट में घोंपा था चाकू; नाबालिग समेत दो गिरफ्तार







